होम / मीडिया फोरम / जन्मशती वर्ष पर गृह मंत्री अमित शाह ने जवाहरलाल दर्डा को कुछ यूं किया याद
जन्मशती वर्ष पर गृह मंत्री अमित शाह ने जवाहरलाल दर्डा को कुछ यूं किया याद
लोकमत समूह के संस्थापक-संपादक और स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा की जन्म शताब्दी के मौके पर शनिवार को नागपुर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
लोकमत समूह के संस्थापक-संपादक और स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा की जन्म शताब्दी के मौके पर शनिवार को नागपुर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही नागपुर में मराठी अखबार के संस्करण की स्वर्ण जयंती भी मनायी गयी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नजर आए।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने लोकमत के मंच से सभी देशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी और इसके बाद लोकमत समूह के संस्थापक-संपादक और स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा को याद किया और उनके बारे में कुछ बातें वहां मौजूद लोगों के साथ शेयर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी संस्था हो, फिर चाहे वह किसी भी क्षेत्र में काम करती हो, यदि वह स्वर्ण जयंती मनाती है तो यह मानना पड़ेगा कि इस संस्था के संचालकों में सत्व, साहस और सादत्व है, क्योंकि सत्व, साहस और सादत्व के बेगैर कोई भी संस्था 50 साल तक इतना बड़ा काम नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता धर्म संभालना, पत्रिका को लोकप्रिय बनाना और मुनाफा भी कमाना, ये तीनों काम बहुत ही असंभव जैसे दिखते हैं। लोकमत समूह ने इसे बहुत ही अच्छे से किया है। लोकमत अपने सिद्धांतों के आधार पर ही आगे अपनी यात्रा की है और यहां तक पहुंचा है। मैं इसलिए फिर से एक बार विजय दर्डा और उनकी पूरी टीम को भी फिर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि मैनें दूर से लोकमत ग्रुप को देखा है। मेरे जीवन के दो साल पुणे में भी रहा हूं, कोल्हापुर में मेरा ससुराल है और सार्वजनिक चीजों में महाराष्ट्र आता जाता रहता हूं। मैं लोकमत को पढ़ता हूं।
बता दें कि यह कार्यक्रम रेशमीबाग के सुरेश भट ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने प्रमुख क्षेत्रीय भाषा के समाचार पत्र लोकमत के नागपुर संस्करण का एक विशेष अंक भी जारी किया।
पूरा कार्यक्रम आप यहां देख सकते हैं-
टैग्स अमित शाह विजय दर्डा लोकमत