होम / विचार मंच / शरद पवार के जो 'कटप्पा' बने हैं, उनकी सियासी उम्र लोग लंबी नहीं रहने देंगे: पंकज शर्मा

शरद पवार के जो 'कटप्पा' बने हैं, उनकी सियासी उम्र लोग लंबी नहीं रहने देंगे: पंकज शर्मा

अगर भारतीय जनता पार्टी को लग रहा है कि शरद पवार को इस हाल में ले आने से उसे राजनीतिक फायदा होगा तो वह मुगालते में है।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago

पंकज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार और स्तंभकार।

भारतीय मानस की तासीर दगाबाजों से घृणा करने की है। इसलिए भाजपा के लारे-लप्पों में आ कर या अपने-अपने गिरेबाओं के घनघोर मैलेपन से डर कर जो पवार के कटप्पा बने हैं, उन की सियासी उम्र लोग लंबी नहीं रहने देंगे। आप सोचिए कि अगर किसी दिन अमित भाई शाह अपने निर्माता नरेंद्र भाई मोदी को छोड़कर चले जाएं तो भारतीय जनमानस में उस की कैसी प्रतिक्रिया होगी? प्रफुल्ल पटेल के पलटूपन ने उसी तरह की वितृष्णा का भाव लोगों के मन में पैदा किया है।

अगर भारतीय जनता पार्टी को लग रहा है कि शरद पवार को इस हाल में ले आने से उसे राजनीतिक फ़ायदा होगा तो वह मुगालते में है। उसे कुल मिला कर बड़ा नुकसान होगा। खुद एकनाथ शिंदे भीतर से सहम गए होंगे कि उन के बहुत-से हमजोली उद्धव ठाकरे की तरफ देखने लगेंगे। अजित पवार दलबदल कानून से बचने लायक विधायक इकट्ठे नहीं कर पाए हैं, इसलिए उन के साथ गए विधायकों में से भी ज्यादातर अभी से पसोपेश में पड़ने लगे हैं। यूं भी जैसे शिंदे के जाने के बाद भी शिवसेना का मूल-संगठन उद्धव के ही साथ रहा, उसी तरह अजित के जाने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का बुनियादी ढांचा पवार के ही साथ है।

विधानसभाई-अंकगणित में पवार अभी कमजोर जरूर पड़े हैं, मगर सियासी बीजगणित में वे अजित से कई गुना मज़बूत हो कर उभरे हैं। अजित और उनके साथ गए लोग भले ही 45 बरस पहले पवार के किए-धरे की कितनी ही याद दिलाएं, महाराष्ट्र तो महाराष्ट्र, बाकी देश में भी पवार को अपनो से ही मिले धोखे को किसी ने पसंद नहीं किया है। भारतीय मानस की तासीर दगाबाजों से घृणा करने की है। इसलिए भाजपा के लारे-लप्पों में आ कर या अपने-अपने गिरेबाओं के घनघोर मैलेपन से डर कर जो पवार के कटप्पा बने हैं, उन की सियासी उम्र लोग लंबी नहीं रहने देंगे।

आप सोचिए कि अगर किसी दिन अमित भाई शाह अपने निर्माता नरेंद्र भाई मोदी को छोड़ कर चले जाएं तो भारतीय जनमानस में उस की कैसी प्रतिक्रिया होगी? प्रफुल्ल पटेल के पलटूपन ने उसी तरह की वितृष्णा का भाव लोगों के मन में पैदा किया है। अजित की नीयत तो पहले भी कई बार सामने आ चुकी थी, सो, उन के जाने से लोगों को उतनी हैरत नहीं हुई, लेकिन प्रफुल्ल के ब्रूटसपन ने सभी को धक्क कर दिया है। इसलिए लिख कर रख लीजिए कि प्रफुल्ल केंद्र में कितने ही बड़े मंत्री बन जाएं, अब वे लोकसभा का चुनाव कभी नहीं जीत पाएंगे।

अजित के साथ गए विधायक भी लोगों के मन से इस क़दर उतर गए हैं कि वे जिस दिन चुनाव-मैदान में उतरेंगे, लस्तमपस्त पड़े मिलेंगे। यही हाल शिंदे के साथ गए शिवसेना के विधायकों का होगा। अगले साल की विजयादशमी के आसपास जब महाराष्ट्र की विधानसभा के चुनाव होंगे, आप सियासी हताहतों की संख्या देख कर अपनी उंगलियां दांतों तले दबा रहे होंगे। आज अपनी तिकड़मों की सफलता पर इतरा रहे देवेंद्र फडनवीस के घर की मुंडेरों पर अगली दीवाली के कितने दीए सजते हैं – देखते रहिए।

यही हाल इस बरस की दीवाली के आसपास होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उन के साथ कांग्रेस छोड़ कर गए विधायकों का होना है। अभी उन में से कई भले मंत्री बन कर फूले-फूले घूम रहे हैं, मगर आने वाले चुनाव में उन में से ज्यादातर को तो भाजपा खुद ही उम्मीदवार नहीं बनाएगी और जिन्हें बनाएगी भी, उन्हें मतदाता ठेंगा दिखा देंगे। सिंधिया के इलाक़े ग्वालियर-चंबल में होने वाली अपनी बेहद बुरी गत को देख कर भाजपा स्वयं मूर्छित हो जाएगी। अभी उसे यह अंदाज़ ही नहीं हो पा रहा है कि साम-दाम-दंड-भेद के ज़रिए सरकार-हरण की उस की करतूतों ने आमजन को उस के ख़िलाफ़ कितने गुस्से से भर दिया है।

पक्का मान कर चलिए कि आने वाले दिनों में भाजपा पवार और उद्धव जैसा ही हाल नीतीश कुमार और अरविंद केजरीवाल का करने की कोशिश भी करेगी। नीतीश के 45 में से 36 विधायकों को तोड़ने की बिसात बिछाना अमित भाई ने पहले दिन से ही शुरू कर दी थी। यह अलग बात है कि फ़िलवक़्त अपनी इस जाज़म की सिलवटें वे ठीक से मिटा नहीं पा रहे हैं। लेकिन उन के बहेलिया जाल के फंदे लगातार कसते जा रहे हैं। 2025 की सर्दिया अभी थोड़ी दूर हैं और अगर 2024 के आम चुनाव के समय भाजपा नीतीश के 16 लोकसभा और 5 राज्यसभा सदस्यों की सेंधमारी में थोड़ी भी क़ामयाब हो गई तो उस के फ़ौरन बाद वह बिहार की सरकार को गिराने के लिए दिन-रात एक कर देगी।

केजरीवाल का पवारकरण करने से भी भाजपा भला क्यों बाज़ आएगी? मुझे इस बात की पूरी संभावना लग रही है कि दिल्ली में विधानसभा का अगला चुनाव आने से पहले राष्ट्रीय राजधानी का विधायिका-चरित्र ही पूरी तरह बदल जाएगा। न रहेगी विधानसभा और न रहेगी केजरीवाल की सूरमाई। ज़ाहिर है कि आज आप को यह असंभव लगेगा, लेकिन मेरे इस इल्हाम को याद रखिएगा कि एक दिन पंजाब में भगवंत मान भी 69 विधायकों को ले कर ख़ुदमुख़्तारी का ऐलान कर सकते हैं। सरकार में बने रहने के लिए तो उन्हें 59 विधायक ही चाहिए होंगे, लेकिन 69 का साथ पा लेने पर केजरीवाल उन के ख़िलाफ़ दलबदल क़ानून का सहारा भी नहीं ले पाएंगे। अगर आप इसे चंडूखाने की तरंग समझ रहे हैं तो यह समझ लीजिए कि दशाननी तैयारियों का यह तहखाना तेज़ी से सज रहा है।

2024 की दहलीज़ पर पहुंचने के पहले विपक्षी एकता को तार-तार कर देने के लिए नरेंद्र भाई और अमित भाई कुछ भी कर गुज़रने को कमर कसे बैठे हैं। नवीन पटनायक, जगन रेड्डी और चिराग पासवान को तो भूल ही जाइए, के. चंद्रशेखर राव, अखिलेश यादव और सुखबीर बादल तक पर वे अपना जालबट्टा फेंक चुके हैं। ‘मोशा‘ मंडली जानती है कि लालूप्रसाद यादव, ममता बनर्जी, शरद पवार और नीतीश कुमार उन के झुकाए नहीं झुकेंगे, सो, उन्हें तोड़फोड़ देने की कार्रवाइयां शुरू हो गईं। बीच की मुंडेर पर बैठी मायावती के बारे में भाजपा को लग रहा है कि वे कांग्रेस से तालमेल कर लेंगी। इसलिए आने वाले दिनों में उन की पार्टी को भी तितर-बितर करने की बघनखी कोशिशें शुरू हो गई हैं।

नरेंद्र भाई के लोकतंत्र में लोक का अब कोई महत्व नहीं है। जो है, तंत्र है। दक्षिणमुखी व्यवस्था का वाम तंत्र। इस के फट् फट् स्वाहा मंत्रोच्चार में जनतंत्र के सारे मूल्य स्वाहा होते जा रहे हैं। लोकतंत्र के सारे सिद्धांत मौजूदा सियासत की बैताली साधना के दलदली तालाब में तिरोहित होते जा रहे हैं। नौ साल में जम्हूरियत की धमनियों से तक़रीबन सारा रक्त चूसा जा चुका है। जनतंत्र की काया कंकाल में तब्दील होती जा रही है। अपनी रिक्त शिराओं के सहारे वह कितनी दूरी तय कर पाएगी, कौन जाने!

मगर बावजूद इस के ‘मोशा’ बंधु भीतर से भयभीत हैं। आने वाले समय का घर्घर नाद उन्हें सुनाई देने लगा है। इसीलिए जहां एक तरफ़ वे अपने बल्लम-भाले ले कर विपक्ष को छिन्नभिन्न करने के लिए टूट पड़े हैं, वहीं पांच राज्यों की विधानसभाओं के चुनावों के साथ ही लोकसभा का चुनाव कराने की तैयारियां भी कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग को आम चुनाव की तैयारी रखने के गुपचुप संकेत दे दिए गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय समेत सभी मंत्रालयों को लंबित काम तेज़ी से निपटाने का इशारा कर दिया गया है। सो, मत-कुरुक्षेत्र के ऊंट की करवट पर निग़ाह रखिए।

(साभार - नया इंडिया)


टैग्स पत्रकार मीडिया कांग्रेस पीएम मोदी बीजेपी शरद पवार पत्रकार पंकज शर्मा अजित पवार
सम्बंधित खबरें

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

1 hour ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

5 hours ago

समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो एआई का इस्तेमाल: रजत शर्मा

मेरा यह मानना है कि सबसे ज़रूरी है, AI का इस्तेमाल रोज़मर्रा की जिंदगी में आने वाली समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो। भारी भरकम शब्दों से इसे परिभाषित करके उससे डराया न जाए।

1 day ago

मैट शूमर के लेख का मतलब क्या है? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

मैट ने सबको सलाह दी है कि हर रोज AI का इस्तेमाल गंभीरता से शुरू करें। ChatGPT , Gemini जैसे टूल को गूगल सर्च की तरह इस्तेमाल नहीं करें। उससे अपने रोजमर्रा के काम करवाए।

3 days ago

सभ्यतागत चेतना की पुनर्स्थापना का संकल्प: अनंत विजय

जब प्रधानमंत्री मोदी 2047 में विकसित भारत की बात करते हुए आध्यत्मिकता की बात करते हैं तो हमें स्मरण होता है कि यही काम तो अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अपने देश में कर रहे हैं।

3 days ago


बड़ी खबरें

PM मोदी ने लॉन्च किया ‘MANAV विजन’, इंसान-केंद्रित AI में भारत की नई पहल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में “MANAV- इंडिया’स ह्यूमन विजन फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” पेश किया।

1 hour ago

JioStar ने बदली अपनी रेवेन्यू स्ट्रैटजी, टीवी व डिजिटल सेल्स अब अलग-अलग

'जियोस्टार' (JioStar) ने एक बार फिर अपनी कमाई यानी रेवेन्यू की स्ट्रैटजी में बड़ा बदलाव किया है।

3 hours ago

Tips Films के ऑफिस में GST विभाग की जांच, कंपनी ने कहा– कामकाज सामान्य

मुंबई की फिल्म प्रोडक्शन कंपनी Tips Films Limited के दफ्तरों पर जीएसटी विभाग ने जांच शुरू की है।

3 hours ago

AI के केंद्र में इंसान की सुरक्षा और गरिमा सबसे ऊपर: अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के चौथे दिन साफ कहा कि AI के फायदे जितने बड़े हैं, उसके खतरे भी उतने ही गंभीर हो सकते हैं।

1 hour ago

अडानी ग्रुप का बड़ा ऐलान, AI डेटा सेंटर के लिए किया जाएगा 100 अरब डॉलर का निवेश

अडानी ग्रुप ने एक बड़ा ऐलान किया है। ग्रुप ने कहा है कि वह 2035 तक 100 अरब अमेरिकी डॉलर का सीधा निवेश करेगा।

3 hours ago