होम / टेक वर्ल्ड / AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी
AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी
मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया। जियो सस्ता और सुलभ इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगा, जिससे भारत को इंटेलिजेंस के नए युग से जोड़ने की तैयारी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 17 hours ago
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नए दौर से जोड़ने के लिए बड़ा रोडमैप पेश किया है। नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में बोलते हुए उन्होंने घोषणा की कि रिलायंस और जियो अगले सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। यह निवेश भारत में इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने और देश को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जाएगा।
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो ने पहले भारत को इंटरनेट के दौर से जोड़ा था और अब जियो देश को इंटेलिजेंस के दौर से जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि जियो का लक्ष्य हर नागरिक, अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र और सामाजिक विकास के हर पहलू तक इंटेलिजेंस पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि जियो उसी तरह AI की लागत कम करेगा, जैसे उसने मोबाइल डेटा को सस्ता बनाया था।
उन्होंने कहा कि यह निवेश किसी सट्टेबाजी के लिए नहीं, बल्कि देश के भविष्य को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। जियो भारत का सॉवरेन कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगा, जिसमें बड़े स्तर के डेटा सेंटर और आधुनिक तकनीकी सुविधाएं शामिल होंगी। इससे AI सेवाएं अधिक सुलभ, तेज और सस्ती हो सकेंगी।
अंबानी ने यह भी कहा कि दुनिया इस समय AI के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ी है। एक तरफ महंगा और सीमित AI है, जबकि दूसरी ओर सस्ता और सबके लिए उपलब्ध AI का रास्ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत सुलभ और लोकतांत्रिक AI के मॉडल को अपनाएगा। उन्होंने कहा कि भारत के पास जनसंख्या, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा की ताकत है, जो उसे भविष्य में दुनिया की सबसे बड़ी AI ताकतों में शामिल कर सकती है।
टैग्स