होम / मीडिया फोरम / मीडिया का काम सवाल पूछना है, एक तरफ झुकाव ठीक नहीं: अकु श्रीवास्तव
मीडिया का काम सवाल पूछना है, एक तरफ झुकाव ठीक नहीं: अकु श्रीवास्तव
समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद 2023’ को बतौर प्रमुख वक्ता संबोधित कर रहे थे वरिष्ठ पत्रकार और ‘नवोदय टाइम्स’ के एडिटर अकु श्रीवास्तव
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
वरिष्ठ पत्रकार और ‘नवोदय टाइम्स’ (Navodaya Times) में एडिटर अकु श्रीवास्तव का कहना है कि मीडिया में गंभीर कंटेंट संकट में है और वह एकतरफा हो चुका है। मीडिया का काम सवाल पूछना है, लेकिन मीडिया का झुकाव बिल्कुल एक तरफ हो जाए, इस तरह की स्थिति बन गई है। आज अमेरिका अथवा दुनिया के तमाम देशों की तरह हम भी दो हिस्सों में बंटते हुए नजर आ रहे हैं। मीडिया में विश्वसनीयता का संकट है और यह आने वाले दिनों में और बढ़ने वाला है। न्यू मीडिया की बात करें तो वहां पर किसी पर विश्वास करना इतना आसान नहीं रह गया है। मुझे लगता है कि यह एक दौर है और आने वाले समय में न्यू मीडिया स्थायित्व लेगा। उससे बहुत कुछ सीखा-समझा जा सकता है। हमें इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा।
अकु श्रीवास्तव ‘बदलते परिदृश्य में मीडिया: चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद 2023’ को बतौर प्रमुख वक्ता संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर अकु श्रीवास्तव का कहना था, ‘जब टीवी का दौर आया तो माना जा रहा था कि अब अखबार का दौर खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चीजें समानांतर तौर पर चलती रहीं। इसके बाद इंटरनेट का विस्तार हुआ और न्यू मीडिया या कहें कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का दौर आया। इसके बाद दुनिया अलग तरीके से बदल गई।’
इसके साथ ही अकु श्रीवास्तव का यह भी कहना था, ‘रीजनल में प्रिंट मीडिया में आज के दौर में संभावनाएं कम नजर आती हैं, जब तक कि कंटेंट बहुत अच्छा न हो। सच बात तो यह है कि अब प्रिंट में लोग भी बहुत अच्छे नहीं आ रहे हैं। प्रिंट में आ रहे तमाम पत्रकारों को अब न हिंदी अच्छे से आती है और न अंग्रेजी। सामान्य ज्ञान भी बहुत अच्छा नहीं है। कह सकते हैं कि पत्रकारिता की स्थिति पिछले कुछ समय में खराब हुई है।’ इसके अलावा भी अकु श्रीवास्तव ने मीडिया को लेकर तमाम चुनौतियों और संभावनाओं पर अपनी बात रखी।
बता दें कि एक्सचेंज4मीडिया (।exchange4media) समूह की हिंदी वेबसाइट 'समाचार4मीडिया' (samachar4media.com) द्वारा तैयार की गई 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40’ (40 Under 40)' की लिस्ट से एक सितंबर 2023 को पर्दा उठ गया। राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन हरिवंश नारायण सिंह के मुख्य आतिथ्य में दिल्ली स्थित ‘इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ (IIC) के सेमिनार हॉल- 1, 2 और 3 में आयोजित एक कार्यक्रम में इस लिस्ट में शामिल प्रतिभाशाली पत्रकारों के नामों की घोषणा की गई और उन्हें सम्मानित किया गया। इससे पहले सुबह नौ बजे से ‘मीडिया संवाद 2023’ का आयोजन किया गया, जिसके तहत विभिन्न पैनल चर्चा और वक्ताओं का संबोधन शामिल था।
यह इस कार्यक्रम का दूसरा एडिशन था। अपने दूसरे साल में ही हमें प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल से जुड़े युवा पत्रकारों की ओर से तमाम एंट्रीज प्राप्त हुई थीं। विभिन्न मापदंडों के आधार पर इनमें से करीब 94 पत्रकारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इसके बाद 20 मई 2023 को हुई वर्चुअल ‘जूरी मीट’ में हमारे प्रतिष्ठित जूरी सदस्यों ने तमाम स्तरों पर मूल्यांकन के बाद समाचार4मीडिया ‘पत्रकारिता 40 अंडर 40’ सूची के लिए इनमें से 40 पत्रकारों का चयन किया था, जिनके नामों की घोषणा एक सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में की गई।
पिछले एडिशन की तरह इस बार भी जूरी की अध्यक्षता ‘हिन्दुस्तान’ के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने की थी। इसके साथ ही जूरी में बतौर सदस्य ‘बिजनेसवर्ल्ड’ समूह के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ और ‘एक्सचेंज4मीडिया’ समूह के फाउंडर व एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा, ‘बीएजी फिल्म्स एंड मीडिया लिमिटेड’ की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराधा प्रसाद, ‘टाइम्स नेटवर्क’ की ग्रुप एडिटर व ‘टाइम्स नाउ नवभारत‘ की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार, ‘एबीपी न्यूज’ के सीनियर वाइस प्रेजिडेंट (न्यूज और प्रॉडक्शन) संत प्रसाद राय, ‘जी न्यूज’ में एडिटर रजनीश आहूजा, ‘आजतक’, ‘गुड न्यूज टुडे’ और ‘इंडिया टुडे’ चैनल के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद, ‘न्यूज18 इंडिया’ के मैनेजिंग एडिटर किशोर अजवाणी, 'प्रभात खबर' के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी, 'माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय' भोपाल के कुलपति प्रो. केजी सुरेश, ‘दूरदर्शन’ के हेड ऑफ कंटेंट ऑपरेशंस राहुल महाजन, ‘आजतक’ में सलाहकार संपादक सुधीर चौधरी और ‘एनडीटीवी इंडिया’ के कंसल्टिंग एडिटर सुमित अवस्थी शामिल रहे। वहीं, नेटवर्क18 के कन्वर्जेंस के ग्रुप एडिटर ब्रजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार संतोष भारतीय और एनडीटीवी के एग्जिक्यूटिव एडिटर अखिलेश शर्मा ने भी जूरी सदस्यों की भूमिका निभाई।
पिछली बार की तरह इस लिस्ट में मीडिया जगत से जुड़े 40 साल से कम उम्र वाले ऐसे पत्रकारों को शामिल किया गया, जिन्होंने अपने काम के जरिये इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है और शिखर पर पहुंचे हैं। इसमें प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को शामिल किया गया है।
वरिष्ठ पत्रकार अकु श्रीवास्तव का पूरा वक्तव्य आप नीचे दिए वीडियो में देख सकते हैं:
टैग्स नवोदय टाइम्स अवॉर्ड्स अकु श्रीवास्तव एडिटर इंडिया इंटरनेशनल सेंटर समाचार4मीडिया एस4एम विजेता समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40अंडर40 मीडिया संवाद 2023