होम / सोशल मीडिया / BMC चुनाव नतीजों का दिन आज: मुंबई की सत्ता पर टिकी नजर
BMC चुनाव नतीजों का दिन आज: मुंबई की सत्ता पर टिकी नजर
करीब नौ साल बाद हुए बीएमसी चुनावों के नतीजे आज सामने आएंगे। 29 महानगरपालिकाओं के साथ मुंबई की सत्ता को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है और सभी दलों की नजर अंतिम आंकड़ों पर टिकी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
मुंबई की राजनीति के लिए अहम माने जा रहे बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव नतीजों का ऐलान आज किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना सुबह 10 बजे शुरू होगी और शाम 5 बजे तक अंतिम परिणाम सामने आ सकते हैं। खास बात यह है कि बीएमसी में लगभग नौ साल के लंबे अंतराल के बाद चुनाव हुए हैं, जिससे मतदाताओं में उत्साह साफ देखा गया।
अधिकारियों के अनुसार, 2026 के इन चुनावों में मतदान प्रतिशत ने 2017 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। राज्यभर में 893 वार्डों की कुल 2,869 सीटों के लिए वोटिंग हुई, जिसमें 15,931 उम्मीदवारों का भविष्य 3.48 करोड़ मतदाताओं के हाथ में रहा। इस चुनाव में राजनीतिक समीकरण भी बदले नजर आए।
लंबे समय बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक मंच पर आए और मराठी वोटों को एकजुट करने की कोशिश की। वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अलग-अलग गुटों ने गठबंधन कर सबको चौंका दिया। एग्जिट पोल की बात करें तो एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को बीएमसी में बढ़त मिलने का अनुमान है।
सर्वे के मुताबिक, भाजपा गठबंधन को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं, जबकि शिवसेना-एमएनएस गठबंधन 58 से 68 सीटों पर सिमट सकता है। कांग्रेस गठबंधन को 12 से 16 और अन्य को 6 से 12 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। 227 सदस्यीय बीएमसी में बहुमत का आंकड़ा 114 है। ऐसे में आज आने वाले नतीजे तय करेंगे कि मुंबई की सबसे ताकतवर नगरपालिका की कमान किसके हाथ जाएगी।
टैग्स