होम / विचार मंच / ‘मै हर सुबह जब कोई हिंदी का समाचार पत्र पढ़ता हूं, तो रोज मरता हूं'

‘मै हर सुबह जब कोई हिंदी का समाचार पत्र पढ़ता हूं, तो रोज मरता हूं'

पत्रकारिता एवं भाषा के बीच का परस्पर संबंध हमेशा से ही विमर्श का विषय रहा है। हिंदी भाषा की पत्रकारिता का मूल्यांकन कालखंडों के परिप्रेक्ष्य में मूलतया तीन बिन्दुओं पर किया जा सकता है...

समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago

शिवानन्द द्विवेदी 

पत्रकारिता एवं भाषा के बीच का परस्पर संबंध हमेशा से ही विमर्श का विषय रहा है। हिंदी भाषा की पत्रकारिता का मूल्यांकन कालखंडों के परिप्रेक्ष्य में मूलतया तीन बिन्दुओं पर किया जा सकता है। वो तीन बिंदु हैं, पत्रकारिता का भाषाई स्वरूप कैसा था, वर्तमान में कैसा है एवं इसका भावी भाषाई स्वरूप कैसा हो सकता है।

हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर नजर डालें तो इसकी शुरुआत लगभग 191 वर्ष पूर्व सन 1826 में होने के प्रमाण मिलते हैं। यह एक ऐतिहासिक तथ्य है कि 30 मई 1826 को पं. युगुल किशोर शुक्ल ने हिंदी के प्रथम समाचार-पत्र के रूप में उदन्त-मार्तण्डनाम से समाचार-पत्र का प्रकाशन प्रारम्भ किया था। उदन्त-मार्तण्डपूर्ण हिंदी समाचार-पत्र था, जिसमें भाषाई मानकों को खास तरजीह दी गयी थी। इसमें कोई शक नहीं कि तत्कालीन चुनौतियों के बीच हिंदी पत्रकारिता की दिशा में हुई इस शुरुआत ने एक मजबूत नींव रखने का काम किया था। उदन्त-मार्तण्ड से हुई हिंदी पत्रकारिता की इस शुरुआत ने इन 191 वर्षों में कई पैमानों पर क्रमिक व स्वाभाविक बदलाव को स्वीकार किया है।

भाषाई संदर्भ में हिंदी पत्रकारिता का मूल्यांकन करने पर यहां क्रमिक विकासकी बजाय क्रमिक-बदलावशब्द ही ज्यादा प्रासंगिक प्रतीत होता है। बेशक, संसाधनों एवं तकनीक के मोर्चे पर हिंदी पत्रकारिता ने संतोषजनक विकास किया है, लेकिन भाषाई मापदंडों पर हुए परिवर्तनों को विकास का नाम देना उचित नहीं प्रतीत होता है।

पत्रकारिता के मध्यकाल अर्थात बीसवीं सदी के शुरुआती दौर की अगर बात करें तो पत्रकारिता को गांधी के रूप में एक सशक्त पत्रकार प्राप्त होता है। गांधी 20वीं सदी के शुरू में पत्रकार बन गये थे। उन्होंने पत्रकारिता के भाषाई मापदंडों को भी पत्रकारीय मूल्यों के अनुरूप विशुद्ध बनाये रखा। चाहें गुजराती भाषा की पत्रिका हो अथवा अंग्रेजी या हिंदी भाषा की पत्रकारिता हो, गांधी ने भाषाई मापदंडों का हमेशा ख्याल रखा था। भाषाई पत्रकारिता की यह जीवटता गांधी में ही थी कि अफ्रीका की विषम परिस्थितियों में रहते हुए गांधी ने पांच भारतीय भाषाओं में 'इंडियन ओपिनियन' का संपादन किया। वो पत्रकारिता की चुनौतियों का दौर था, और तब पत्रकारिता में व्यावसायिकता और सुविधाभोग की प्रवृति का जन्म नही हुआ था। उस दौर में पत्रकारिता का उद्देश्य सिर्फ सरोकार था। लेकिन आजादी के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में, खासकर हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में भाषाई मानदंडों का जिस ढंग से छय हुआ है, वो कहीं न कहीं बेहद कष्टदायी एवं चिंताजनक है।

आजादी के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में मूलतया दो स्तरों पर बदलावों को देखा गया है। पहला, माध्यमों का विस्तार एवं दूसरा समानांतर रूप से भाषाई अवमूल्यन। प्रिंट माध्यम से निकलकर जब पत्रकारिता ने टीवी की दुनिया में जगह बनाने की शुरुआत की, तो कहीं न कहीं सूचनाओं के सम्प्रेषण में तीव्रता की प्रत्याशा समाचार-प्रदाता एवं समाचार-श्रोता दोनों में बढ़ने लगी। लिहाजा, भाषाई मानदंडों से समझौता होना स्वाभाविक था। इस मामले में रही सही कसर नब्बे के दशक में हुए मीडिया के निजीकरण ने पूरा कर दिया। दरअसल प्रिंट मीडिया तो पहले ही निजी हाथों में था, अब टीवी की बारी थी। नब्बे के दशक में हिंदी के कई समाचार-चैनल शुरू हुए और अब तो इनकी संख्या सैकड़ों में है। सबसे तेज और सबसे आगे जैसे जुमलों के साथ पत्रकारिता करने की होड़ ने पत्रकारिता के मूल्यों का क्षरण किया, जिसमे सबसे ज्यादा नुकसान हिंदी भाषा का हुआ।

आज की तारीख में अगर तथ्यों की बुनियाद पर आप बात करें तो लगभग 95 फीसद हिंदी के चौबीस घंटे वाले समाचार चैनल ऐसे हैं, जिनका नाम तक हिंदी में नहीं है। हिंदी समाचार चैनलों का नाम अंग्रेजी में होना, खुद ही एक विरोधाभाष है। हालांकि इसकी शुरुआत प्रिंट में पहले ही हो गयी थी, जब टाइम्स समूह ने अपने हिंदी संस्करण के अखबार का नाम अंग्रेजी में दिया था। आज की तारीख में समाचार के प्रिंट और टीवी माध्यमों में गिरते हिंदी के भाषाई स्तर का अंदाजा सहज दस मिनट तक का कोई एक हिंदी प्रसारण देखकर लगाया जा सकता है। यह सवाल हिंदी पत्रकारिता में गाहे-बगाहे उठता रहा है कि अगर अंग्रेजी समाचार चैनल के समाचार-वाचक द्वारा पढ़े जा रहे आधे घंटे के कार्यक्रम में हिंदी का शब्द 5 फीसद भी नहीं होता, तो आखिर वो कौन सी मजबूरी है कि हिंदी समाचार चैनल के वाचक के आधे घंटे के कार्यक्रम में लगभग 40 फीसद शब्द अंग्रेजी के ही होते हैं!

पत्रकारिता में भाषाई गिरावट पर एक संगोष्ठी में बोलते हुए वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव कहते हैं, ‘मै रोज सुबह जब कोई हिंदी का समाचार-पत्र पढ़ता हूं तो रोज मरता हूं। मुझे निराशा होती है। हम भाषा को कहां लेकर जा रहे हैं, इसकी घोर चिंता होती है। यह समस्या भाषाई स्तर पर एक गंभीर समस्या है। यहां वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव की बातों से सहजता से सहमत हुआ जा सकता है। यह समस्या सबसे ज्यादा हिंदी पत्रकारिता में है। साथ ही चिंता इस बात के प्रति भी है, बदलाव के इस क्रम में यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।

चूंकि समय के साथ-साथ पत्रकारिता के माध्यम में भी बदलाव होता रहा है। बदलाव के इसी क्रम में इक्कसवीं सदी की शुरुआत में ही वेब-मीडिया का सबसे त्वरित और पारदर्शी पत्रकारिता माध्यम सामने आया। वेब मीडिया के प्रादुर्भाव एवं तकनीक के समानांतर विकास ने कलम को कीबोर्ड आश्रित बना दिया। अब कलम सिर्फ जुमलों की बात रह गयी है। वेब मीडिया का प्रसार इतना तीव्र और व्यापक हुआ कि महज एक दशक में ही शेष दोनों ही मीडिया इस पर आश्रित होते गए। आज चाहें टीवी माध्यम हो अथवा प्रिंट माध्यम हो, दोनों ने ही इस नए माध्यम को स्वीकार किया है। हालांकि वेब माध्यम के इस इजाद ने बेशक अभिव्यक्ति को अत्यधिक सहज एवं सर्वसुलभ बनाने का काम किया है, लेकिन भाषाई मानदंडों पर हिंदी के साथ इस माध्यम में कई स्तरों पर ज्यादती हुई है। पत्रकारिता के इस मोर्चे ने तो हिंदी भाषा के साथ-साथ हिंदी की सबसे निकटस्थ देवनागरी लिपि को भी नुकसान पहुंचाया है। वेब मीडिया पर कीबोर्ड संस्कृति की इस पत्रकारिता का प्रभाव अथवा कुप्रभाव ही कहेंगे कि यह बहस अब ज्यादा मुखर होकर आने लगी है कि हिंदी को अगर रोमन में लिखा जाय तो सूचना का प्रसार ज्यादा होगा। हालांकि इस विमर्श को स्तरीय स्वीकृति नही मिल सकी है, बावजूद इसके असगर वजाहत एवं चेतन भगत सरीखे लेखक इस विमर्श के अगुआ रहे हैं।

ऐसे में सवाल ये उठता है कि परम्परागत रूप से चलती आ रही हिंदी पत्रकारिता का वर्तमान स्वरूप हिंदी के भाषाई मूल्यों के लिहाज से क्यों खतरनाक न माना जाय? दरअसल, कई भाषाओं के बीच शब्दों का आयात एवं निर्यात एक जरूरी प्रक्रिया है। मगर हिंदी के सदर्भ में शब्दों के आयात एवं निर्यात के बीच एक चिंताजनक असंतुलन है।

हमें हिंदी पत्रकारिता के संदर्भ इस बात का ख्याल तो रखना ही होगा कि जिस अनुपात में गैर-जरूरी अंग्रेजी शब्दों का आयात किया गया है, वो एक असंतुलित व गैर-जरूरी आयात है। हमें ये भी देखना होगा कि आयात के अनुपात में क्या शब्दों का निर्यात भी हिंदी ने अंग्रेजी में किया है? हालांकि इसका जवाब नही में आएगा। वैसे, एक तथ्य और भी गौर करने वाला है कि ऐसा नही है कि अंग्रेजी शब्दों के गैर-जरूरी इस्तेमाल के बिना न तो पत्रकारिता सम्भव है और न ही सहज है। उदाहरण के तौर पर अगर देखा जाय तो तमाम पत्र-पत्रिकाएं आज भी हैं, जिन्होंने भाषाई मानदंडों में हिंदी की गरिमा का ख्याल रखा है। मसलन, आध्यात्मिक पत्रिका अखंड ज्योति, कथादेश, परिकथा इत्यादि। लेकिन इन पत्रिकाओं को मुख्यधारा की पत्रकारिता का हिस्सा नहीं माना जा सकता है। अब सवाल ये भी है कि जिस दिशा में भारतीय पत्रकारिता में हिंदी का भाषाई अवमूल्यन हो रहा है, ऐसे में भाषाई मापदंडों पर पत्रकारिता का भविष्य क्या होगा?

निश्चित तौर पर मुख्यधारा की पत्रकारिता में भाषाई स्तर की गिरावट इस बात का संकेत है कि आगामी दशक पत्रकारिता में हिंदी के अस्तित्व के लिहाज से बेहद चिंताजनक है। हालांकि हिंदी पत्रकारिता के भविष्य एवं वर्तमान पर सबसे ज्यादा विमर्श इसके विचार पक्ष को लेकर होता रहा है। लेकिन हिंदी पत्रकारिता के गिरते हिंदी के स्तर को लेकर बहस न के बराबर हुई है। इस लिहाज से यह अपने आप में चिंता जनक बात है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि हिंदी खेमे के बुद्धिजीवी भी हिंदी पत्रकारिता में बढ़ते अंग्रेजी शब्दों के हस्तक्षेप एवं गिरते भाषाई स्तर को लेकर मौन स्वीकृति दे चुके हैं! अगर वाकई ऐसा है, तो यह न सिर्फ पत्रकारिता के लिहाज से बल्कि हिंदी के अपने भविष्य के लिहाज से एक घातक स्वीकृति है। चूंकि समाचार पत्र अथवा टीवी समाचार आम जनमानस से प्रत्यक्ष रूबरू होते हैं और उनका सीधा प्रभाव जनता के मानस पटल पर पड़ता है। लिहाजा अगर हिंदी समाचार पत्र अथवा चैनल ही हिंदी के भाषाई मानकों का ख्याल नहीं रखेंगे तो भला आने वाली पीढ़ी की हिंदी के भाषाई बोध को लेकर कैसे आश्वस्त हुआ जा सकता है?  


समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।


टैग्स
सम्बंधित खबरें

क्या पाकिस्तान अफगानिस्तान को हरा पाएगा: रजत शर्मा

तालिबान ने कहा कि उसके हमले में 55 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, इनमें से 23 सैनिकों की लाशें भी अफगान लड़ाके अपने साथ अफगानिस्तान ले गए।

1 day ago

2028 तक AI से बाज़ार में बर्बादी? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

अमेरिका में 100 में से 10 लोग जो white collar jobs करते हैं वो कुल खपत का 50% खर्च करते हैं। उदाहरण दिया गया है कि डेटा सेंटर में काम कर रहे एजेंट काम तो करेंगे लेकिन वो खर्च नहीं करेंगे।

2 days ago

वंदे मातरम् के खंडित स्वरूप पर सवाल : अनंत विजय

किसी कविता या गीत को खंडित करने का अधिकार रचनाकार के अलावा किसी अन्य को है? रचनात्मक संवेदना का सर्जनात्मक स्वतंत्रता की बात करनेवालों ने एक कृति को खंडित कर दिया।

2 days ago

शिक्षा के क्षेत्र में अराजकता की जिम्मेदारी किसकी: आलोक मेहता

मुख्य प्रश्न यही है, क्या इन गड़बड़ियों के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, या फिर मंत्रालय और उसके नेतृत्व को अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए?

2 days ago

PM मोदी की इजराइल यात्रा से किसे मिर्ची लगी: रजत शर्मा

दोनों देशों ने 27 समझौतों पर दस्तखत किए। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स और क्वांटम कंप्यूटिंग में नई टेक्नोलॉजी पर काम करेंगे, आपसी सहयोग बढ़ाएंगे।

4 days ago


बड़ी खबरें

दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ

वरिष्ठ पत्रकार, राजनयिक और पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

1 hour ago

BSE व NSE ने इस मामले में 'बालाजी टेलीफिल्म्स' पर लगाया जुर्माना

टीवी और फिल्म प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms Limited) पर स्टॉक एक्सचेंज ने जुर्माना लगाया है।

1 day ago

मैडिसन मीडिया सिग्मा की CEO वनिता केसवानी ने छोड़ा पद

मीडिया इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई है। वनिता केसवानी ने मैडिसन मीडिया सिग्मा (Madison Media Sigma) के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है।

1 day ago

क्या पाकिस्तान अफगानिस्तान को हरा पाएगा: रजत शर्मा

तालिबान ने कहा कि उसके हमले में 55 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, इनमें से 23 सैनिकों की लाशें भी अफगान लड़ाके अपने साथ अफगानिस्तान ले गए।

1 day ago

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी में शाजिया फ़ज़ल को मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

ग्लोबल मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (Warner Bros. Discovery) में शाजिया फ़ज़ल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है

1 day ago