होम / सोशल मीडिया / अब यूं होगी मनगढ़ंत और फेक न्यूज फैलाने वालों पर कार्रवाई
अब यूं होगी मनगढ़ंत और फेक न्यूज फैलाने वालों पर कार्रवाई
पिछले दिनों दिल्ली में हुए बवाल के बाद फेक न्यूज से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पिछले दिनों दिल्ली में हुए बवाल के बाद फेक न्यूज से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत दिल्लीस विधानसभा ने आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में सोमवार को 9 सदस्यीय 'शांति व सद्भाव समिति' का गठन किया है। इस समिति में आतिशी और राघव चड्डा को भी शामिल किया गया है। यह समिति मनगढ़ंत और फेक न्यूज फैलाने वालों पर कार्रवाई करने में मदद करेगी।
समिति की पहली बैठक की अध्यक्षता के बाद सौरभ भारद्वाज ने मीडिया को बताया कि अब दिल्ली में भाईचारा तोड़ने की कोशिश करने वालों पर केस दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही 3 साल की सजा और जुर्माने का भी प्रावधान होगा। उन्होंने कहा, कई मामलों में देखा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सऐप पर नफरत फैलाने वाले फर्जी मैसेज भेजे जाते हैं, जिन्हें लोग सच मान लेते हैं। इनकी वजह से समाज में एक-दूसरे के प्रति नफरत की भावना बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि अगर किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कोई भी ऐसा मैसेज भेजता है जिससे सामाजिक सोहार्द बिगड़ सकता है, उसकी शिकायत ईमेल- dvscommitee@delhi.gov.in पर की जा सकती है। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8950000946 पर मैसेज का स्क्रीनशॉट भी वॉट्सऐप किया जा सकता है। इसके बाद यह समिति उस शिकायत की जांच करेगी। जांच के बाद इन शिकायतों को कानून का पालन कराने वाली संस्थाओं के पास भेजा जाएगा।
सौरभ भारद्वाज के अनुसार, 'हमारे पास जो भी शिकायत आएगी अगर उन शिकायतों पर FIR दर्ज होगी तो शिकायत करने वाले को 10,000 रुपए की रिवॉर्ड राशि दी जाएगी। इस ईमेल एड्रेस और वॉट्सऐप नंबर को विज्ञापन के माध्यम से जगह-जगह प्रचारित किया जाएगा। जिससे लोगों को इनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि फेक न्यूज को चेक करने के लिए एक एजेंसी की सहायता ली जाएगी। वह एजेंसी इस तरह के मामले में फैक्ट चेक करेगी। इसके लिए पुलिस के कुछ रिटायर्ड आला अधिकारियों की भी सेवाएं ली जाएगी। इसके अलावा वॉट्सऐप और इस तरह के ऐप्स को संचालित करने वाली कंपनियों के अधिकारियों से भी बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि ऐसी गतिविधियों की रोकथाम में वे कैसे मदद कर सकते हैं।
टैग्स फेक न्यूज मीडिया अरविंद केजरीवाल दिल्ली सरकार दिल्ली विधानसभा