होम / प्रिंट / HT Media ने डिजिटल लीडरशिप में किए ये बड़े बदलाव
HT Media ने डिजिटल लीडरशिप में किए ये बड़े बदलाव
बदलती ऑडियंस की आदतों, AI के बढ़ते असर और डिजिटल ट्रैफिक के नए ट्रेंड को देखते हुए HT Media ने अब एंटिटी-वाइज बिजनेस लीडरशिप मॉडल अपनाने का फैसला किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
एचटी मीडिया (HT Media) ने अपने डिजिटल न्यूज कारोबार में बड़ा बदलाव किया है। बदलती ऑडियंस की आदतों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते असर और डिजिटल ट्रैफिक के नए ट्रेंड को देखते हुए कंपनी ने अब एंटिटी-वाइज बिजनेस लीडरशिप मॉडल अपनाने का फैसला किया है। इसके तहत हर बड़े डिजिटल ब्रैंड के लिए अलग बिजनेस हेड नियुक्त किए जा रहे हैं।
कंपनी से जुड़े एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, HT Media अपने डिजिटल सफर में अब एक ऐसे स्तर पर पहुंच चुकी है जहां आगे की ग्रोथ के लिए नई संरचना जरूरी हो गई थी। इसी दौरान चीफ कंटेंट ऑफिसर बिनॉय प्रभाकर के कंपनी छोड़ने से यह सोचने का सही मौका मिला कि आने वाले समय के लिए संगठन की बनावट कैसी होनी चाहिए।
इस बदलाव के तहत Live Hindustan के लिए पारस शर्मा को नया बिजनेस हेड बनाया गया है। पारस शर्मा पिछले आठ साल से HT के डिजिटल कारोबार से जुड़े हुए हैं और अभी तक डिजिटल कंटेंट और सिंडिकेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वह हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स में डिजिटल बिजनेस खड़ा करने में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।
Mint के लिए अमरेंद्र शुक्ला को बिजनेस हेड बनाया गया है। वह पिछले तीन साल से HT Media ग्रुप के साथ हैं। उन्होंने डिजिटल सब्सक्रिप्शन और पार्टनरशिप के जरिए कंपनी की नियमित कमाई को मजबूत किया और डिजिटल रेवेन्यू को ज्यादा स्थिर बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। इससे पहले वह डिजिटल कंज्यूमर रेवेन्यू की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
वहीं Hindustan Times के लिए निशित उपाध्याय को नया बिजनेस हेड नियुक्त किया गया है। वह बाहर से आए हैं और इससे पहले The Print में एडिटर (ऑपरेशंस) थे। खास बात यह है कि निशित उपाध्याय पहले भी करीब सात साल तक हिन्दुस्तान टाइम्स के साथ काम कर चुके हैं और अलग-अलग अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
इन सभी बदलावों के साथ ही बिनॉय प्रभाकर का भी HT Media से जाना हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि 14 जनवरी 2026 उनका हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल में आखिरी दिन था। उन्होंने लिखा कि सौ साल पुराने मीडिया संस्थान के डिजिटल ऑपरेशंस का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व की बात रही। बिनॉय प्रभाकर अप्रैल 2023 में HT Media से जुड़े थे और करीब तीन साल तक डिजिटल कंटेंट की कमान संभाली। इससे पहले वह Moneycontrol, CNBC-TV18 और The Economic Times जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं।
टैग्स