होम / टेलिस्कोप / कांतारा सीन की नकल पर रणवीर सिंह पर FIR: बेंगलुरु पुलिस की जांच शुरू
कांतारा सीन की नकल पर रणवीर सिंह पर FIR: बेंगलुरु पुलिस की जांच शुरू
गोवा में आयोजित IFFI इवेंट के दौरान कांतारा फिल्म के सीन की मिमिक्री करना रणवीर सिंह को भारी पड़ गया। धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में उनके खिलाफ बेंगलुरु में FIR दर्ज की गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह एक इवेंट के दौरान कांतारा फिल्म के एक सीन की नकल कर विवादों में घिर गए हैं। बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल की शिकायत पर उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। कोर्ट के निर्देश के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह विवाद गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान हुई एक घटना से जुड़ा है।
आरोप है कि 28 नवंबर 2025 को रणवीर सिंह ने अभिनेता ऋषभ शेट्टी के साथ मंच साझा करते हुए ‘कांतारा चैप्टर 1’ से प्रेरित एक भावनात्मक दृश्य को परफॉर्म किया था। शिकायतकर्ता प्रशांत मेथल खुद को ‘चामुंडी दैव’ का भक्त बताते हैं। उनका कहना है कि रणवीर ने कर्नाटक की पवित्र ‘भूत कोला’ परंपरा से जुड़े दैव रूपों—पंजुरली और गुलिगा—की गलत तरीके से नकल की, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मना किए जाने के बावजूद रणवीर ने मंच पर यह प्रस्तुति दी, जिसे स्थानीय परंपराओं का अपमान माना गया। वीडियो वायरल होने के बाद कर्नाटक के लोगों में नाराजगी देखने को मिली और सोशल मीडिया पर अभिनेता से माफी की मांग शुरू हो गई।
गौरतलब है कि फिल्म ‘कांतारा’ के बाद भूत कोला और दैव पूजा की परंपराएं दुनियाभर में चर्चा में आई थीं। ऐसे में इस घटना को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई। पुलिस ने रणवीर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 302 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल जांच की जा रही है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया था या नहीं।
टैग्स