होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मैडिसन मीडिया सिग्मा की CEO वनिता केसवानी ने छोड़ा पद
मैडिसन मीडिया सिग्मा की CEO वनिता केसवानी ने छोड़ा पद
मीडिया इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई है। वनिता केसवानी ने मैडिसन मीडिया सिग्मा (Madison Media Sigma) के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
मीडिया इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई है। वनिता केसवानी ने मैडिसन मीडिया सिग्मा (Madison Media Sigma) के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है। वह करीब 30 साल तक इस संस्था से जुड़ी रहीं। मैडिसन मीडिया सिग्मा, मैडिसन वर्ल्ड (Madison World) का हिस्सा है।
वनिता केसवानी ने अपने फैसले की जानकारी लिंक्डइन पर एक भावुक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने अपने तीन दशक लंबे सफर को याद करते हुए लिखा कि लोग कहते हैं समय उड़ जाता है, लेकिन पीछे मुड़कर देखने पर लगता है कि इन सालों में बहुत कुछ बनाया और हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह मैडिसन के दफ्तर से एक एम्प्लॉयी के तौर पर बाहर निकल रही हैं, तो अपने साथ ढेर सारी यादें और रिश्ते लेकर जा रही हैं।
उन्होंने यह भी लिखा कि वह अपने दिल का एक हिस्सा यहीं छोड़कर जा रही हैं, लेकिन जिंदगीभर की सीख अपने साथ ले जा रही हैं। अब वह अपने अनुभव का इस्तेमाल एक स्वतंत्र उद्यमी (इंडिपेंडेंट एंटरप्रेन्योर) के तौर पर करना चाहती हैं और अपने नए सफर को लेकर उत्साहित हैं।
अपने संदेश में वनिता ने कहा कि इन 30 सालों ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया और गढ़ा है। उन्होंने कंपनी की पारदर्शी कार्यसंस्कृति और उस माहौल के लिए आभार जताया, जिसने उन्हें सिर्फ पेशेवर रूप से ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत तौर पर भी आगे बढ़ने में मदद की।
वनिता केसवानी ने अपने मेंटर्स और सीनियर लीडर्स का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा ईमानदार फीडबैक मिला, कभी सख्त सलाह भी मिली, लेकिन उसी ने उन्हें बेहतर बनाया। उन्होंने माना कि उनके सीनियर्स ने उनकी सफलता में साथ दिया और कमियों की ओर भी ध्यान दिलाया।
इसके साथ ही उन्होंने अपनी पुरानी और मौजूदा टीमों का भी आभार जताया। उन्होंने उन पलों को याद किया जब टीम ने मिलकर मुश्किल हालात का सामना किया और सफलता का जश्न भी साथ मनाया।
करीब 30 साल के लंबे और सफल कार्यकाल के बाद वनिता केसवानी का यह फैसला मीडिया इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर उनके नए उद्यमी सफर पर रहेगी।
टैग्स