होम / मीडिया फोरम / दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ
दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ
वरिष्ठ पत्रकार, राजनयिक और पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 hour ago
वरिष्ठ पत्रकार, राजनयिक और पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और करीब तीन हफ्ते पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12 बजे दिल्ली के लोधी रोड स्थित शमशानघाट पर किया जाएगा।
परिवार की ओर से जारी बयान में गहरा दुख जताते हुए कहा गया, “हमें भारी मन से यह बताना पड़ रहा है कि हमारे पिता, पद्म भूषण श्री एच.के. दुआ- पूर्व राज्यसभा सांसद, वरिष्ठ संपादक, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार और डेनमार्क में भारत के राजदूत का आज दोपहर शांतिपूर्वक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 5 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा।”
1 जुलाई 1937 को जन्मे एच.के. दुआ का करियर बेहद विविध और लंबा रहा। उन्होंने पत्रकारिता, कूटनीति और सार्वजनिक जीवन- तीनों क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाई। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और एच.डी. देवेगौड़ा के मीडिया सलाहकार रहे। इसके अलावा, 2001 से 2003 के बीच उन्होंने डेनमार्क में भारत के राजदूत के रूप में भी देश का प्रतिनिधित्व किया।
पत्रकारिता के क्षेत्र में एच.के. दुआ का नाम काफी सम्मान के साथ लिया जाता है। वे 'द ट्रिब्यून' के एडिटर-इन-चीफ रह चुके हैं। इससे पहले वे The Indian Express, The Times of India और The Hindustan Times जैसे प्रमुख अखबारों में वरिष्ठ संपादकीय पदों पर काम कर चुके थे।
साल 2009 में उन्हें राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। राज्यसभा में उन्होंने मीडिया की आजादी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से अपनी बात रखी।
पत्रकारिता में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें 2008 में देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया गया था।
एच.के. दुआ के निधन से मीडिया और सार्वजनिक जीवन में एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है। उनके जाने से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, बेबाक और सिद्धांतों पर चलने वाली आवाज खो दी है।
टैग्स