होम / विचार मंच / एक खालिस्तान समर्थक पर चरणजीत सिंह चन्नी की टिप्पणी कभी स्वीकार्य नहीं: रजत शर्मा

एक खालिस्तान समर्थक पर चरणजीत सिंह चन्नी की टिप्पणी कभी स्वीकार्य नहीं: रजत शर्मा

चन्नी की अगुआई में कांग्रेस विधानसभा चुनाव बुरी तरह हारी। इसके बाद भी राहुल गांधी ने चन्नी को पार्टी के नेताओं के विरोध के बाद भी जालंधर से टिकट दिया।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago

रजत शर्मा , इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ।

संसद में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह का समर्थन करके अपनी पार्टी को खासी परेशानी में डाल दिया, सबको चौंका दिया। चन्नी ने कहा कि अमृतपाल सिंह को जेल में रखना, उसके बोलने पर पांबदी लगाने की कोशिश करना, संविधान के खिलाफ है। चन्नी ने कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं, लोकसभा चुनाव जीतने के बाद भी अमृतपाल सिंह को जेल में रखा जा रहा है, उसे संसद में आने से रोका जा रहा है, ये जनादेश का अपमान है।

अमृतपाल सिंह पिछले एक साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है क्योंकि उसने देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की कोशिश की, अजनाला थाने पर हमला किया, अलग खालिस्तान की मांग उठाई, हथियारों के साथ पुलिस फोर्स पर हमला बोला। अमृतपाल सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) समेत तमाम संगीन धाराओं में 12 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वो खुलेआम खालिस्तान की बात करता है, लोगों को भड़काता है।

इसके बाद भी चन्नी ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की संसद  में खड़े होकर हिमायत की। इस पर बीजेपी ने कांग्रेस से सवाल पूछे और इसपर कांग्रेस के नेताओं का जवाब देना मुश्किल हो गया। शाम को कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक वाक्य का ये बयान जारी किया कि चन्नी ने अमृतपाल सिंह के बारे में जो कुछ कहा है, वो उनकी निजी राय है और ये कांग्रेस पार्टी का स्टैंड नहीं है।

चन्नी ने एक नहीं बल्कि कई विवाद खड़े किए। उन्होंने इल्जाम लगा दिया कि सरकार ने किसानों के खिलाफ NSA लगा उन्हें जेल में डाल दिया, लेकिन जब उनसे किसानों के नाम बताने को कहा गया तो चन्नी के पास जवाब नहीं था। इसके बाद चन्नी की केन्द्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से तीखी झड़प हो गई।  दरअसल लोकसभा में बजट पर चर्चा हो रही थी। चन्नी बजट को  गरीब विरोधी, किसान विरोधी, पंजाब विरोधी बता रहे थे। यहां तक तो ठीक था लेकिन इसके बाद चन्नी बहक गए। पहले उन्होंने कहा कि सरकार ने एजेंसियों को विरोधी दलों के नेताओं के पीछे लगा दिया, देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं और अपनी बात को साबित करने के लिए चन्नी ने अमृतपाल सिंह का जिक्र कर दिया।

चन्नी ने कहा कि ये भी तो इमरजेंसी है कि जिस व्यक्ति को चार लाख लोगों ने चुना, उसको NSA लगाकर जेल में रखा गया, उसके बोलने की आजादी छीनी गई । जैसे ही चन्नी ने खालिस्तानी अमृतपाल सिंह का समर्थन किया, तो कांग्रेस के नेता उनका मुंह ताकते रह गए लेकिन चन्नी रुके नहीं। चन्नी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह को लेकर गलत कमेंट किया। बेअंत सिंह की हत्या खालिस्तानी आतंकवादियों ने  1995 में उस वक्त की थी, जब वो पंजाब के मुख्यमंत्री थे। बेअंत सिंह के पोते रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस में थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गये , चुनाव हार गए, लेकिन अब केन्द्र सरकार में मंत्री हैं।

जब चन्नी ने मोदी सरकार की तुलना अंग्रेजों की हुकूमत से की, तो बिट्टू ने इसका विरोध किया। इससे नाराज चन्नी ने बिट्टू पर उनके दादा बेअंत सिंह की शहादत को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, इसके बाद सदन में हंगामा हो गया और कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।  बिट्टू ने जबाव देने में देर नहीं की। बिट्टू ने भी चन्नी को पंजाब का सबसे भ्रष्ट  नेता बताया।

बीजेपी ने खालिस्तानी अमृतपाल के समर्थन को बड़ा मुद्दा बना दिया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पूछा, क्या कांग्रेस के नेता ये भूल गए कि इंदिरा गांधी की हत्या खालिस्तानियों ने की थी? क्या खालिस्तानियों को लेकर अब कांग्रेस का स्टैंड बदल गया है? कांग्रेस के नेता चरणजीत सिंह चन्नी के बयान से कन्नी काट रहे हैं, कोई उनके बयान को उनकी निजी राय बताकर किनारा कर रहा है, तो कोई कह रहा है कि उन्होंने चन्नी की बात सुनी ही नहीं।  

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने  कहा कि चन्नी को जो बोलना था, बोल दिया, लेकिन सवाल ये है कि क्या कांग्रेस का यही स्टैंड है? ये बात कांग्रेस पार्टी को साफ करनी चाहिए।

सवाल है कि चरणजीत सिंह चन्नी ने अमृतपाल का समर्थन क्यों किया? ये समझने के लिए इन दोनों की पृष्ठभूमि समझना जरूरी है। पिछला लोकसभा चुनाव अमृतपाल सिंह ने खडूर साहिब से करीब दो लाख मतों के अन्तर से जीता। कांग्रेस को हराया और आम आदमी पार्टी और अकाली उम्मीदवारों के तीसरे और चौथे स्थान पर पहुंचा दिया। इस जीत ने पंजाब के लोगों को चौंका दिया क्योंकि वो साल भर पहले विदेश से भारत आया था और अचानक उसने पंजाब में हथियार उठा लिए।

पूरे देश ने टीवी पर देखा कि पिछले साल 18 मार्च को अमृतपाल ने सरेआम हथियारों से लैस होकर अपने समर्थकों के साथ अजनाला थाने पर हमला किया। अमृतपाल पर पंजाब में आर्म्स एक्ट की धाराओं में 7 मामले दर्ज हुए थे। फिर उसने खुलकर खालिस्तान की मांग का समर्थन किया। उस पर देशद्रोह के आरोप लगे, पंजाब की पूरी पुलिस फोर्स उसे ढूंढती रही, एक महीने की तलाशी के बाद वो पकड़ा गया। उस वक्त उसका विदेशों में बैठे खालिस्तानियों ने समर्थन किया, भारत सरकार के खिलाफ धमकियों भरे वीडियो जारी किए।

अमृतपाल पिछले एक साल से  असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। उसके खिलाफ NSA लगाया गया है। इस पृष्ठभूमि की वजह से पंजाब में मुख्यधारा वाली कोई राजनीतिक पार्टी अमृतपाल का समर्थन नहीं करती और ना ही उसकी गिरफ्तारी पर किसी ने सवाल उठाए।  इसीलिए जब चन्नी ने संसद में  अमृतपाल के प्रति सहानुभूति जाहिर की तो सब चौंक गए।

अब चन्नी की  पृष्ठभूमि को समझें। चन्नी कांग्रेस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के विश्वासपात्र हैं। सोनिया गांधी ने कैप्टन अमरिन्दर सिंह को हटाकर चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया था। चन्नी की अगुआई में कांग्रेस विधानसभा चुनाव बुरी तरह  हारी। इसके बाद भी राहुल गांधी ने चन्नी को पार्टी के नेताओं के विरोध के बाद भी जालंधर से टिकट दिया। वो पहली बार चुनाव जीतकर लोकसभा के सदस्य बने।

इसीलिए अब ये सवाल उठ रहा है कि क्या खालिस्तानियों को लेकर कांग्रेस का स्टैंड बदल गया है? पंजाब में मैंने आंतकवादियों के तांडव देखा है। पंजाब के आंतकवाद को मैंने एक रिपोर्टर के तौर पर कवर किया है। इसीलिए मुझे हैरानी हुई कि चन्नी आतंकवाद के उस दौर को कैसे भूल गए? वो कैसे भूल गए कि प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या पंजाब के आतंकवाद का नतीजा थी।

सरदार बेअंत सिंह को भी आतंकवादियों ने मारा था। पंजाब को आतंकवाद के दौर से निकालने के लिए हमारी सशस्त्र सेनाओं के हजारों जवानों ने कुर्बानियां दीं। इसीलिए कोई भी अगर पंजाब को उस खतरनाक दौर में ले जाने की कोशिश करेगा तो पूरा देश मिलकर उसका विरोध करेगा। मुझे लगता है चन्नी ने जो कहा, उससे कांग्रेस सहमत नहीं होगी। ये कांग्रेस की सोच नहीं हो सकती। हालांकि आज ऐसा लगा कि चन्नी ये तय करके आए थे कि उन्हें किसी भी कीमत पर, कुछ भी कहकर सिर्फ सरकार को कोसना है। इसीलिए उन्होंने खालिस्तान का नाम लेकर किसानों के मुद्दे पर भी ऐसी बात कह दी जो  बिल्कुल गलत थी।

( यह लेखक के निजी विचार हैं )


टैग्स संसद चरणजीत सिंह चन्नी खालिस्तान रजत शर्मा ब्लॉग
सम्बंधित खबरें

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

10 hours ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

1 day ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

1 day ago

समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो एआई का इस्तेमाल: रजत शर्मा

मेरा यह मानना है कि सबसे ज़रूरी है, AI का इस्तेमाल रोज़मर्रा की जिंदगी में आने वाली समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो। भारी भरकम शब्दों से इसे परिभाषित करके उससे डराया न जाए।

2 days ago

मैट शूमर के लेख का मतलब क्या है? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

मैट ने सबको सलाह दी है कि हर रोज AI का इस्तेमाल गंभीरता से शुरू करें। ChatGPT , Gemini जैसे टूल को गूगल सर्च की तरह इस्तेमाल नहीं करें। उससे अपने रोजमर्रा के काम करवाए।

4 days ago


बड़ी खबरें

सिर्फ सत्ता नहीं, बदलाव की कहानी है ‘Revolutionary Raj’: आलोक मेहता

वरिष्ठ संपादक (पद्मश्री) और जाने-माने लेखक आलोक मेहता ने अपनी कॉफी टेबल बुक “Revolutionary Raj: Narendra Modi’s 25 Years” से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है।

23 hours ago

ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी

एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।

8 hours ago

Decode ने पूरे किए 200 एपिसोड: यूट्यूब व्यूज़ और सब्सक्राइबर में बना नंबर 1

डीडी न्यूज के प्राइम टाइम शो डिकोड विद सुधीर चौधरी ने 200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। यूट्यूब पर मिले कुल व्यूज़ में इसका योगदान 74 प्रतिशत और नए सब्सक्राइबर में 75 प्रतिशत रहा।

5 hours ago

AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया। जियो सस्ता और सुलभ इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगा, जिससे भारत को इंटेलिजेंस के नए युग से जोड़ने की तैयारी है।

9 hours ago

विशाखापट्टनम बनेगा गूगल का बड़ा AI हब, सुंदर पिचाई ने जताया भरोसा

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि विशाखापट्टनम एक दिन ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब बन जाएगा।

6 hours ago