होम / टेलिस्कोप / अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास: फैंस हुए हैरान
अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास: फैंस हुए हैरान
मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने फिल्मी गानों से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया है। इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की जानकारी दी, जिससे फैंस चौंक गए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर अपने प्रशंसकों को चौंका दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि अब वह फिल्मों के लिए नए गाने रिकॉर्ड नहीं करेंगे। अरिजीत ने अपने पोस्ट में लिखा कि इतने सालों तक श्रोताओं से मिले प्यार के लिए वह आभारी हैं और अब प्लेबैक सिंगर के रूप में अपने सफर को समाप्त कर रहे हैं।
उन्होंने इसे एक शानदार और यादगार यात्रा बताया। इस अचानक फैसले से फैंस भावुक और परेशान नजर आए। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि कहीं उनका अकाउंट हैक तो नहीं हो गया। वहीं, कुछ लोगों ने लिखा कि अरिजीत के बिना बॉलीवुड अधूरा लगेगा। कई फैंस यह भी जानना चाहते हैं कि क्या वह आगे खुद के गाने बनाते और गाते रहेंगे।
बाद में अरिजीत ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर स्पष्ट किया कि वह संगीत से दूरी नहीं बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने अधूरे प्रोजेक्ट्स पूरे करेंगे और आने वाले समय में कुछ गाने रिलीज हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह एक कलाकार के तौर पर लगातार सीखते रहेंगे।
संन्यास की वजह बताते हुए अरिजीत ने कहा कि वह लंबे समय से यह फैसला लेना चाहते थे। उन्होंने माना कि वह जल्दी बोर हो जाते हैं और अब नए तरह के संगीत की तलाश में हैं। उनके मुताबिक, यह बदलाव उन्हें रचनात्मक रूप से जिंदा रखने के लिए जरूरी है।
अरिजीत सिंह ने 2005 में ‘फेम गुरुकुल’ से करियर की शुरुआत की थी और 2011 में ‘मर्डर 2’ के गाने ‘फिर मोहब्बत’ से बॉलीवुड में पहचान बनाई। ‘तुम ही हो’, ‘केसरिया’ जैसे हिट गानों से उन्होंने खास मुकाम हासिल किया। उन्हें दो राष्ट्रीय पुरस्कार और 2025 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।
Singer Arijit Singh posts on Instagram, "Hello, Happy new year to all. I want to thank you all for giving me so much of love all these years as listeners. I am happy to announce that I am not gonna be taking any new assignments as a playback vocalist from now on. I am calling it… pic.twitter.com/KM4YToJ6Qb
— Press Trust of India (@PTI_News) January 27, 2026
टैग्स