होम / विचार मंच / यह नौजवान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चमत्कार है: डॉ. वेद प्रताप वैदिक
यह नौजवान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चमत्कार है: डॉ. वेद प्रताप वैदिक
डॉ. वेद प्रताप वैदिक वरिष्ठ पत्रकार ।। पिता को पुत्र की एतिहासिक भेंट 21 अक्टूबर को उन्नाव में ‘लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे’ का उद्घाटन हुआ। ‘एक्सप्रेस-वे’ को हि
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
डॉ. वेद प्रताप वैदिक
वरिष्ठ पत्रकार ।।
पिता को पुत्र की एतिहासिक भेंट
21 अक्टूबर को उन्नाव में ‘लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे’ का उद्घाटन हुआ। ‘एक्सप्रेस-वे’ को हिंदी में क्या कहा जाए? महापथ या द्रुत-मार्ग! ये दोनों हिंदी शब्द, अंग्रेजी के शब्द से अधिक सरल और छोटे हैं। ‘महापथ’ मुझे ज्यादा अच्छा लगा, क्योंकि जब लोगों को द्रुत-मार्ग की आदत पड़ जाएगी तो वह द्रुत नहीं रहेगा लेकिन वह महापथ तो हमेशा रहेगा ही। इस महापथ के निर्माण का श्रेय उत्तरप्रदेश के अखिलेश यादव सरकार को है।
मुख्यमंत्री अखिलेश के निमंत्रण पर मैं भी इस समारोह में शामिल हुआ। हेलीकॉप्टर से मुलायमसिंहजी, अजीज कुरैशी (पूर्व राज्यपाल), शिवपाल यादव, जया बच्चन आदि हम लोग उद्घाटन-स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचे तब तक हमें अंदाज नहीं था कि आज हम उत्तरप्रदेश ही नहीं, भारत के एक एतिहासिक समारोह में भाग ले रहे हैं। एतिहासिक इसलिए कि यह भारत का ऐसा पहला राजमार्ग है, जिसकी लंबाई 302 किमी है। इतना लंबा महापथ या द्रुतमार्ग इससे पहले किसी भी सरकार ने नहीं बनाया। न तो किसी राज्य सरकार ने और न ही किसी केंद्र सरकार ने !
उप्र की समाजवादी सरकार की यह अप्रतिम उपलब्धि तो है ही, इससे बड़ी उपलब्धि यह है कि जो सड़क पांच साल में बननी थी, वह सिर्फ 23 माह में ही बन गई। यह नौजवान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चमत्कार है। इस सड़क को बनाने के लिए सैकड़ों किसानों से जमीनें ली गईं लेकिन न तो किसी किसान ने आत्महत्या की और न ही वैसा शोर मचा, जैसा कि आजकल नोटबंदी के कारण मचा हुआ है। यह सड़क सिर्फ उप्र के लोगों के लिए ही नहीं, सारे भारत के लोगों के लिए फायदेमंद होगी। इसने 10-12 घंटे की यात्रा को घटाकर दो-ढाई घंटे का कर दिया है। अब अरबों रु. का पेट्रोल-खर्च होने से बचेगा। अभी यह छह सड़कों का महापथ है। इसे आठ सड़कों का बनाया जा सकता है।
इसमें 15000 करोड़ रु. लगने थे। यह 13000 करोड़ में ही बन गया। इस महापथ पर हवाई जहाज भी आसानी से उतर सकते हैं। सुखोई और मिराज लड़ाकू विमान जैसे अति शक्तिशाली विमानों को हमारे सामने उतरते देखना अपने आप में एक अनुभव था। युद्ध की हालत में हमारी फौज के लिए यह महापथ वरदान साबित हो सकता है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स