होम / मीडिया फोरम / ‘FCC’ के नए प्रेजिडेंट चुने गए डॉ. एस.एच. वाइएल अव्वाद, कार्यकारिणी में शमिल हुए ये नाम
‘FCC’ के नए प्रेजिडेंट चुने गए डॉ. एस.एच. वाइएल अव्वाद, कार्यकारिणी में शमिल हुए ये नाम
नई टीम 1 जून 2025 से कार्यभार संभालेगी। चुनाव प्रक्रिया की देखरेख स्वतंत्र चुनाव अधिकारी अमित शर्मा ने की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
‘द फॉरेन करेस्पॉन्डेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया’ (FCC) के आंतरिक चुनाव 24 मई को पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। इस चुनाव के जरिये क्लब के नए पदाधिकारियों और गवर्निंग काउंसिल का चयन किया गया। नई टीम 1 जून 2025 से कार्यभार संभालेगी। चुनाव प्रक्रिया की देखरेख स्वतंत्र चुनाव अधिकारी अमित शर्मा ने की।
इस चुनाव में सीरियाई मूल के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एस.एच. वाइएल अव्वाद को क्लब का नया प्रेजिडेंट चुना गया है। इस पद पर उनका कार्यकाल दो साल (2025-2027) तक होगा। डॉ. अव्वाद मूल रूप से सीरिया से हैं और पिछले चार दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। वह दक्षिण एशिया और अरब जगत से जुड़े भू-राजनीतिक मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उनके पास चार दशक से अधिक का पत्रकारिता अनुभव है।
वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और राजनीतिक विश्लेषक प्रकाश नंदा को क्लब का नया महासचिव चुना गया है। प्रकाश नंदा के पास पत्रकारिता और शिक्षण के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इसके साथ ही जाने-माने टीवी पत्रकार पी.एम. नारायणन को कोषाध्यक्ष (ट्रेजरार) के पद पर नियुक्त किया गया है। पी.एम. नारायणन करीब 25 वर्षों से दक्षिण एशिया से जर्मन टेलीविजन के लिए रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
इस चुनाव में नौ सदस्यीय गवर्निंग काउंसिल के सदस्य भी चुने गए हैं। इनमें अमिताभ श्रीवास्तव(AIB), अनूप सक्सेना(German Radio), सी.के नायक (Jan Astha Abroad, Nepal), देविना गुप्ता(BBC), एशानी माथुर (Bloomberg), कृष्णन पी नायर (Emirates News Agency, UAE), मयंक भारद्वाज(Reuters), रुसलान इमाएव(Russia Today) और सिद्धार्थ श्रीवास्तव(Channel News Asia, Singapore) शामिल हैं।
निवर्तमान अध्यक्ष एस. वेंकट नारायण (कार्यकाल 2023–25) ने इन चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए कहा, ‘मेरे कार्यकाल के समापन पर मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे आंतरिक चुनाव सफलतापूर्वक और पारदर्शी रूप से पूरे हुए। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया एक बार फिर हमारी पत्रकार बिरादरी की परिपक्वता, ईमानदारी और एकजुटता को दर्शाती है। स्वतंत्र चुनाव अधिकारी अमित शर्मा की मेहनत और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के चलते यह प्रक्रिया खुलापन, जवाबदेही और पेशेवर अंदाज में पूरी हो सकी।’ उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब की लोकतांत्रिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई है।
टैग्स