होम / विचार मंच / अफवाहें फैलाने वालों को पीएम मोदी ने हमेशा गलत साबित किया: रजत शर्मा
अफवाहें फैलाने वालों को पीएम मोदी ने हमेशा गलत साबित किया: रजत शर्मा
अब पिछले कई दिनों से ये चर्चा चलाई गई कि आरएसएस और प्रधानमंत्री के बीच दरार है। ये कहा गया कि आरएसएस मोदी से नाराज़ है। पर कहते हैं कि सौ सुनार की, एक लुहार की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
रजत शर्मा, इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘रिटायरमेंट’ को लेकर उड़ाई जा रही अफवाहों पर फुल स्टॉप लगा दी। संघ के वरिष्ठ नेता भैयाजी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक स्वयंसेवक की तरह नागपुर में रविवार को आरएसएस मुख्यालय आए थे। उनके साथ आरएसएस के शताब्दी वर्ष की योजना पर बात हुई, लेकिन उत्तराधिकारी को लेकर न बात हुई, न चर्चा हुई, ये सब बेकार की बातें हैं।
दरअसल, उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेता संजय राउत ने ये शिगूफा छोड़ा था। संजय राउत ने कहा कि नरेंद्र मोदी के रिटायरमेंट का वक्त आ गया है, वह सितंबर में रिटायर हो रहे हैं, आरएसएस भी नेतृत्व में बदलाव चाहता है। संजय राउत ने ये भी दावा कर दिया कि उन्हें तो यहां तक संकेत मिले हैं कि मोदी का उत्तराधिकारी महाराष्ट्र से होगा, मराठी मानुष होगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मोदी जी का उत्तराधिकारी खोजने का कोई कारण ही नहीं, मोदीजी हमारे नेता हैं, अगले कई साल तक मोदी जी काम करेंगे, हम सभी का आग्रह है, साल 2029 में मोदी जी प्रधानमंत्री बनें, यह पूरा देश चाहता है। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद से हटाने की इच्छा रखने वालों की कमी नहीं है। जो पिछले तीन चुनाव में मोदी को नहीं हरा पाए, वो कभी चीन से, तो कभी अमेरिका से उम्मीद लगाते हैं, कभी कहते हैं कि किसान या फिर मुसलमान मोदी को हटा देंगे।
कुछ लोग तो ये भी उम्मीद लगाये बैठे हैं कि मोदी अपने आप तपस्या करने हिमालय की ओर चले जाएंगे। पर शेखचिल्ली को सपने देखने से आजतक कौन रोक पाया है? लोकसभा के चुनाव के दौरान केजरीवाल ने कहा था कि मोदी अमित शाह को पीएम बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। जनता ने केजरीवाल को ही साफ कर दिया।
अब पिछले कई दिनों से ये चर्चा चलाई गई कि आरएसएस और प्रधानमंत्री के बीच दरार है। ये कहा गया कि आरएसएस मोदी से नाराज़ है। पर कहते हैं कि सौ सुनार की, एक लुहार की। मोदी ने नागपुर जाकर इन सारी अटकलों को धराशायी कर दिया। आज नया शिगुफा छोड़ा गया। मोदी को हटाने की wishful thinking अगर किसी की है, तो उसे कोई नहीं रोक सकता। लेकिन सच ये है कि नरेंद्र मोदी अपना कार्यकाल आराम से पूरा करेंगे।
जनता ने जिताया तो 2029 में फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। मोदी का न तो कोई विकल्प है, न कोई उत्तराधिकारी और न कोई नंबर 2। मैं तो कहता हूं कि नंबर 1 से लेकर नंबर 10 तक फिलहाल कोई नहीं है। मोदी के पद छोड़ने, उत्तराधिकारी चुनने की बातें पूरी तरह हवा-हवाई हैं। ये सिर्फ नरेंद्र मोदी तय करेंगे कि उन्हें कब तक बीजेपी को लीड करना है।
जितना परिश्रम वो कर रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि अभी 5-10 साल तो किसी का कोई चांस नहीं है। टॉप पर कोई वैकेंसी नहीं है। अटकलें लगाने वालों को, अफवाहें फैलाने वालों को मोदी ने बार-बार गलत साबित किया है। और इस बार ये लोग फिर गलत साबित होंगे।
( यह लेखक के निजी विचार हैं )
टैग्स