होम / मीडिया फोरम / वरिष्ठ पत्रकार गोपेश पांडेय के निधन पर भावुक हुए शशि शेखर, यूं किया याद

वरिष्ठ पत्रकार गोपेश पांडेय के निधन पर भावुक हुए शशि शेखर, यूं किया याद

वाराणसी के जाने-माने पत्रकार गोपेश पांडेय का रविवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago

वाराणसी के जाने-माने पत्रकार गोपेश पांडेय का रविवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। रविवार सुबह उन्होंने नवाबगंज (दुर्गाकुंड) स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से काशी की पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

तेवरदार और खोजपरक पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले गोपेश पांडेय काशी पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। उन्होंने ‘आज’ अखबार से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और जीवन भर उसी संस्थान से जुड़े रहे। वाराणसी और लखनऊ में सेवाएं देते हुए उन्होंने कई ऐसे मुद्दों को मजबूती से उठाया, जिनसे शहर की आवाज बुलंद हुई और न्याय का रास्ता खुला। संपादकाचार्य विद्याभास्कर, लक्ष्मीशंकर व्यास और चंद्रकुमार जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के सानिध्य में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई, जिसे हमेशा याद किया जाएगा। हिंदी दैनिक ‘हिन्दुस्तान’ के प्रधान संपादक शशि शेखर ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साथ बिताए कुछ यादगार पलों को याद किया है और उन्हें समेटकर एक लेख लिखा है, जिसे आप यहां पढ़ सकते हैं-

रविवार 11 जनवरी की सुबह साथी रजनीश त्रिपाठी का संदेश मिला-गोपेश पांडेय जी का आज सुबह वाराणसी में निधन हो गया। इतवार की सुबह भला इतनी मनहूस कैसे हो सकती है! तब से अब तक अपने साथ उनकी फोटो तलाश रहा हूं। करूं क्या? मेरी तबियत ही ऐसी लापरवाह है कि मैंने अपने पुराने लेख और फोटो सिलसिलेवार तरीके से नहीं संजोये। फोटो नहीं मिलनी थी नहीं मिली।

गोपेश पांडेय ‘आज’ में मेरे सीनियर थे। मैं कब मिला था उनसे पहली बार?

वह 1980 के सितंबर महीने का आखिरी हफ्ता था। मैं अपने समूचे करियर के अकेले प्रोफेशनल बॉस राममोहन पाठक जी के पास बैठा था। दरवाजे की ओर मेरी पीठ थी। अचानक पाठक जी के चेहरे पर मुस्कान तैरी और उन्होंने किसी शख्स के नमस्कार का जवाब दिया। पल-दो पल में एक लम्बा सा नौजवान सामने था। हल्का सा श्याम वर्ण, सूती हुई काया, ऊपर की ओर ऐंठी मूंछे और नुकीली आंखो से छनकर बाहर आती गहराई। आंखें हैं या एक्स रे मशीन, दिमाग में उभरा था।

पाठक जी ने परिचय कराया-ये गोपेश पांडेय हैं हमारे चीफ रिपोर्टर।

मैं गोपेश जी की सीधी मातहती में कभी नहीं रहा लेकिन विशेष असाइनमेंट मिलने पर वे मेरी कॉपी पास किया करते थे। एक बार उन्होंने कहा था कि यदि आपको अच्छी हिंदी सीखनी है तो मेरी रिपोर्ट और भास्कर का कॉलम पढ़ा करें।विद्याभास्कर जी अवकाश प्राप्ति से पूर्व ‘आज’ के संपादक हुआ करते थे और उनकी भाषा का नुकीलापन लोंगों के रोंगटे खड़े कर देता था। खुद-ब-खुद भास्कर जी से अपनी तुलना मुझे अजीब लगी थी लेकिन यह सच है कि वे कॉपी जांचते समय बेहद सतर्क और सचेष्ट रहा करते थे।

उस दिन कहां मालूम था कि अगले 20 वर्ष अब हम इसी संस्थान में साथ काम करेंगे और अक्सर मिलना हुआ करेगा।

मैं वाराणसी में मैं बहुत दिन नहीं रहा। पाठक जी ने मेरा तबादला कुछ दिनों के लिए इलाहाबाद किया और फिर अगले छह साल वहीं रहना हुआ। इलाहाबाद में ही भैया यानी शार्दूल विक्रम गुप्त जी ने मुझे जीवन का पहला संस्करण निकालने का काम सौंपा। गोपेश जी आने वाले कई वर्ष काशी में चीफ रिपोर्टर बने रहे और बाद में वे लखनऊ के राजनीतिक ब्यूरो स्थानांतरित कर दिए गए। कभी मुलाकात होती तो वे पहले जैसी सहजता से मिलते। ‘मूड’ में होने पर मैंने उसने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों, राजनीतिज्ञों,साहित्यकारों और नामचीन हस्तियों की अन्तरंग जिंदगियों के तमाम किस्से सुने।

मैं जानता था, मैं मानता हूं कि उन्होंने जो कुछ भी बोला सोच- समझकर बोला और सही ही बोला होगा। अपनी बात पूरी ताकत से कहना और लिखना गोपेश जी की शख्सियत में शुमार था।

वे उन दिनों चीफ रिपोर्टर बने थे, जब ‘आज’ पीढ़ीगत परिवर्तन से गुजर रहा था। भैया ने कुछ दिन पहले विरासत सम्हाली थी। उनके दिमाग में इंडियन एक्सप्रेस की तरह हिंदी का सबसे बड़ा और बहु संस्करकरणीय अखबार निकालने की योजना पक रही थी। हम जैसे तमाम नौजवान इसी मकसद से बीएचयू से सीधे भर्ती किए गए थे लेकिन यह कहानी फिर सही।

गोपेश जी पर लौटते हैं।

उन दिनों ‘आज’ में एक बड़ी लॉबी मानती थी कि राममोहन पाठक जी ने अखबार का सत्यानाश कर दिया है और गोपेश जी उनके प्रमुखतम सहयोगी है। इसके उलट पाठक जी ने ‘धर्मयुग’ की नौकरी छोड़कर ‘आज’ में इस जज्बे के साथ काम शुरू किया था कि वे बदलते वक्त के लिए मौजूं अखबार बनाएंगे। उनके नेतृत्व में ही ‘अवकाश’ पत्रिका शुरू हुई थी। साधनहीनता के बावजूद इसके तमाम अंक ‘रविवार’ से टक्कर लेते। पाठक जी भैया के सेनापति थे और इस नाते उन्हें दोस्तों के शहर में दुश्मनों के तीर खाकर भी चुप रहना पड़ता था।दुश्मन भी ऐसे जो उनके साथ काम करते थे।

गोपेश जी सब जानते थे। उन्हें मालूम था कि मिठास पगी दुआ-सलाम करने वाले कौन लोग उनके निंदक हैं लेकिन उन्होंने कभी मुचेटा नहीं लिया। उन दिनों हमारे एक अति वरिष्ठ सहयोगी हुआ करते थे।उनके पुत्र भी आज मैं काम करने लगे थे।उन्हें रह-रहकर संदेह हो उठता कि अखबार में कोई गलती छप रही है।

इसके लिए वह कभी-कभी आधी रात घर के रास्ते से लौट आते। काम के दौरान भी वे अतिरिक्त सतर्कता बरतते। इसे सद्गुण माना जाना चाहिए था लेकिन कुछ लोग उनकी मजाक उड़ाते। मजाक उड़ाने वाली भी हम लोगों से काफी सीनियर थे।एक दिन गोपेश जी के सामने किसी ने कुछ ऐसा कहा जो हमारे उन बुजुर्गवार के लिए अनुचित था। गोपेश जी ने आवाज थोड़ी ऊंची जरूर की लेकिन अंदाज उत्तेजना रहित रहा। वे बोले कि आगे से आप ऐसा न करें। इस पर दूसरे वरीष्ठ सहयोगी ने कहा कि आपके मातहत काम करने वाली एक साहब रोज ऐसा करते हैं और मैं उन्हें बहुत मारूंगा।गलत बात गोपेश जी को कहां बर्दाश्त होती!

उन्होंने सख्त अंदाज में कहाकि आप इन्हें मारेंगे और हम लोग देखते रहेंगे? सामने वाला सहम गया था।

चाहूं तो ऐसे तमाम उदाहरण दे सकता हूं लेकिन जैसे चावल का एक दाना परख के लिए पर्याप्त होता है, यह उदाहरण गोपेश जी की पूरी शख्सियत बयां करने के लिए पर्याप्त है।

लखनऊ में उनका भयंकर एक्सीडेंट हुआ था। सिर में गंभीर चोट के बावजूद वे बच गए थे लेकिन उनके व्यवहार में पहले जैसी बात नहीं रह गई थी। पहले मितभाषी हुआ करते थे लेकिन अब बोलते तो बोलते चले जाते।पत्नी के असामयिक निधन के बाद उनकी लौ ईश्वर से लग गई थी। उनके बाबा मशहूर ज्योतिषी थे और अक्सर उनके हवाले से कहते कि जो लिखा है,वही होगा।

कुछ महीने पहले उनका फोन आया था। अपने भाई से संबंधित कोई काम वे मुझे बता रहे थे। उसी दौरान उन्होंने कहा था, शेखर जी, आपकी भाभी के जाने के बाद यही लोग मेरा ख्याल रखते है। अनुज वधु बहुत अच्छी है, ख्याल रखियेगा। मैंने विनम्रता से जवाब दिया था गोपेश जी आपने कह दिया मेरे लिए यही बहुत है।

उनका काम पूरा होते ही उन्हें सूचित भी कर दिया था और उन्होंने भी भरे गले से मुझे धन्यवाद दिया था। जानता नहीं था गोपेश जी, यह आपसे आखिरी बातचीत है। अब आपसे सिर्फ अतीत के गलियारों में मुलाकात होगी। हम अक्सर जीवन को बहुत बड़ा मान लेते हैं पर वह उतना बड़ा भी नहीं होता, जैसा हम मान बैठते हैं।

(साभार: शशि शेखर की फेसबुक वॉल से )




टैग्स
सम्बंधित खबरें

आयुष मंत्रालय ने वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ झा को ITRA जामनगर में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

समाचार4मीडिया से बातचीत में सिद्धार्थ झा ने बताया कि यह संस्थान आयुष नेक्स्ट कम्युनिकेशन नेटवर्क के नाम से एक सैटेलाइट चैनल का प्रसारण करने वाला है, जो आयुष से जुड़े हुए कार्यक्रमों का प्रसारण करेगा।

9 hours ago

इंडिया टीवी के मंच से बोलीं मैथिली ठाकुर: रियलिटी शो में दिल टूटता है

इंडिया टीवी के SHE कॉन्क्लेव में मैथिली ठाकुर ने अपने संघर्ष और सफर की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि परिवार के समर्थन और मेहनत से ही जीवन में आगे बढ़ने का मौका मिलता है।

1 day ago

इंडिया टीवी SHE कॉन्क्लेव: UPSC टॉपर जिनिया अरोड़ा ने की शिरकत

इंडिया टीवी के SHE कॉन्क्लेव में UPSC टॉपर जिनिया अरोड़ा ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और अपने पैशन के साथ मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।

1 day ago

भारत एक्सप्रेस कॉन्क्लेव में बोले रवि किशन: लोग चलकर आते हैं, मैं रेंगकर आया

भारत एक्सप्रेस के मेगा कॉन्क्लेव में सांसद और अभिनेता रवि किशन ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि मेहनत, धैर्य और विश्वास से ही सफलता मिलती है।

1 day ago

उपेंद्र राय का बड़ा ऐलान: भारत एक्सप्रेस के साथ फिर शुरू होगा ‘सहारा’

भारत एक्सप्रेस की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित कॉन्क्लेव में सीएमडी उपेंद्र राय ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सहारा न्यूज़ नेटवर्क के चैनल दोबारा शुरू होंगे और अखबार भी नए रूप में लौटेगा।

1 day ago


बड़ी खबरें

‘लक्ष्य पिच बेस्ट CMO अवॉर्ड्स’ के मुख्य अतिथि होंगे महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार

मार्केटिंग और ऐडवर्टाइजिंग जगत के बड़े नामों को सम्मानित करने के लिए ‘लक्ष्य पिच बेस्ट CMO अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन 12 मार्च को मुंबई में किया जाएगा।

10 hours ago

सुधीर चौधरी के मीडिया स्टार्टअप में नौकरी का मौका, जल्द करें अप्लाई

देश के जाने-माने पत्रकार सुधीर चौधरी ने अपने मीडिया वेंचर 'Essprit Productions Pvt Ltd' में प्रतिभाशाली युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर भर्तियां निकाली हैं।

5 hours ago

अशोक सिंघल ने ‘आजतक’ में 18 साल लंबी अपनी पारी को दिया विराम

वह जुलाई 2008 में इस न्यूज चैनल से जुड़े थे और बतौर मैनेजिंग एडिटर (पॉलिटिक्स) अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।

4 hours ago

@40 साल: मीडिया स्ट्रैटजी को दिशा दे रहे शशि सिन्हा के सफर पर एक नजर

मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गज नेता शशि सिन्हा को उनके लगभग चार दशकों लंबे करियर के लिए सम्मानित किया जा रहा है।

3 hours ago

विनोद थडानी: भारतीय मार्केटिंग इंडस्ट्री में डिजिटल ग्रोथ के मजबूत स्तंभ

कुछ लोग कमरे में आते ही माहौल को रोशन कर देते हैं। लेकिन विनोद थडानी ऐसे शख्स हैं जो पूरी इंडस्ट्री को रोशन कर देते हैं।

5 hours ago