होम / रेडियो / 'टिप्स म्यूजिक' के CEO हरि नायर ने दिया इस्तीफा, 30 अप्रैल तक निभाएंगे जिम्मेदारी
'टिप्स म्यूजिक' के CEO हरि नायर ने दिया इस्तीफा, 30 अप्रैल तक निभाएंगे जिम्मेदारी
टिप्स म्यूजिक (Tips Music Limited) के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) हरि नायर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 hours ago
टिप्स म्यूजिक (Tips Music Limited) के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) हरि नायर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह 30 अप्रैल 2026 को कामकाज खत्म होने के बाद अपने पद से अलग हो जाएंगे। उन्होंने नए अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है।
कंपनी के मुताबिक, हरि नायर के जाने के बाद उनकी जिम्मेदारियां फिलहाल दो वरिष्ठ अधिकारी मिलकर संभालेंगे। इनमें कंपनी के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर गिरीश तौरानी और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर सुशांत डालमिया शामिल हैं। दोनों मिलकर कंपनी के कामकाज को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही कंपनी ने नए CEO की तलाश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कुमार तौरानी ने कहा कि हरि नायर एक उत्साही और डेटा-आधारित फैसले लेने वाले लीडर रहे हैं। उन्होंने कंपनी में बेहतर प्रदर्शन और मजबूत कार्य संस्कृति बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कंपनी की आय बढ़ाने और शेयरधारकों से किए गए वादों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वहीं हरि नायर ने कहा कि एक सूचीबद्ध कंपनी के रूप में टिप्स म्यूजिक को डिजिटल दिशा में आगे बढ़ाना उनके लिए एक शानदार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि कंपनी की मजबूत म्यूजिक लाइब्रेरी और टीम के सहयोग से राजस्व में अच्छी बढ़ोतरी हुई। अब जब कंपनी के पास मजबूत डिजिटल सिस्टम और बेहतर ढांचा तैयार हो गया है, तो उन्हें लगा कि आगे की नई चुनौतियों की ओर बढ़ने का यही सही समय है।
बता दें कि टिप्स म्यूजिक की स्थापना 1988 में तौरानी ब्रदर्स ने की थी। कंपनी ने 90 के दशक में कई सुपरहिट फिल्मों के म्यूजिक के जरिए खास पहचान बनाई। आज कंपनी के पास 34 हजार से ज्यादा गानों का बड़ा म्यूजिक कैटलॉग है और यह कई डिजिटल प्लेटफॉर्म और ब्रॉडकास्टर्स के साथ काम करती है।
टैग्स