होम / सोशल मीडिया / हुआ ऐसा तो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के कंट्री हेड पर होगी कार्रवाई...
हुआ ऐसा तो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के कंट्री हेड पर होगी कार्रवाई...
‘फेक न्यूज’को लेकर सरकार बेहद गंभीर है। सरकार अब सख्त संदेश भारत में...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘फेक न्यूज’को लेकर सरकार बेहद गंभीर है। सरकार अब सख्त संदेश भारत में सोशल मीडिया के उन कंट्री हेड को देने जा रही है,जो फेक न्यूज पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं और वह ये कि कानून का पालन करो या फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहो।
दरअसल, एक उच्चस्तरीय सरकारी पैनल ने फेक न्यूज और गलत जानकारी रोक पाने में असमर्थ होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के कंट्री हेड पर एक्शन लेने की सिफारिश की है। वहीं यदि सरकार इस पैनल की सिफारिश मानती है तो सरकार सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को संदेश भेज सकती है कि ‘या तो कानून का पालन करें अथवा परिणाम भुगतें।’
बता दें कि फर्जी खबरों और अफवाहों के अलावा चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर रोक लगाने के संबंध में चर्चा के लिए गठित उच्चस्तरीय सरकारी समिति ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाले मंत्रियों के समूह को अपनी रिपोर्ट सौंप दी हैं। केंद्रीय गृह सचिव राजीव गउबा की अगुआई वाली समिति द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट पर विचार के बाद मंत्रियों का समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी सिफारिश सौंपेगा। मंत्रियों के समूह में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत शामिल हैं।
बैठक में फेक न्यूज, सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने वाले कंटेंट और विडियो के प्रसारित होने के कारण भीड़ हिंसा, सांप्रदायिक तनाव और दंगे जैसी घटनाओं को देखते हुए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के शीर्ष अधिकारियों ने इस मुद्दे पर चर्चा की।
गौरतलब है कि ट्विटर इंडिया, फेसबुक, वॉट्सऐप और यू-ट्यूब के प्रतिनिधियों के साथ हाल की बैठकों के दौरान, सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बिना देरी किए निर्देशों का पालन करना होगा और यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के भारत के प्रतिनिधियों ने उनसे सहयोग करने का वायदा किया है और कानूनी एजेंसियां उनके कार्यों की बारीकी से निगरानी करेंगी।
टैग्स फेक न्यूज सोशल मीडिया