होम / सोशल मीडिया / ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस टीम का सर्वे: सोशल मीडिया की दौड़ में किस पार्टी को मिल रही बढ़त?
ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस टीम का सर्वे: सोशल मीडिया की दौड़ में किस पार्टी को मिल रही बढ़त?
इंडिया टुडे की ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस टीम (OSINT) ने बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सोशल मीडिया पेज और अकाउंट्स की ग्रोथ का एनालिसिस किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
साल 2014 के आम चुनाव में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया को एक बड़ा हथियार बनाया था और उस चुनाव के बाद से ही लगभग हर पार्टी ने अपने सोशल मीडिया को मजबूत करने का काम किया। आज देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों के पास मोबाइल फ़ोन है। ऐसे में अब पार्टियां डिजिटल होती दुनिया का भी फायदा लेना चाह रही है।
इस चुनावी सीजन में सोशल मीडिया पर किसको बढ़त मिल रही है इस सवाल का जवाब समझने के लिए इंडिया टुडे की ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस टीम (OSINT) ने बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सोशल मीडिया पेज और अकाउंट्स की ग्रोथ का विश्लेषण किया।
इनके साथ ही इन राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के जनवरी, फरवरी और मार्च के आंकड़ों का एनालिसिस भी किया। एनालिसिस से पता चलता है सोशल मीडिया पर बीजेपी का दबदबा कायम है और इसकी ग्रोथ बाकी पार्टियों पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। हालांकि, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर नए यूजर्स को जोड़ने में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, बीजेपी से आगे रहीं।
बाकी पार्टियों के मुकाबले टीएमसी की सोशल मीडिया पर उपस्थिति काफी कम है। जबकि, तमाम बड़ी पार्टियों के नेताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे आगे बढ़त बनाए हुए हैं। यूट्यूब पर आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। जहां तक नए सब्सक्राइबर्स जोड़ने की बात है तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के यूट्यूब चैनल पर लगातार बढ़ोतरी हुई है। जबकि, बीजेपी के यूट्यूब चैनल में लगातार गिरावट देखी गई।
टैग्स