होम / मीडिया फोरम / BBC के पूर्व इंडिया हेड संजीव श्रीवास्तव ने खोली कचौरी की दुकान, बताई ये वजह
BBC के पूर्व इंडिया हेड संजीव श्रीवास्तव ने खोली कचौरी की दुकान, बताई ये वजह
समाचार4मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि दुकान की री-मॉडलिंग और तैयारियों में करीब छह महीने लगे और इस दौरान कई जटिलताएं भी सामने आईं, लेकिन अब चीजें धीरे-धीरे स्थिरता की ओर हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 day ago
चार दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता में सक्रिय रहे वरिष्ठ पत्रकार संजीव श्रीवास्तव ने अब उद्यमिता की राह चुन ली है। दरअसल, ‘बीबीसी’ (BBC) के पूर्व इंडिया हेड रह चुके संजीव श्रीवास्तव ने जयपुर के बापू नगर स्थित मंगल मार्ग पर ‘Throwback Desi’ नाम से मटर कचौरी की दुकान शुरू की है।
समाचार4मीडिया से बातचीत में संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि कचौड़ी का शौक उन्हें लंबे समय से रहा है। उन्होंने कहा कि वे कचौड़ी खाने के शौकीन हैं, लेकिन बाजार की कचौड़ी खाने से कतराते थे। कभी-कभी महाराज यानी किसी रसोइये को बुलाकर बनवा लेते थे, पर वह नियमित रूप से संभव नहीं हो पाता था।
मूल रूप से जयपुर के रहने वाले संजीव श्रीवास्तव का ननिहाल बीकानेर में है और वहीं की खानपान संस्कृति से उन्हें यह विचार मिला कि क्यों न खुद इस क्षेत्र में उतरकर बेहतर स्वाद लोगों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने स्वीकार किया कि कचौड़ी बेचने का फैसला शुरुआत में परिवार को समझ नहीं आया। हालांकि दुकान उनकी अपनी है और अच्छी लोकेशन पर है, इसलिए बड़े निवेश की चिंता नहीं थी। धीरे-धीरे परिवार भी इस निर्णय के साथ खड़ा हो गया। उन्होंने बताया कि दुकान की री-मॉडलिंग और तैयारियों में करीब छह महीने लगे और इस दौरान कई जटिलताएं भी सामने आईं, लेकिन अब चीजें धीरे-धीरे स्थिरता की ओर हैं।
संजीव श्रीवास्तव ने साफ कहा कि यह कदम पत्रकारिता से थकान की वजह से नहीं है। उनके शब्दों में, पत्रकारिता उनके खून में है और हमेशा रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके इस फैसले को लेकर इतनी चर्चा होगी। ईश्वर का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह सब स्वाभाविक रूप से हुआ, किसी तरह की योजना बनाकर नहीं।
बता दें कि संजीव श्रीवास्तव कई प्रतिष्ठि्त मीडिया संस्थानों में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। बीबीसी में उनका चयन वर्ष 1994 में तत्कालीन इंडिया हेड मार्क टली (Mark Tully) ने किया था। वे बीबीसी के पहले गैर-अंग्रेज इंडिया हेड बने और करीब एक दशक तक इस पद पर रहे। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई जानी-मानी हस्तियों के इंटरव्यू किए और देश-विदेश की बड़ी घटनाओं को कवर किया। बाद में वे कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत पर डॉक्यूमेंट्री निर्माण में भी सक्रिय रहे। अब उन्होंने अपनी दुकान शुरू की है। समाचार4मीडिया की ओर से संजीव श्रीवास्तव को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स