होम / विचार मंच / मिड-स्मॉल कैप SIP करें या ना करें? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'
मिड-स्मॉल कैप SIP करें या ना करें? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'
तो इस सवाल जवाब तो साफ़ है कि बंद नहीं करें। SIP से पैसे लगाने का फ़ायदा है कि आप जब म्यूचुअल फंड के यूनिट ख़रीद रहे हैं तो क़ीमत Average Out हो जाती है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 11 months ago
मिलिंद खांडेकर, वरिष्ठ पत्रकार।
शेयर बाज़ार में उथल-पुथल के बीच SIP पर चर्चा गर्म है। इसका कारण बना ICICI Prudential AMC के चीफ़ इन्वेस्टमेंट ऑफ़िसर एस नरेन का भाषण। उन्होंने कहा कि 2025 बाज़ार के हिसाब से ख़तरनाक साल है। अगर आपने पिछले साल भर में स्मॉल या मिड कैप फंड में SIP शुरू की है तो रिटर्न निगेटिव हो सकता है। उनकी सलाह लार्ज कैप फंड में इन्वेस्टमेंट करने की थी। सवाल इसी संदर्भ में पूछे गए हैं।
SIP करते रहें या नहीं?
तो इस सवाल जवाब तो साफ़ है कि बंद नहीं करें। SIP से पैसे लगाने का फ़ायदा है कि आप जब म्यूचुअल फंड के यूनिट ख़रीद रहे हैं तो क़ीमत Average Out हो जाती है। आपने अगर ₹1.20 लाख एक साथ म्यूचुअल फंड में लगा दिए होते और कुछ महीनों में बाज़ार गिर गया तो आप नुक़सान में आ सकते हैं वहीं यही रक़म हर महीने ₹10 हज़ार SIP से लगाईं तो बाज़ार के उतार-चढ़ाव का असर नहीं पड़ेगा। किसी महीने में आप महँगा ख़रीद रहे हैं तो किसी महीने में सस्ता। वैसे भी जानकार कहते रहे हैं कि बाज़ार को टाइम करना मुश्किल है यानी आप ठीक उसी समय पैसे लगाए जब बाज़ार नीचे हो। इस कारण SIP बेहतर विकल्प माना जाता है।
SIP करें तो कहाँ करें?
आप में से कुछ लोगों ने लिखा है कि नरेन की चेतावनी के बाद भी वो मिडकैप और स्मॉलकैप फंड में पैसे लगाना जारी रखेंगे। जानकारों के मुताबिक़ इसमें कोई दिक़्क़त नहीं है बशर्ते आप अगले 7 से 10 साल तक निवेश जारी रखना चाहते हैं। मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट के मुताबिक़ सात साल SIP करने पर मिडकैप में नुक़सान की आशंका ज़ीरो हैं। स्मॉलकैप में नुक़सान की आशंका 5.6% है जबकि लार्ज कैप में 0.6%. SIP की 155 सीरीज़ के अध्ययन से पता चला है कि सिर्फ़ नौ नुक़सान में रही है। यह रिपोर्ट पिछले 20 साल के ट्रेंड पर बनी है जिसमें 2008 की मंदी और 2020 का कोरोनावायरस शामिल है।
संयम का कितना महत्व है? यह बात इस रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाती है। मार्च 2020 में सभी कैटेगरी लार्ज, स्मॉलकैप और मिडकैप का रिटर्न सबसे ख़राब था। चाहे आप 5 साल से SIP कर रहे हो, 7 साल से या 10 साल से। जिन्होंने उस समय हड़बड़ी में यूनिट्स बेच दिए वो नुक़सान में रहें। वो SIP बंद भी कर देते लेकिन यूनिट नहीं बेचते तो साल भर बाद ज़बरदस्त रिटर्न मिलता।
जानकार कहते हैं कि सारे अंडे एक टोकरी में ना रखिए। तो सारा निवेश एक कैटेगरी में करना ठीक नहीं है। मोटे तौर पर आधा पैसा आप लार्ज कैप में लगा सकते हैं और आधा स्मॉल कैप- मिड कैप में। आपकी उम्र 50 साल से कम है तो स्मॉलकैप मिड कैप में ज़्यादा निवेश भी कर सकते हैं क्योंकि आपके पास समय है। बढ़ती उम्र के साथ लार्ज कैप में ज़्यादा पैसे लगाएँ क्योंकि वो ज़्यादा ऊपर नीचे नहीं होते हैं।
( यह लेखक के निजी विचार हैं )
टैग्स