होम / विचार मंच / डॉ. वैदिक की कलम से- यह फर्क है, नरेंद्र मोदी और अखिलेश यादव में...
डॉ. वैदिक की कलम से- यह फर्क है, नरेंद्र मोदी और अखिलेश यादव में...
डॉ. वेदप्रताप वैदिक वरिष्ठ पत्रकार ।। मोदी और अखिलेश की जुमलेबाजी उप्र के चुनाव-अभियान के दौरान नेताओं के बीच जो नोंक-झोंक चलती है, जनता उसके मजे लेती है। अ
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
डॉ. वेदप्रताप वैदिक
वरिष्ठ पत्रकार ।।
मोदी और अखिलेश की जुमलेबाजी
उप्र के चुनाव-अभियान के दौरान नेताओं के बीच जो नोंक-झोंक चलती है, जनता उसके मजे लेती है। अभी नरेंद्र मोदी और अमित शाह जितने कसकर अखिलेश और राहुल पर प्रहार कर रहे हैं, उससे लगता है कि वे उतने ही ज्यादा घबराए हुए हैं। यदि उप्र में भाजपा हार गई तो मोदी और शाह के लिए अगले दो-ढाई साल गरम तवे की तरह बन जाएंगे। भाजपा के अंदर ही मोदी-शाह की जोड़ी को बदलने की बात उठने लगेगी। संघ को भी अपनी चुप्पी तोड़नी पड़ेगी।
इसीलिए ये दोनों नेता यदि अपने भाषणों में कहीं लक्ष्मण-रेखा पार करते हुए दिखाई देते हैं तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। मोदी ने अपने भाषण में उप्र को राजनीति को बड़ा धांधला (स्केम) कहा। उन्होंने अंग्रेजी के शब्द ‘स्केम’ (SCAM) के पहले अक्षर एस (S) को समाजवादी, सी (C) को कांग्रेस, ए (A) को अखिलेश और एम (M) को मायावती का प्रतीक बताया और अपने सभी विरोधियों के मुंह पर कालिख पोतते हुए उन्हें ‘धांधला’ या ‘घोटाला’ बना दिया।
इसके जवाब में अखिलेश ने भी करारी मार लगाई। उन्होंने कहा कि SCAM का मतलब है ‘सेव्ह द कंट्री फ्रॉम अमित एंड मोदी’ याने देश को मोदी और अमित से बचाओ। अखिलेश चाहते तो स्केम शब्द के अक्षरों से इतना तेजाबी अर्थ निकाल सकते थे कि वह अर्थ मोदी और शाह के लिए और भारी पडता।
लेकिन यही फर्क है, मोदी और अखिलेश में। अखिलेश ठंडी मार लगाता है। मोदी और शाह का यह पूछना कुछ हद तक ठीक है कि अखिलेश ने कांग्रेस-जैसी अधमरी पार्टी के साथ गठबंधन क्यों किया? क्योंकि उन्हे हारने का डर है लेकिन अखिलेश का जवाब यह है कि यह गठबंधन हमने ढाई सौ नहीं, तीन सौ सीटें जीतने के लिए किया है (और उसके बाद 2019 के आम-चुनाव को जीतने के लिए किया है)।
देखें, यह बात कहां तक सच होती है लेकिन यह सच है कि जुमलेबाजी में अखिलेश (और राहुल) मोदी और शाह को मात नहीं कर सकते। उन्हें इसकी कोशिश भी नहीं करनी चाहिए। अखिलेश की जो भद्रतापूर्ण छवि बनी हुई है वह बनी रहे तो वह ज्यादा वोट खींचेगी।
(साभार: नया इंडिया)
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स