होम / विचार मंच / रवीश कुमार का ब्लॉग: सवर्ण का गाली देना और दलित का गाली देना एक समान नहीं होता है
रवीश कुमार का ब्लॉग: सवर्ण का गाली देना और दलित का गाली देना एक समान नहीं होता है
‘हाल के दिनों में गाली गलौज की भाषा को खूब बढ़ावा दिया गया है। उसकी प्रतिक्रिया में दूसरे लोग भी उसी प्रकार की भाषा बोल रहे हैं। खासकर महिला नेताओं के खिलाफ इस तरह की भाषा लगातार बोली जा रही है। कमजोर लोगों के खिलाफ ऐसी भाषा बोली जा रही है।’ अपने ब्लॉग ‘कस्बा’ के जरिए ये कहा वरिष्ठ टीवी पत्रकार रवीश कुमार ने। उनका पू
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
‘हाल के दिनों में गाली गलौज की भाषा को खूब बढ़ावा दिया गया है। उसकी प्रतिक्रिया में दूसरे लोग भी उसी प्रकार की भाषा बोल रहे हैं। खासकर महिला नेताओं के खिलाफ इस तरह की भाषा लगातार बोली जा रही है। कमजोर लोगों के खिलाफ ऐसी भाषा बोली जा रही है।’ अपने ब्लॉग ‘कस्बा’ के जरिए ये कहा वरिष्ठ टीवी पत्रकार रवीश कुमार ने। उनका पूरा आलेख आप यहां पढ़ सकते हैं:
गुस्सा जायज हो सकता है, गाली नहीं
लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिस भाषा का प्रयोग किया है वह शर्मनाक है। ठीक वही भाषा है जिसका प्रयोग भाजपा नेता दयाशंकर सिंह ने किया है। दयाशंकर सिंह और उनकी बेटी के बारे में सामंतवादी और मर्दवादी शब्दों का इस्तेमाल सही नहीं था। बसपा को भी भाजपा की तरह इस पर कुछ प्रतिक्रिया देनी चाहिए। मुझे मायावती की बात ठीक लगी कि उनके समाज के लोग देवी समझते हैं और जिस तरह से दूसरे लोग अपनी देवी के खिलाफ अपशब्द इस्तेमाल होने पर ग़ुस्सा जाते हैं उसी तरह से ये उनका ग़ुस्सा है। लेकिन इसी जवाब में एक समस्या भी है। मायावती जिस गाली का विरोध कर रही थीं उसी गाली को जायज भी ठहराने लगीं। ग़ुस्सा जायज हो सकता है, गाली जायज नहीं हो सकती है।
हजरतगंज चौराहे पर जो भाषा बोली गई वो प्रतिरोध की भाषा नहीं है। अंध आक्रोश की है। यह वही भाषा है जो सामंतवाद की भाषा है। कोई राजनीतिक दल तब तक नया विकल्प नहीं बन सकता जब तक वह भाषा के मामले में भी विकल्प न तैयार करे। दयाशंकर सिंह ने मायावती को वेश्या बोलकर उस सीमा को छू दिया जिसके बाद सब्र का बांध टूट जाता है लेकिन जब जवाब में उसी भाषा का इस्तेमाल कर बसपा कार्यकर्ताओं ने बता दिया कि वे भी गुस्से में कुछ अलग नहीं हैं।
यह घटना बताती है कि भारतीय राजनीति में स्त्री विरोधी मानसिकता एक पैटर्न है। यह मानसिकता वामपंथ में भी है, दक्षिणपंथ में भी है और उदारवादी धारा में भी है और दलित आंदेलन में भी है। मायावती के लिए लखनऊ की सड़कों पर बसपा की महिला कार्यकर्ताओं का हुजूम होता तो शायद वहां दयाशंकर जैसी भाषा प्रतिरोध की भाषा मानी जा सकती थी मगर पुरुषों के हुजूम ने उसी भाषा संस्कार को हड़प लिया जिससे दयाशंकर जैसे मर्द आते हैं। वे गाली देते हुए प्रतिकार कम कर रहे थे अपनी भाषा संस्कार का मुजाहिरा ज्यादा कर रहे थे।
सवर्ण का गाली देना और दलित का गाली देना एक समान नहीं होता है। सदियों से सुनते सुनते दलित जब गाली सुना देता है तो यह सवर्णों की भाषा में उसका जवाब होता है। हो सकता है मायावती के समर्थकों का गुस्सा वैसा ही हो। मायावती को गाली देने की संस्कृति मान्य होती जा रही थी। आम बातचीत में बहुत कम नेताओं को उनके बारे में आदर से बोलते सुना है। इन नेताओं में जाति का अहंकार आ ही जाता है। फिर भी लखनऊ में एक पार्टी के बैनर के तहत ये सब हुआ। वहां भाषा से ज्यादा संख्या बड़ी थी लेकिन भाषा के गलत इस्तेमाल ने संख्या छोटी कर दी।
अभी तक दलित आंदोलनों की मुख्य रूप से यही पहचान रही है कि उनका तेवर अहिंसक संविधानवादी होता है। हिंसक आंदोलन भी हुए हैं मगर दलित आंदोलन इस बात को लेकर खास तौर से सचेत रहा है कि हिंसा न हो और अपनी ताकत का इजहार शालीनता से किया जाए। एक शब्द के इस्तेमाल ने भाजपा के लिए दयाशंकर सिंह की जातिगत उपयोगिता समाप्त हो गई। ऐसे कई शब्दों के लिए बसपा को भी अपनी उपयोगिता के बारे में सोचना चाहिए। भाजपा ने दयाशंकर सिंह को निकाल कर ठीक काम किया। बसपा को भी कुछ ऐसा ही ठीक काम करना चाहिए। खेद प्रकट करना चाहिए।
संसद में सभी दलों ने मायावती का साथ दिया। भाजपा ने भी सदन की भावना समझी। हाल के दिनों में गाली गलौज की भाषा को खूब बढ़ावा दिया गया है। उसकी प्रतिक्रिया में दूसरे लोग भी उसी प्रकार की भाषा बोल रहे हैं। खासकर महिला नेताओं के खिलाफ इस तरह की भाषा लगातार बोली जा रही है। कमजोर लोगों के खिलाफ ऐसी भाषा बोली जा रही है। गुजरात के दलित युवकों को कार से बांधना कर मारना भी एक किस्म की भाषा है। मीडिया ने मारने का दृश्य ही रिकॉर्ड किया है। मारते मारते उन जवानों को क्या गाली दी गईं ये कौन जानता है। अल्युमुनियम की लाठी से मारते वक्त गौ रक्षक गुंडे मंत्र का जाप तो नहीं ही कर रहे होंगे।
बसपा समर्थकों ने दयाशंकर सिंह की पत्नी और बेटी को गाली देकर ठीक नहीं किया। इसके प्रतिकार में दयाशंकर सिंह की पत्नी भी वही भाषा बोल रही हैं जिससे उन्हें ऐतराज होना चाहिए। उनकी बारह साल की बेटी की तो यह भाषा नहीं हो सकती जो टाइम्स आफ इंडिया में छपी है। दयाशंकर सिंह की बेटी का बयान छपा है कि नसीम अंकल, मुझे बतायें कहां आना है आपके पास पेश होने के लिए। जाहिर है उनकी बेटी ने यह भाषा घर से हासिल की होगी। शायद घटना की प्रतिक्रिया में घर वालों को बोलते सुना होगा।
स्वाति लखनऊ विश्वविद्यालय में लेक्चरर रही हैं। क्या यह उनकी भाषा है जिसे बेटी ने हासिल की है कि ‘नसीम अंकल बताइये कहां पेश होना है।’ क्या एक पाठक को इसमें कुछ भी असमान्य नहीं लगता है। स्वाति ने किसी अज्ञात जगह से अंग्रेजी के एक अखबार को इंटरव्यू दिया हैं। स्वाति को बसपा समर्थकों की भाषा से यातना हो रही है लेकिन अपने पति की भाषा से यातना क्यों नहीं हो रही है। वे जिस तरह से बसपा नेताओं की अभद्र जुबान के लिए निंदा करती हैं उस तरह से अपने पति की निंदा नहीं करती हैं। वो बसपा नेताओं की गाली से सहानुभूति तो पाना चाहती हैं मगर मायावती को वेश्या कहा गया इससे उन्हें कोई सहानुभूति नहीं लगती। कम से कम उस एक इंटरव्यू से तो यही लगता है।
क्या स्वाति अपने पति के खिलाफ एफआईआर कराने जाएंगी या वे भी इसकी आड़ में बतकुच्चन का लाभ उठाने का प्रयास करेंगी। कोई कहेगा क्या बसपा अपने कार्यकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी। इसलिए इस तू-तू मैं-मैं से कोई लाभ नहीं है।
स्त्री विरोधी भाषा संसार में हमारी स्त्रियां भी फंसी हैं जैसे सामंतवादी जातिवादी ढांचे में हमारे दलित भी फंसे हैं। स्मृति ईरानी, मायावती, स्वाति और हम सब दोनों जगह फंसे हैं। कांग्रेस, भाजपा, बसपा, सपा और राजद सब फंसे हैं। इस ढांचे से रोज तोड़ कर थोड़ा थोड़ा बाहर आना पड़ता है। स्मृति, मायावती और स्वाति तीनों को भी बाहर आना होगा। वरना हमारा गुस्सा हमें क्षण भर में हमारे भीतर बैठी सामंतवादिता की छत पर ले आता है और हम वही करने लगते हैं जिसके खिलाफ हमें गुस्सा आता है।
(साभार: ‘कस्बा’ ब्लॉग से)
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स