होम / टीवी / न्यूज18 के पत्रकार को मंत्रीजी ने कुछ यूं पढ़ाया रिपोर्टिंग का 'पाठ'
न्यूज18 के पत्रकार को मंत्रीजी ने कुछ यूं पढ़ाया रिपोर्टिंग का 'पाठ'
झोलाछाप डाक्टरों के विरुद्ध चैनल द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत कवरेज के लिए गए पत्रकार के साथ हो गई थी मारपीट
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
मीडियाकर्मियों को वर्तमान दौर में खबरों के दबाव के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक खबरों को लिखने व दिखाने के चलते यूपी में प्रशासन द्वारा पत्रकारों पर मुकदमे कायम कराने के मामले संज्ञान में आए थे, लेकिन इस बार छोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे एक निजी चैनल के अभियान के खिलाफ यूपी सरकार के मंत्री न सिर्फ आरोपितों के पक्ष में खड़े नजर आए, बल्कि रिपोर्टिंग कैसे की जाए, इसका ज्ञान देने से भी नहीं चूके।
मामला उत्तर प्रदेश में जनपद अमरोहा के सदर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक न्यूज18 यूपी/यूके के जिला संवाददाता शिवम शर्मा अपने एक साथी पत्रकार के साथ 25 सितंबर को झोलाछाप डाक्टरों के विरुद्ध अपने चैनल द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत कवरेज के लिए गए थे। इसी दौरान बिना रजिस्ट्रेशन के जसवंत नामक एक तथाकथित चिकित्सक कुछ मरीजों को एडमिट करके इलाज कर रहा था।
पत्रकार ने अपना परिचय देते हुए क्लीनिक व एडमिट मरीजों का विडियो बनाकर डाक्टर से बातचीत करनी चाहिए तो जसवंत को ये सब नागवार गुजरा। उसने विडियो डिलीट करने की बात कहते हुए अपने क्लीनिक की नर्स के साथ अभद्रता करने के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी, लेकिन पत्रकार विडियो डिलीट करने से साफ मना करते हुए वहां से निकलने लगे। अपनी पोल खुलने के भय से जसवंत ने वहां मौजूद स्टाफ के साथ मिलकर पत्रकार व साथी कैमरामैन से कैमरा छीनकर मारपीट शुरू कर दी। इसी हाथापाई में पत्रकार का मोबाइल व कैमरा टूट गया।
इसकी जानकारी पत्रकार ने अपने चैनल को दी, जहां से खबर भी चलाई गई, वहीं एसपी को पूरे वाकये से अवगत कराते हुए सदर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को हिरासत में भी ले लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा के नेता व मंत्री चेतन चौहान के सिफारिशी फोन पर पुलिस ने आरोपित छोलाछाप को थाने से छोड़ दिया था। पत्रकार शिवम ने इस संबंध में मंत्री चेतन चौहान कर मामले से अवगत कराया तो मंत्रीजी पत्रकारिता के एथिक्स की दुहाई देते किसी की निजता उल्लघंन के बारे में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की दुहाई देते हुए उल्टा पत्रकार को खरी-खरी सुनाने लगे। पत्रकार व मंत्री चेतन चौहान के बीच वायरल हुई बातचीत का ऑडियो सुनने के लिए क्लिक करें।
वहीं दूसरी ओर पत्रकार की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप डाक्टर के क्लीनिक को सीज करते हुए जांच बैठाकर रजिस्ट्रेशन, डिग्री व अन्य कागजात मांगते हुए नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार झोलाछाप डाक्टर ने भी पत्रकार पर दबाव बनाने के लिए धमकी, उत्पीड़न, गालीगलौज की तहरीर थाने में दी है।
टैग्स पत्रकार मंत्री झोलाछाप डाक्टर चेतन चौहान शिवम शर्मा