होम / मीडिया फोरम / न्यूज चैनल के पत्रकार को बदमाशों ने मारी गोली, माफियाओं पर शक
न्यूज चैनल के पत्रकार को बदमाशों ने मारी गोली, माफियाओं पर शक
रविवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मार दी। पुलिस ने घायल पत्रकार को जिला अस्पताल भिजवाया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
उत्तर प्रदेश से एक बार फिर पत्रकार पर हमले की खबर सामने आयी है। दरअसल, जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांदपुर बालू मंडी के पास रविवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मार दी। गोली दाहिने हाथ की उंगली में और पेट पर लगी लगी है। पुलिस ने घायल पत्रकार को जिला अस्पताल भिजवाया।
बता दें कि पत्रकार का नाम देवेंद्र खरे है और वह एक चैनल में जिला संवाददाता के तौर पर कार्यरत हैं। घटना उस समय हुई जब वह शाम 6:30 के करीब अपने मित्र के साथ अपने कार्यालय के बाहर बैठे थे और फोन पर किसी से बात कर रहे थे। तभी मोटरसाइकिल से आए अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। लोगों ने जब बदमाशों को देखा और दौड़ाया तब तक बदमाश भाग निकले। देवेंद्र खरे गोली लगने से घायल हो गए थे। पुलिस की मदद से लोगों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। अब वह खतरे से बाहर हैं।
पत्रकार देवेंद्र खरे ने कहा कि लगातार वह अपनी खबरों को लेकर माफियाओं के निशाने पर रहते हैं और यह हमला किसी माफिया इशारे पर ही करवाया गया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा ने पहुंचकर जानकारी ली और कहा कि कई टीम लगा दी गई है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
टैग्स पत्रकार हत्या गोली जौनपुर