होम / इंटरनेशनल / 'वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी' खरीदने के बाद 'पैरामाउंट' पर चढ़ेगा 79 अरब डॉलर का कर्ज
'वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी' खरीदने के बाद 'पैरामाउंट' पर चढ़ेगा 79 अरब डॉलर का कर्ज
मीडिया इंडस्ट्री में एक बहुत बड़ी डील होने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'पैरामाउंट' (Paramount) और 'वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी' (Warner Bros. Discovery) आपस में मर्ज होने वाले हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 hour ago
मीडिया इंडस्ट्री में एक बहुत बड़ी डील होने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'पैरामाउंट' (Paramount) और 'वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी' (Warner Bros. Discovery) आपस में मर्ज होने वाले हैं। इस विलय के बाद एक बड़ा मीडिया ग्रुप तैयार होगा, जिस पर करीब 79 अरब डॉलर का नेट कर्ज होगा। कंपनियों ने साफ किया है कि उनका अपने केबल नेटवर्क्स को बेचने का कोई इरादा नहीं है।
इस डील के तहत दोनों कंपनियों के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Paramount+ और HBO Max को मिलाकर एक ही बड़ा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा। मर्जर के बाद नई कंपनी के पास 100 देशों में 20 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर होंगे। पैरामाउंट के सीईओ डेविड एलिसन ने कहा कि यह कदम उन्हें Netflix जैसे बड़े प्लेटफॉर्म से मुकाबला करने में और मजबूत बनाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, पैरामाउंट ने WBD को 110 अरब डॉलर यानी 31 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से खरीदने पर सहमति दी है। बताया जा रहा है कि नेटफ्लिक्स ने अपनी बोली नहीं बढ़ाई, जिसके बाद यह डील आगे बढ़ी।
कंपनियों का कहना है कि इस मर्जर से 6 अरब डॉलर से ज्यादा की लागत बचत होगी। यह बचत मुख्य रूप से टेक्नोलॉजी और क्लाउड ऑपरेशंस को एक साथ मिलाने से होगी। पैरामाउंट के स्ट्रैटेजी चीफ एंडी गॉर्डन ने कहा कि दोनों कंपनियों के संसाधनों को जोड़ने से ऑपरेशन ज्यादा असरदार और किफायती होंगे।
मर्जर के बाद जो नेटवर्क पोर्टफोलियो बनेगा, उसमें कई बड़े चैनल शामिल होंगे, जैसे CBS, MTV, Comedy Central, BET, CNN, TNT और Food Network।
इस पूरी डील को 54 अरब डॉलर की डेब्ट फाइनेंसिंग का सपोर्ट मिलेगा, जिसमें नई उधारी के साथ 'वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी' का मौजूदा कर्ज भी शामिल है।
कुल मिलाकर, यह मर्जर मीडिया और स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकता है और आने वाले समय में प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकता है।
टैग्स