होम / टेक वर्ल्ड / मेटा का बड़ा बदलाव: AI चैटबॉट से बातचीत का होगा इस्तेमाल
मेटा का बड़ा बदलाव: AI चैटबॉट से बातचीत का होगा इस्तेमाल
मेटा ने अपनी एआई सेवाओं से यूजर्स की गतिविधियों का डेटा पर्सनलाइज्ड विज्ञापनों के लिए इस्तेमाल करने का फैसला किया है। 16 दिसंबर से लागू होने वाली यह नीति प्राइवेसी पर सवाल खड़ी कर रही है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
मेटा प्लेटफॉर्म्स पर एआई का दबदबा बढ़ता जा रहा है, लेकिन अब यह यूजर्स की निजी बातचीत को भी निशाना बना सकता है। कंपनी ने हाल ही में खुलासा किया कि 16 दिसंबर से उसके एआई आधारित चैटबॉट और वर्चुअल सहायकों से होने वाली इंटरैक्शंस का डेटा फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर लक्षित विज्ञापन, पोस्ट तथा सामग्री प्रदर्शित करने में काम आएगा।
इसका मतलब है कि आपकी एआई से की गई चर्चा, जैसे यात्रा योजनाएं या शॉपिंग सुझाव, सीधे आपके फीड में प्रासंगिक प्रचार सामग्री के रूप में प्रकट हो सकती है। यह नीति उन लाखों मासिक सक्रिय यूजर्स को सीधे प्रभावित करेगी जो मेटा एआई का लाभ उठाते हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह कदम सोशल मीडिया अनुभव को अधिक व्यक्तिगत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि विज्ञापन आपकी रुचियों से मेल खाएं।
हालांकि, यूजर्स के पास इस डेटा उपयोग को रोकने का कोई विकल्प नहीं होगा। सेटिंग्स में ऐसा कोई टॉगल बटन उपलब्ध नहीं है। यदि आप प्राइवेसी चाहते हैं, तो एआई सेवाओं का उपयोग ही त्यागना पड़ेगा। 7 अक्टूबर से ही यूजर्स को ऐप्स, इनबॉक्स और ईमेल के माध्यम से इस बदलाव की सूचना मिलनी शुरू हो जाएगी, जिससे वे कई सप्ताह पहले ही सतर्क रह सकें।
मेटा का तर्क है कि एआई इनसाइट्स से प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट अधिक प्रासंगिक बनेगा, लेकिन आलोचक इसे डेटा शोषण का रूप मान रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह नियम तत्काल वैश्विक स्तर पर लागू नहीं होगा। शुरुआत में ब्रिटेन, यूरोपीय संघ के सदस्य देशों और दक्षिण कोरिया को इससे छूट मिलेगी, जहां सख्त डेटा सुरक्षा कानून हैं।
टैग्स