देश के प्रतिष्ठित हिंदी न्यूज चैनल 'न्यूज18 इंडिया' (News18 India) ने अपने नए फ्लैगशिप प्राइम-टाइम शो ‘देश की पाठशाला’ के लॉन्च की घोषणा की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
News18 India का बड़ा कदम: सुशांत सिन्हा के साथ शुरू होगा ‘देश की पाठशाला’, खबरों को समझाने का नया अंदाज
देश के प्रतिष्ठित हिंदी न्यूज चैनल 'न्यूज18 इंडिया' (News18 India) ने अपने नए फ्लैगशिप प्राइम-टाइम शो ‘देश की पाठशाला’ के लॉन्च की घोषणा की है। जाने-माने टीवी न्यूज एंकर व वरिष्ठ पत्रकार सुशांत सिन्हा इस कार्यक्रम को होस्ट करेंगे। यह शो चैनल के प्राइम-टाइम लाइनअप को और मजबूत करेगा और दर्शकों के सामने समाचार प्रस्तुत करने का एक बिल्कुल नया एक्सप्लेनर फॉर्मेट लेकर आएगा। इसका उद्देश्य सिर्फ खबरें बताना नहीं, बल्कि उनके पीछे का संदर्भ, कारण और प्रभाव भी समझाना है।
तेज रफ्तार न्यूज साइकिल और सूचनाओं की भरमार वाले इस दौर में ‘देश की पाठशाला’ इस सोच पर आधारित है कि खबरों को केवल रिपोर्ट करना ही पर्याप्त नहीं है, उन्हें समझना भी उतना ही जरूरी है। इसी विचार को शो की टैगलाइन में समेटा गया है- “खबर सिर्फ बताने के लिए नहीं, समझाने के लिए भी होती है।”
यह कार्यक्रम विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला को कवर करेगा। दुनिया के समृद्ध इतिहास और जटिल भूगोल से लेकर बदलते राजनीतिक परिदृश्य, नई वैज्ञानिक खोजों, सरकारी नीतियों और महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों तक, शो का उद्देश्य दर्शकों को हर विषय की पूरी तस्वीर दिखाना है।
अपने नाम के अनुरूप ‘देश की पाठशाला’ जटिल और बहुस्तरीय विषयों को आसान भाषा में समझाएगा। इसमें मैप्स, टाइमलाइन, डेटा ग्राफिक्स और ग्राउंड रिपोर्ट्स का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि छात्र से लेकर नीति-निर्माता तक हर दर्शक विषय को स्पष्ट रूप से समझ सके। कार्यक्रम लगातार तीन अहम सवालों के जवाब देने की कोशिश करेगा- यह खबर क्यों हो रही है, इसका आप पर क्या असर पड़ेगा और इतिहास हमें इसके बारे में क्या बताता है?
News18 India की मैनेजिंग एडिटर Jyoti Kamal ने कहा, “News18 India में हमारा हमेशा से मानना रहा है कि दर्शक सिर्फ हेडलाइंस से ज्यादा के हकदार हैं। ‘देश की पाठशाला’ ऐसी पत्रकारिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है जो जानकारी देने के साथ-साथ शिक्षित और सशक्त भी बनाती है। मीडिया के शोर-शराबे के बीच हम ऐसा शो तैयार कर रहे हैं जो गहराई और गंभीरता का प्रतिनिधित्व करेगा। हमें विश्वास है कि सुशांत के नेतृत्व में यह कार्यक्रम न केवल हमारे प्राइम-टाइम ऑफरिंग को मजबूत करेगा, बल्कि हिंदी न्यूज टेलीविजन में एक्सप्लेनर पत्रकारिता का नया मानक भी स्थापित करेगा।”
अपने नए शो के बारे में बात करते हुए Sushant Sinha ने कहा, “हम ऐसे समय में जी रहे हैं जब जानकारी तो बहुत है, लेकिन समझ कम है। ‘देश की पाठशाला’ इसी अंतर को भरने की कोशिश है। हमारा उद्देश्य दर्शकों को सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज तक सीमित न रखकर, उस खबर के पीछे की पूरी कहानी तक ले जाना है। हर एपिसोड डेटा, इतिहास और विश्लेषण की एक यात्रा होगा, जिसे हर वर्ग के दर्शकों के लिए आसान और रोचक बनाया जाएगा। मैं चाहता हूं कि किसी छोटे शहर का छात्र भी उतनी ही जानकारी हासिल कर सके, जितनी किसी नीति-निर्माण कक्ष में बैठा व्यक्ति करता है। यही इस शो का वादा है।”
‘देश की पाठशाला’ का प्रसारण 16 जून से हर दिन रात 8:50 बजे किया जाएगा। दर्शक इसे टीवी, CTV और YouTube पर देख सकेंगे। यह शो हिंदी न्यूज टेलीविजन में एक्सप्लेनर पत्रकारिता को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
‘जियोस्टार’ (JioStar) ने ICC Women’s T20 World Cup 2026 के लिए अपने स्पॉन्सर्स की घोषणा की है। Google Gemini, Herbalife, Havells और Parle Products समेत कई बड़े ब्रांड्स टूर्नामेंट से जुड़े हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ICC Women’s T20 World Cup 2026 के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर (Broadcaster) और स्ट्रीमिंग पार्टनर (Streaming Partner) ‘जियोस्टार’ (JioStar) ने गुरुवार को टूर्नामेंट के लिए अपनी स्पॉन्सर लाइन-अप (Sponsor Line-up) की घोषणा की। 'गूगल जेमिनी' (Google Gemini), 'हर्बालाइफ' (Herbalife), 'हैवेल्स' (Havells) और 'पार्ले प्रोडक्ट्स' (Parle Products) को Co-Presenting Partners बनाया गया है।
वहीं 'गूगल पे' (Google Pay), 'राडो' (Rado) और 'कैंपा एनर्जी' (Campa Energy) एसोसिएट पार्टनर्स (Associate Partners) के रूप में जुड़े हैं। इसके अलावा 'एडिडास' (adidas) को प्री और पोस्ट लाइव शोज़ (Pre and Post Live Shows) का टाइटल पार्टनर (Title Partner) बनाया गया है।
‘जियोस्टार’ (JioStar) के अनुसार, इस बार महिला क्रिकेट में उसकी तरफ से तीन नए तरह के ब्रांड्स पहली बार जुड़े हैं। 'एडिडास' (adidas) महिला क्रिकेट से जुड़ने वाला पहला वैश्विक स्पोर्ट्सवियर ब्रांड (Global Sportswear Brand) बना है। वहीं 'राडो' (Rado) के रूप में पहली बार कोई लग्जरी ब्रांड (Luxury Brand) महिला क्रिकेट के लाइव प्रसारण से जुड़ा है। 'कैंपा एनर्जी' (Campa Energy) ने भी महिला क्रिकेट को अपनी पहुंच और पहचान बढ़ाने के मंच के रूप में चुना है।
'ICC Women’s T20 World Cup 2026' की शुरुआत 12 जून यानी आज से होगी। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड (England) का सामना श्रीलंका (Sri Lanka) से होगा। भारतीय टीम 14 जून को पाकिस्तान (Pakistan) के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण 'स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क' (Star Sports Network) पर किया जाएगा, जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग (Live Streaming) 'जियोहॉटस्टार' (JioHotstar) पर उपलब्ध होगी।
तमिलनाडु के सरकारी केबल टेलीविजन नेटवर्क अरसु केबल टीवी पर मंगलवार को तीन तमिल न्यूज चैनल- पोलिमर न्यूज, न्यूज तमिल 24x7 और तमिल जनम का प्रसारण बंद हो गया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
तमिलनाडु के सरकारी केबल टेलीविजन नेटवर्क अरसु केबल टीवी पर मंगलवार को तीन तमिल न्यूज चैनल- पोलिमर न्यूज, न्यूज तमिल 24x7 और तमिल जनम का प्रसारण बंद हो गया।
विपक्ष का आरोप है कि इन चैनलों को सरकार ने निशाना बनाया है, क्योंकि वे लगातार कानून-व्यवस्था, सत्तारूढ़ दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं की कथित ज्यादतियों, महिलाओं की सुरक्षा और राज्य में बढ़ते नशे के खतरे जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे थे।
AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने सरकार पर असहमति की आवाज को दबाने और प्रेस की स्वतंत्रता का गला घोंटने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट में एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा कि यह कदम उस घटना के बाद उठाया गया है, जब एक अन्य न्यूज चैनल को भी ऑफ एयर कर दिया गया था। उस चैनल ने मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान पत्रकारों से मुलाकात नहीं करने के फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों और मीडिया संगठनों के व्यापक विरोध के बाद ही उस चैनल का प्रसारण दोबारा बहाल किया गया था।
इस बीच, चेन्नई प्रेस क्लब ने भी न्यूज चैनलों के कथित ब्लैकआउट की कड़ी निंदा की है। क्लब ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल चैनलों का प्रसारण बहाल करने की मांग की है।
हालांकि, तमिलनाडु सरकार की फैक्ट-चेक इकाई TN Fact Check ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। इकाई ने X पर जारी अपने बयान में कहा कि चैनलों को हटाए जाने की खबरें गलत हैं।
फैक्ट-चेक इकाई के अनुसार, तीनों चैनल केवल कुछ सेट-टॉप बॉक्स पर तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं हैं। प्रभावित चैनलों को इस बारे में जानकारी दे दी गई है और समस्या को दूर करने का काम किया जा रहा है।
इकाई ने बताया कि अनुबंधित सेवा प्रदाता मंतरा इंडस्ट्रीज लिमिटेड सुधारात्मक कदम उठा रही है और सामान्य प्रसारण को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किए जा रहे हैं।
TN Fact Check ने उन आरोपों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि चैनलों का प्रसारण सेट-टॉप बॉक्स कंपनी को बकाया भुगतान न किए जाने की वजह से बाधित हुआ है।
அரசு கேபிள் ஒளிபரப்பிலிருந்து 3 செய்தி சேனல்கள் நீக்கம் என பரவும் தவறான தகவல்
— TN Fact Check (@tn_factcheck) June 9, 2026
பரவும் செய்தி
தமிழக அரசு கேபிள் ஒளிபரப்பிலிருந்து பாலிமர், நியூஸ் தமிழ் 24X7 மற்றும் தமிழ் ஜனம் ஆகிய செய்தி சேனல்கள் நீக்கப்பட்டுள்ளதாக சமூக வலைதளங்களில் தவறான தகவல் பரவி வருகிறது.
உண்மை என்ன ?
இது… pic.twitter.com/RbEZYLrvGO
e4m Connected TV Conference के एक खास फायरसाइड चैट में Publicis Media South Asia के सीईओ लालतेंदु दास और 'एक्सचेंज4मीडिया' के को-फाउंडर नवल आहूजा के बीच बातचीत होगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
e4m Connected TV Conference का चौथा संस्करण 11 जून को मुंबई में आयोजित होने जा रहा है। इस सम्मेलन में विज्ञापन और मार्केटिंग जगत के कई प्रमुख इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स, मार्केटर्स और बिजनेस लीडर्स एक मंच पर जुटेंगे। इस बार के e4m Connected TV Conference में एक खास फायरसाइड चैट होगी, जिसमें Publicis Media South Asia के सीईओ लालतेंदु दास और 'एक्सचेंज4मीडिया' के को-फाउंडर नवल आहूजा के बीच बातचीत होगी।
यह चर्चा ‘AI, Data & CTV: Building the Next Generation of Media Growth’ विषय पर केंद्रित होगी। Connected TV (CTV) की बढ़ती लोकप्रियता के बीच यह सत्र इस बात पर प्रकाश डालेगा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा आधारित रणनीतियां किस तरह मीडिया इंडस्ट्री को बदल रही हैं। इस बातचीत से यह समझने का अवसर मिलेगा कि तकनीक की बदलती भूमिका किस तरह बेहतर व्यावसायिक परिणाम हासिल करने में मदद कर रही है।
e4m Connected TV Conference में CTV के अगले दौर पर होगी गहन चर्चा
लालतेंदु दास इस सत्र में अपने अनुभव और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे। वह बताएंगे कि ब्रांड्स किस तरह AI और डेटा का इस्तेमाल करके Connected TV प्लेटफॉर्म्स पर उपभोक्ताओं को अधिक व्यक्तिगत और प्रभावी अनुभव दे सकते हैं।
इस चर्चा में यह भी सामने आएगा कि AI, डेटा और Connected TV का मेल किस तरह इनोवेशन, ऑडियंस एंगेजमेंट और विज्ञापन की प्रभावशीलता के नए अवसर पैदा कर रहा है। साथ ही यह सत्र इंडस्ट्री के सामने उभर रहे नए अवसरों, दर्शकों के बदलते व्यवहार, भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा करेगा।
इंडस्ट्री जगत के सीनियर लीडर्स, मार्केटर्स, मीडिया प्रोफेशनल्स और एक्सपर्ट्स की मौजूदगी में होने वाली यह फायरसाइड चैट मीडिया ग्रोथ के भविष्य को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। इसमें शामिल होने वाले लोगों को Connected TV, AI और डेटा आधारित मीडिया रणनीतियों के भविष्य से जुड़ी कई अहम जानकारियां और उपयोगी इनसाइट्स मिलने की उम्मीद है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का मानना है कि जब न्यूज ब्रॉडकास्टर्स को रेटिंग डेटा ही उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, तो उनसे उस सेवा के लिए शुल्क लेना उचित नहीं होगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
न्यूज चैनलों की TRP पर जारी रोक के बीच केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) को निर्देश दिया है कि जब तक न्यूज चैनलों की टेलीविजन रेटिंग (TRP) जारी नहीं की जा रही है, तब तक उनसे ऑडियंस मेजरमेंट सर्विस के लिए कोई सब्सक्रिप्शन शुल्क न लिया जाए।
मामले से जुड़े इंडस्ट्री जगत के अधिकारियों के अनुसार, मंत्रालय का मानना है कि जब न्यूज ब्रॉडकास्टर्स को रेटिंग डेटा ही उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, तो उनसे उस सेवा के लिए शुल्क लेना उचित नहीं होगा। इसी आधार पर BARC को निर्देश दिया गया है कि TRP सस्पेंशन या तथाकथित ‘डार्क पीरियड’ के दौरान न्यूज चैनलों से फीस न वसूली जाए।
हालांकि, इस फैसले के बाद BARC की स्वायत्तता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इंडस्ट्री से जुड़े कई विशेषज्ञों का कहना है कि BARC एक इंडस्ट्री-नेतृत्व वाली संस्था है और सदस्यता शुल्क जैसे मामलों में निर्णय आमतौर पर संस्था के भीतर ही लिए जाते रहे हैं। ऐसे में मंत्रालय का सीधे हस्तक्षेप करना एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। खबर लिखे जाने तक BARC की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
TRP बंदी से पहले ही जूझ रही है इंडस्ट्री
टीवी न्यूज इंडस्ट्री लंबे समय से साप्ताहिक TRP डेटा के बिना काम कर रही है। TRP को विज्ञापन सौदों, मीडिया प्लानिंग और कार्यक्रमों की स्ट्रैटेजी तय करने का प्रमुख आधार माना जाता है। ऐसे में रेटिंग्स के अभाव ने न्यूज चैनलों और विज्ञापनदाताओं दोनों के सामने चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
BARC अपनी आय का एक हिस्सा ब्रॉडकास्टर्स और अन्य हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से मिलने वाले सब्सक्रिप्शन शुल्क से प्राप्त करता है। TRP डेटा बंद होने के बाद इंडस्ट्री में यह बहस चल रही थी कि जब सेवा उपलब्ध नहीं है तो क्या चैनलों को इसके लिए भुगतान करना चाहिए। मंत्रालय के ताजा निर्देश के बाद फिलहाल यह विवाद समाप्त होता नजर आ रहा है।
चार सप्ताह और बढ़ाई गई TRP सस्पेंशन अवधि
यह निर्देश ऐसे समय आया है जब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने न्यूज चैनलों की टीवी रेटिंग्स पर लगी रोक को चार सप्ताह और बढ़ा दिया है। BARC ने हाल ही में अपने सब्सक्राइबर्स को सूचित किया था कि मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार न्यूज चैनलों की ऑडियंस रेटिंग्स को फिलहाल और जारी नहीं किया जाएगा।
इस साल मार्च में मंत्रालय ने पश्चिम एशिया संघर्ष से जुड़ी टीवी न्यूज कवरेज में कथित सनसनीखेज और अटकलों पर आधारित रिपोर्टिंग की चिंताओं का हवाला देते हुए न्यूज रेटिंग्स पर रोक लगाई थी। सरकार का तर्क था कि TRP आधारित प्रतिस्पर्धा गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग को बढ़ावा दे सकती है। इसके बाद इस रोक को कई बार बढ़ाया जा चुका है।
नई TRP नीति पर भी जारी है विवाद
TRP सस्पेंशन के समानांतर सरकार ने हाल ही में टेलीविजन रेटिंग पॉलिसी 2026 लागू की है, जिसने 2014 के पुराने दिशानिर्देशों की जगह ली है। नई नीति में कई संरचनात्मक बदलाव किए गए हैं, जिनका उद्देश्य दर्शक मापन प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना बताया गया है।
नई नीति का सबसे चर्चित प्रावधान ‘लैंडिंग पेज’ व्यूअरशिप को अंतिम रेटिंग गणना से बाहर करना है। लैंडिंग पेज वह चैनल होता है जो टीवी ऑन करते ही डिफॉल्ट रूप से दिखाई देता है। कई न्यूज चैनल लंबे समय से इस व्यवस्था को रेटिंग्स को कृत्रिम रूप से बढ़ाने वाला मानते रहे हैं।
हालांकि, इस प्रावधान का केबल डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म और मल्टी सिस्टम ऑपरेटर्स (MSOs) ने विरोध किया। मामला बाद में केरल हाईकोर्ट पहुंचा, जहां अदालत ने मई में इस प्रावधान पर अंतरिम रोक लगा दी थी। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि मंत्रालय ने अपने अधिकार क्षेत्र से आगे जाकर यह फैसला लिया है।
विज्ञापन बाजार पर भी असर
इंडस्ट्री विशेषज्ञों का कहना है कि TRP डेटा की अनुपलब्धता से विज्ञापनदाताओं के लिए विभिन्न न्यूज चैनलों के बीच निवेश का आकलन करना कठिन हो गया है। TRP विज्ञापन दरें तय करने, प्रायोजन समझौतों और कंटेंट रणनीति बनाने का प्रमुख आधार होती है।
फिलहाल कई चैनल पुराने प्रदर्शन, ब्रांड वैल्यू और विज्ञापनदाताओं के साथ सीधे संबंधों के आधार पर कारोबार चला रहे हैं। हालांकि, लंबे समय तक TRP डेटा उपलब्ध न रहने से टीवी विज्ञापन बाजार में पारदर्शिता प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
मंत्रालय के ताजा निर्देश से न्यूज चैनलों को आर्थिक राहत जरूर मिली है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नियमित TRP सेवाएं कब से दोबारा शुरू होंगी। ऐसे में भारतीय टीवी न्यूज इंडस्ट्री अब भी अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है।
प्रोमो जारी होने के बाद मीडिया इंडस्ट्री में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, शो के साथ रुबिका लियाकत की एंट्री की चर्चा है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) के हिंदी न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ (Times Now Navbharat) के एक नए प्रोमो ने हिंदी न्यूज इंडस्ट्री में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। चैनल की ओर से जारी किए गए इस टीजर में कहा गया है, ‘खबरें तो सब बताएंगे, लेकिन उन्हें समझाएगा कौन? इसीलिए... मैडम आ रही हैं! क्लास मिस मत कीजिएगा, यहां आपकी अटेंडेंस जरूरी है! ‘न्यूज की पाठशाला’ सिर्फ TIMES NOW नवभारत पर।’
प्रोमो में ‘मैडम’ और ‘न्यूज की पाठशाला’ का जिक्र सामने आते ही मीडिया गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि ‘न्यूज की पाठशाला’ वही शो है, जिसे लंबे समय तक वरिष्ठ पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर सुशांत सिन्हा होस्ट करते रहे थे। हाल ही में सुशांत सिन्हा ने टाइम्स नाउ नवभारत से विदाई लेकर ‘न्यूज18 इंडिया’ के साथ नई पारी शुरू की है।
ऐसे में अब चर्चा इस बात को लेकर तेज हो गई है कि आखिर चैनल इस लोकप्रिय शो की कमान किसे सौंपने जा रहा है। विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो इस प्रोमो को रुबिका लियाकत की संभावित एंट्री से जोड़कर देखा जा रहा है। मीडिया इंडस्ट्री में पहले से ही उनके टाइम्स नाउ नवभारत के साथ जुड़ने की चर्चाएं चल रही हैं और अब इस नए प्रोमो ने इन अटकलों को और बल दे दिया है।
हालांकि, चैनल की ओर से अभी तक इस बारे में किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। न तो ‘मैडम’ की पहचान का खुलासा किया गया है और न ही शो के नए होस्ट को लेकर कोई औपचारिक घोषणा सामने आई है। ऐसे में फिलहाल दर्शकों और मीडिया जगत की निगाहें टाइम्स नाउ नवभारत की अगली घोषणा पर टिकी हैं।
बता दें कि सुशांत सिन्हा के जाने के बाद से ही यह सवाल उठ रहा था कि ‘न्यूज़ की पाठशाला’ को आगे कौन संभालेगा। अब चैनल के इस नए प्रोमो ने उस चर्चा को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल सभी की निगाहें चैनल की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जो ‘मैडम’ की पहचान और ‘न्यूज की पाठशाला’ के नए चेहरे से पर्दा उठा सकती है।
खबरें तो सब बताएंगे, लेकिन उन्हें समझाएगा कौन?
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) June 7, 2026
इसीलिए...
मैडम आ रही हैं!
क्लास मिस मत कीजिएगा, यहां आपकी अटेंडेंस जरूरी है!
'न्यूज़ की पाठशाला' सिर्फ TIMES NOW नवभारत पर।@TNNavbharat #NewsKiPathshala pic.twitter.com/Xc5WhDXBJ3
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह प्रस्ताव कंपनी अधिनियम, 2013, सेबी (इश्यू ऑफ कैपिटल एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस, 2018 और अन्य लागू कानूनों के तहत आवश्यक मंजूरियों के अधीन होगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) फंड जुटाने की योजना पर विचार कर रही है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया है कि उसके निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) की बैठक 10 जून 2026, बुधवार को आयोजित की जाएगी, जिसमें फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को भेजी सूचना में कहा है कि बोर्ड बैठक में इक्विटी शेयरों या इक्विटी शेयरों में परिवर्तित होने वाली अन्य प्रतिभूतियों (सिक्योरिटीज) के जरिए पूंजी जुटाने के विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की जाएगी।
ZEEL के अनुसार, कंपनी एक या एक से अधिक चरणों (ट्रांच) में फंड जुटा सकती है। इसके लिए प्राइवेट प्लेसमेंट, प्रेफरेंशियल इश्यू या कानून के तहत उपलब्ध किसी अन्य वैध माध्यम अथवा उनके संयोजन का इस्तेमाल किया जा सकता है। फंड जुटाने की शर्तें और तरीका बोर्ड अपने विवेक के अनुसार तय करेगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह प्रस्ताव कंपनी अधिनियम, 2013, सेबी (इश्यू ऑफ कैपिटल एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस, 2018 और अन्य लागू कानूनों के तहत आवश्यक मंजूरियों के अधीन होगा। इसके लिए कंपनी के शेयरधारकों और संबंधित नियामकीय एवं वैधानिक प्राधिकरणों की मंजूरी भी आवश्यक होगी।
इस बीच, सेबी के इनसाइडर ट्रेडिंग निषेध नियम, 2015 और कंपनी की आचार संहिता के तहत ZEEL के शेयरों में कारोबार के लिए ट्रेडिंग विंडो तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। यह प्रतिबंध बोर्ड बैठक समाप्त होने के 48 घंटे बाद तक जारी रहेगा।
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ (Sony Pictures Networks India) ने भारत A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A के बीच होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के टीवी और डिजिटल प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ (Sony Pictures Networks India) ने भारत A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A के बीच होने वाली त्रिकोणीय क्रिकेट सीरीज के टेलीविज़न और डिजिटल प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं।
यह टूर्नामेंट 9 जून से 21 जून तक श्रीलंका में खेला जाएगा। भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका में दर्शक मुकाबलों का सीधा प्रसारण ‘सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क’ (Sony Sports Network) और ‘सोनी LIV’ (Sony LIV) पर देख सकेंगे। सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ कमेंट्री के साथ प्रसारित किए जाएंगे।
इस प्रतियोगिता में कई उभरते क्रिकेटरों पर नजर रहेगी। इनमें वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) सबसे चर्चित नाम हैं, जिन्हें पहली बार भारत A की एकदिवसीय टीम में जगह मिली है। इसके अलावा प्रियांश आर्य (Priyansh Arya), आयुष बडोनी (Ayush Badoni) और सूर्यांश शेडगे (Suryansh Shedge) भी टीम का हिस्सा हैं।
भारत A टीम की कप्तानी तिलक वर्मा (Tilak Varma) करेंगे, जबकि रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में निशांत सिंधु, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विप्रज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ (Sony Pictures Networks India) के स्पोर्ट्स बिजनेस प्रमुख और वितरण व अंतरराष्ट्रीय कारोबार के मुख्य राजस्व अधिकारी राजेश कौल (Rajesh Kaul) ने कहा कि यह सीरीज क्षेत्र के उभरते क्रिकेटरों के विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का नया आकर्षण बताया।
‘टाइम्स नेटवर्क’ के हिंदी न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ में कंसल्टिंग एडिटर व न्यूज एंकर की भूमिका निभा रहे सुशांत सिन्हा अब 'न्यूज18 इंडिया' पर नजर आएंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शामिल ‘टाइम्स नेटवर्क’ के हिंदी न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ में कंसल्टिंग एडिटर और लोकप्रिय न्यूज एंकर की भूमिका निभा रहे सुशांत सिन्हा अब 'न्यूज18 इंडिया' पर नजर आएंगे। उन्होंने 'नेटवर्क18' समूह जॉइन कर लिया है।
दरअसल, 'समाचार4मीडिया' ने ही विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से सबसे पहले खबर दी थी कि ‘टाइम्स नेटवर्क’ से विदाई तय मानी जा रही है, क्योंकि सुशांत सिन्हा का इस चैनल के साथ कॉन्ट्रैक्ट 31 मई 2026 को समाप्त हो रहा है और नेटवर्क रिन्यू करने के मूड में नहीं हैं। सूत्रों ने तो यहां तक कह दिया था कि वह जल्द ही ‘नेटवर्क18’ के साथ नई पारी शुरू करने जा रहे हैं और अब इस पर आधिकारिक मुहर लग गई है। सुशांत सिन्हा ने एक प्रोमो जारी किया है।
"आ रहा हूं BOSS.... तैयार रहिएगा"
— News18 India (@News18India) June 5, 2026
सुशांत सिन्हा News18 India पर#News18India | @SushantBSinha pic.twitter.com/pAPlhjO9M2
इस खबर से 'समाचार4मीडिया' ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पाठकों का भरोसा उस पर क्यों है। दरअसल, यहां ये बताना जरूरी हो जाता है कि 'समाचार4मीडिया' की ही खबरों को कई वेबसाइट अपने प्लेटफॉर्म पर पब्लिश करती हैं।
यहां पढ़ें पुरानी खबर- टाइम्स नेटवर्क से सुशांत सिन्हा की विदाई तय, Network18 जाने की तैयारी!
गौरतलब है कि सुशांत सिन्हा हिंदी न्यूज इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं। टाइम्स नाउ नवभारत पर ‘पाठशाला’ और ‘राष्ट्रगर्व’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए उन्होंने खास पहचान बनाई। करीब दो दशक के करियर में वह इंडिया टीवी, एनडीटीवी इंडिया, न्यूज24 और इंडिया न्यूज जैसे संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
गौरव मीडिया, ब्रैंडेड कंटेंट, सेल्स, ग्रोथ स्ट्रैटेजी और कस्टम मार्केटिंग के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव रखते हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
'एनडीटीवी' (NDTV) ने गौरव मेहरा को एनडीटीवी हिंदी व रीजनल चैनल्स के ब्रैंड स्टूडियो का रेवेन्यू हेड नियुक्त किया है। गौरव मीडिया, ब्रैंडेड कंटेंट, सेल्स, ग्रोथ स्ट्रैटेजी और कस्टम मार्केटिंग के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव रखते हैं।
गौरव मेहरा NDTV में TV9 नेटवर्क से जुड़े हैं, जहां वे नेशनल हेड व वाइस प्रेजिडेंट के पद पर कार्यरत थे। इस भूमिका में उन्होंने ब्रॉडकास्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट आधारित ग्रोथ को नेतृत्व दिया। इससे पहले वे नेटवर्क18 ग्रुप, जी एंटरटेनमेंट, रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क, CNBC-TV18, Idea Cellular और Vodafone India जैसी प्रमुख कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं।
अमृतसर के DAV कॉलेज और Faculty of Management Studies (FMS) के पूर्व छात्र गौरव मेहरा ने अपने करियर के दौरान कई सफल ब्रैंडेड कंटेंट बिजनेस तैयार किए और उन्हें बड़े स्तर तक पहुंचाया। उन्होंने इंटीग्रेटेड कैंपेन, उद्देश्यपूर्ण स्टोरीटेलिंग, एडिटोरियल इंटीग्रेशन, डिजिटल, इन्फ्लुएंसर और ऑन-ग्राउंड एक्टिवेशंस के जरिए मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ हासिल की है।
उनके प्रमुख कैंपेंस में Castrol Super Mechanic Contest, Mahindra Unlimit Bharat, Sensodyne Oral Health Awareness, Samsung Campaigns, Castrol Pragati Ki Paathshaala और Ultratech Baat Ghar Ki जैसे चर्चित प्रोजेक्ट शामिल हैं।
इस नियुक्ति पर NDTV के CEO और Editor-in-Chief Rahul Kanwal ने कहा, “गौरव के पास ब्रैंड्स, बाजार और कंटेंट आधारित रेवेन्यू मॉडल की गहरी समझ है। NDTV अपने हिंदी और क्षेत्रीय नेटवर्क का विस्तार कर रहा है और ऐसे समय में स्केलेबल ब्रैंड सॉल्यूशंस और मजबूत साझेदारियां बनाने का उनका अनुभव हमारी ग्रोथ जर्नी को नई ताकत देगा।”
NDTV के Chief Experiences Officer Rahul Shaw ने कहा, “गौरव की नियुक्ति इस बात का संकेत है कि हम ऐसे रेवेन्यू लीडर्स को टीम में शामिल कर रहे हैं जो बाजार की समझ के साथ सहयोग, रचनात्मकता और बेहतरीन निष्पादन की क्षमता रखते हैं। हम उनका स्वागत करते हैं और Brand Studio बिजनेस में उनके योगदान को लेकर उत्साहित हैं।”
अपनी नई जिम्मेदारी पर Gaurav Mehrraa ने कहा, “NDTV भारत के सबसे सम्मानित और विश्वसनीय मीडिया ब्रैंड्स में से एक है, जिसकी मजबूत मौजूदगी कई भाषाओं और प्लेटफॉर्म्स पर है। मैं टीम से जुड़कर बेहद उत्साहित हूं और ऐसे ब्रैंड सॉल्यूशंस विकसित करना चाहता हूं जो भरोसे, प्रभावशाली स्टोरीटेलिंग और मापने योग्य परिणामों का बेहतरीन संयोजन पेश करें।”
राज टेलीविजन नेटवर्क (Raj Television Network Ltd) के शेयरों में हाल में आई तेज कीमतों की हलचल को लेकर स्टॉक एक्सचेंज ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
राज टेलीविजन नेटवर्क (Raj Television Network Ltd) के शेयरों में हाल में आई तेज कीमतों की हलचल को लेकर स्टॉक एक्सचेंज ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था। निवेशकों के हितों की सुरक्षा और बाजार को ताजा व प्रासंगिक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक्सचेंज ने 3 जून 2026 को कंपनी को यह नोटिस भेजा था।
इस संबंध में कंपनी ने 4 जून 2026 को BSE और NSE को अपना जवाब भेज दिया है।
कंपनी ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि उसके शेयरों में जो भी कीमतों का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, वह पूरी तरह से बाजार की परिस्थितियों और निवेशकों की गतिविधियों पर आधारित है। कंपनी प्रबंधन का इस मूल्य परिवर्तन पर कोई नियंत्रण नहीं है और न ही उसे शेयर कीमतों में आई इस महत्वपूर्ण तेजी या गिरावट के पीछे किसी विशेष कारण की जानकारी है।
Raj Television Network ने यह भी स्पष्ट किया कि वह SEBI (लिस्टिंग ऑब्लिगेशन एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस, 2015 के रेगुलेशन 30 और स्टॉक एक्सचेंजों के साथ हुए समझौतों के तहत सभी जरूरी जानकारियों का समय-समय पर खुलासा करती रही है और आगे भी करती रहेगी।