होम / सोशल मीडिया / चित्रा त्रिपाठी ने पूछा बड़ा सवाल, अजीत अंजुम ने जवाब देने में बरता परहेज
चित्रा त्रिपाठी ने पूछा बड़ा सवाल, अजीत अंजुम ने जवाब देने में बरता परहेज
निर्भया केस में वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम द्वारा किए गए लगातार कई ट्वीट्स को लेकर लोग दे रहे हैं अपनी प्रतिक्रिया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
टीवी9 भारतवर्ष से अलग होने के बाद अजीत अंजुम सोशल मीडिया पर ज्यादा समय देने लगे हैं। पिछले दिनों उन्होंने ट्विटर पर ऐसी खबर ब्रेक कर दी कि हंगामा मच गया। कम से कम उन लोगों को लिए, जिनको इस बारे में पहले से पता नहीं था। इंडिया टुडे, क्विंट जैसे बड़े प्रकाशनों ने बड़े खुलासे की तरह उनके ट्वीट को लिया भी। रोहिंणी सिंह, अलका सक्सेना जैसे पत्रकारों ने उनकी तारीफ भी की, लेकिन ‘आजतक’ की मशहूर एंकर चित्रा त्रिपाठी ने उनके खुलासे के समय पर सवाल उठा दिए।
दरअसल, मामला निर्भया केस से जुड़ा था। निर्भया के साथ उसका जो दोस्त था, वो चैनल्स पर बैठने के पैसे मांगने लगा था, क्योंकि निर्भया और आरोपितों के अलावा इस घटना का बस वही इकलौता चश्मदीद था। ऐसे में अजीत अंजुम ने उस लड़के को पैसे देने का लालच देकर न्यूज 24 के स्टूडियो बुलाया। पैसे देते हुए उसका स्टिंग ऑपरेशन किया और बाद में एक शो भी रिकॉर्ड किया और उसे उसी शो में एक्सपोज कर दिया। लेकिन अजीत अंजुम में वो शो ऑन एयर नहीं किया।
इसके पीछे अजीत अंजुम ने तर्क ये दिया कि इसे आरोपितों के वकील गलत तौर पर इस्तेमाल कर सकते थे। ऐसे में इस तर्क के पक्ष में कई लोगों ने अजीत अंजुम की तारीफ की तो कई ने आलोचना भी की कि उसी वक्त उस लड़के का काला चेहरा सबके सामने पेश क्यों नहीं किया?
अजीत अंजुम ने कई सवालों के शुरू में जवाब भी दिए। सोनाली मिश्रा ने पूछा था, 'निर्भया की कहानी को अपने पैसे कमाने का जरिया हर चैनल ने बनाया। न केवल निर्भया, बल्कि हर मामले का दोहन करने का इतिहास रहा है। इस समय गड़े मुर्दे उखाड़ने का क्या फायदा? किसे पता दो लोगों के बीच क्या बात हुई, क्या नहीं?' तो अजीत अंजुम ने जवाब दिया, 'मैडम, ये दो लोगों के बीच की बात नहीं है। न्यूज रूम में सौ लोगों की मौजूदगी में रिकॉर्डिंग हुई। जो भी बात हुई, ऑन कैमरा हुई। लड़के का माफी मांगना और उसके बैग से पैसे ऑन एयर निकलना,उसका मामा स्टू़डियो से अपने भांजे को जिम्मेदार ठहराकर ऑन एयर भागा, सब टेप पर है। बाकी आप नहीं समझेंगी'।
लेकिन लोगों के अनगिनत सवाल आने शुरू हो गए कि आखिर इससे केस पर क्या फर्क पड़ता? आपको यूट्यूब चैनल खोलना है, उसके लिए आप अपनी टीआरपी और सब्सक्राइबर्स बढाने के लिए ये फॉर्मूला इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में उनकी न्यूज24 की एक साथी का ट्वीट सबसे चौंकाने वाला रहा।
ये ट्वीट था ‘आजतक’ की एंकर चित्रा त्रिपाठी का, चित्रा ने ट्विटर पर सीधे अजीत अंजुम के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए उन्हें टैग करते हुए सवाल पूछ डाला, 'आपसे एक सवाल है-जब आपने खुद निर्णंय लेकर प्रोग्राम नहीं दिखाने का फैसला किया तो अब ट्वीट करके क्या बताना चाहते हैं? @ajitanjum सच ये है कि उसके दोस्त की हकीकत उसी समय सामने आनी चाहिये थी।सच को छिपा लेने की गलती को इस आधार पर जायज कैसे ठहराया जा सकता है कि केस प्रभावित होता...।'
हालांकि अजीत अंजुम ने इस सवाल का जवाब देने से अभी तक परहेज ही बरता है, लेकिन एबीपी न्यूज के एक करेसपॉन्डेंट उत्कर्ष ने चित्रा का ट्वीट शेयर करते हुए लिख डाला, 'एक संपादक और न्यूज एंकर के बीच का फर्क! @ajitanjum @chitraaum (Without any disrespect)।' चित्रा ने उसको जवाब दिया, 'अच्छा हुआ तुमने संपादक और एंकर के बीच का फर्क बता दिया,मुझे तो पता ही नहीं था। (खबर की गोपनीयता का पालन अगर संपादक रहते हुये हम कर रहे हैं तो उस कुर्सी से हटने के बाद भी हमारी यही जिम्मेदारी है) एक गलत लड़के को हमने उस वक्त बचाने की भूल की है, हमने निर्भया को पूरा इंसाफ नहीं दिया।' हालांकि अजीत अंजुम ने इस मुद्दे पर अभी तक चुप्पी बरतना ही बेहतर समझा है।
टैग्स चित्रा त्रिपाठी अजीत अंजुम निर्भया कांड