होम / डिजिटल / 'आजतक' का नया प्रयोग, लॉन्च किया अपना डिजिटल ‘वीडियो पेपर’
'आजतक' का नया प्रयोग, लॉन्च किया अपना डिजिटल ‘वीडियो पेपर’
हिंदी पत्रकारिता की दुनिया में जाना-पहचाना नाम ‘आजतक’ अब एक नए अंदाज़ में सामने आया है। ‘आजतक’ ने अपना नया डिजिटल ‘वीडियो पेपर’ लॉन्च किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 hours ago
हिंदी पत्रकारिता की दुनिया में जाना-पहचाना नाम ‘आजतक’ अब एक नए अंदाज में सामने आया है। ‘आजतक’ ने अपना नया डिजिटल ‘वीडियो पेपर’ लॉन्च किया है, जिसे पाठकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म पर हर दिन करीब 25,000 नए सब्सक्राइबर जुड़ रहे हैं। इससे साफ है कि डिजिटल न्यूज फॉर्मेट की तरफ लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।
‘आजतक वीडियो पेपर’ को इस तरह तैयार किया गया है कि पाठकों को अखबार जैसा अनुभव मिले, लेकिन डिजिटल दुनिया की तेजी और सहूलियत के साथ। यानी आप अखबार की तरह पन्ने पलटने का एहसास भी ले सकते हैं और साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की स्पीड और आसान पहुंच का फायदा भी उठा सकते हैं। इसमें देश और दुनिया की ताजा खबरें सलीके से और आसान भाषा में पेश की जाती हैं।
इस वीडियो पेपर में हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें, वीडियो और इंटरएक्टिव कंटेंट भी शामिल हैं। इससे पाठक किसी भी खबर को सिर्फ पढ़ ही नहीं सकते, बल्कि उसे गहराई से देख और समझ भी सकते हैं। साथ ही, खबरों को सोशल मीडिया पर शेयर करना भी बेहद आसान है।
सबसे बड़ी बात यह है कि ‘आजतक वीडियो पेपर’ कहीं भी और कभी भी एक्सेस किया जा सकता है। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों के अलावा राजनीति, खेल, मनोरंजन, बिजनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी तमाम खबरें मिलती हैं। यह स्मार्टफोन, टैबलेट और कंप्यूटर- सभी डिवाइस पर आसानी से उपलब्ध है।
बेहतर पढ़ने के लिए टेक्स्ट को जूम करने की सुविधा और मल्टीमीडिया कंटेंट का साथ इसे पारंपरिक अखबार से अलग और ज्यादा आकर्षक बनाता है। साफ है कि ‘आजतक’ ने डिजिटल दौर में खबर पढ़ने और देखने का एक नया तरीका पेश किया है।
टैग्स