होम / प्रिंट / दैनिक भास्कर में पवन कुमार शर्मा का ‘कद’ बढ़ा, अब मिली यह जिम्मेदारी
दैनिक भास्कर में पवन कुमार शर्मा का ‘कद’ बढ़ा, अब मिली यह जिम्मेदारी
नई जिम्मेदारी से पहले वह इस अखबार में बतौर नयूज एडिटर दिल्ली में तैनात थे और सुप्रीम कोर्ट, सीबीआई, एनआईए जैसी महत्वपूर्ण बीट कवर कर रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
‘दैनिक भास्कर’ (Dainik Bhaskar) ने वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार शर्मा को प्रमोशन का तोहफा देते हुए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत पवन कुमार शर्मा को अंबाला का संपादकीय प्रभारी बनाया गया है। नई जिम्मेदारी से पहले वह इस अखबार में बतौर नयूज एडिटर दिल्ली में तैनात थे और सुप्रीम कोर्ट, सीबीआई, एनआईए जैसी महत्वपूर्ण बीट कवर कर रहे थे।
मूल रूप से सोनीपत (हरियाणा) के रहने वाले पवन कुमार शर्मा को मीडिया में काम करने का करीब 25 साल का अनुभव है। पत्रकारिता के क्षेत्र में पवन कुमार शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2000 में सोनीपत में ‘पंजाब केसरी’ से की थी। इसके बाद कुछ समय वह ‘हरिभूमि’ में रहे और फिर सोनीपत में ही ‘दैनिक जागरण’ जॉइन कर लिया। यहां उन्होंने ‘रात का रिपोर्टर’ नाम से एक कॉलम शुरू किया जो काफी चर्चा में रहा और बाद में दैनिक जागरण के तमाम संस्करणों ने अपने यहां यह कॉलम शुरू किया।
इसके बाद यहां से बाय बोलकर पवन कुमार शर्मा ने वर्ष 2005 में बतौर क्राइम रिपोर्टर ‘अमर उजाला’ पंचकूला जॉइन कर लिया और कुछ समय चंडीगढ़ में भी रहे। करीब दो साल इस अखबार में अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद वर्ष 2007 में वह फिर ‘दैनिक जागरण’ आ गए। यहां उन्होंने लुधियाना, पटियाला और फिर दिल्ली में कई बीट देखीं और फिर कोर्ट की रिपोर्टिंग शुरू की।
वर्ष 2009 में वह दैनिक जागरण के स्टेट ब्यूरो में आ गए और यहां करीब 2014 तक अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद ‘इनाडु’ समूह जॉइन किया और दिल्ली में उसकी वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम में शामिल रहे। यहां हिंदी संस्करण के इंचार्ज की भूमिका में करीब दो साल तक उन्होंने दिल्ली-एनसीआर लीड किया। बाद में कंपनी ने उनका ट्रांसफर तेलंगाना कर दिया तो उन्होंने वहां जाने से इनकार करते हुए इस्तीफा दे दिया और वर्ष 2016 में ‘दैनिक भास्कर’ नेशनल ब्यूरो जॉइन कर लिया और सुप्रीम कोर्ट कवर करने लगे। यहां उन्होंने सीबीआई, एनआईए, इंटेलिजेंस और गृह मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण बीट भी कवर कीं। इसके साथ ही कई प्रमुख और एक्सक्लूसिव खबरें कीं, जो उस समय काफी चर्चा में रहीं।
करीब दो साल पहले ‘दैनिक भास्कर’ ने पवन कुमार शर्मा को स्पेशल करेसपॉन्डेंट से प्रमोशन देकर न्यूज एडिटर बना दिया था और तब से वह इस पद पर अपनी भूमिका निभा रहे थे। अब संस्थान ने उन्हें फिर प्रमोशन देते हुए अंबाला यूनिट का संपादकीय प्रभारी बनाया है।
आपको यह भी बता दें कि पवन कुमार शर्मा ने अयोध्या में जन्मभूमि विवाद पर वर्ष 2020 में ‘सुप्रीम कोर्ट में रामलला’ नाम से किताब भी लिखी है। इस किताब में उन्होंने इस मामले का शुरू से लेकर अंत तक का सारा विवरण दिया है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट में 40 दिन चली मैराथन सुनवाई को भी उन्होंने विस्तारपूर्वक अपनी इस किताब में जगह दी है और यह उस समय ‘एमेजॉन’ पर बेस्ट सेलर भी रही है।
यही नहीं, किसी लीगल मैटर पर हिंदी भाषा में लिखी उनकी यह पहली किताब है और इसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। इसके साथ ही रिफरेंस के तौर पर यह किताब कई विश्वविद्यालयों में पढ़ाई भी जा रही है।
पढ़ाई लिखाई की बात करें तो उन्होंने सोनीपत से ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई करने के बाद कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया है। इसके साथ ही उन्होंने मेरठ स्थित ‘चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी’ से एलएलबी की पढ़ाई की है। समाचार4मीडिया की ओर से पवन कुमार शर्मा को नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स