होम / इंटरनेशनल / T20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेशी मीडिया को नहीं मिली मीडिया मान्यता, पत्रकारों में नाराजगी
T20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेशी मीडिया को नहीं मिली मीडिया मान्यता, पत्रकारों में नाराजगी
भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेशी पत्रकारों की मीडिया मान्यता (एक्रिडिटेशन) प्रक्रिया पर दोबारा विचार शुरू कर दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेशी पत्रकारों की मीडिया मान्यता (एक्रिडिटेशन) प्रक्रिया पर दोबारा विचार शुरू कर दिया है। यह फैसला बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने के बाद लिया गया है। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया था।
इस बीच कई बांग्लादेशी पत्रकारों ने दावा किया है कि ICC ने उनकी मीडिया मान्यता की अर्जियां खारिज कर दी हैं। ICC से जुड़े सूत्रों न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि टीम की भागीदारी और शेड्यूल में बदलाव के चलते पूरी प्रक्रिया को फिर से व्यवस्थित किया जा रहा है।
ICC सूत्रों के मुताबिक, करीब 80 से 90 बांग्लादेशी पत्रकारों ने T20 वर्ल्ड कप को कवर करने के लिए आवेदन किया था। लेकिन नियमों के तहत किसी भी देश से 40 से ज्यादा पत्रकारों को मान्यता नहीं दी जा सकती। ICC आमतौर पर मेजबान बोर्ड की सिफारिश के आधार पर ही अंतिम फैसला लेता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के मीडिया मैनेजर अमजद हुसैन ने बताया कि इस मुद्दे को ICC के सामने उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला हाल ही में लिया गया है और BCB ने ICC से इसका कारण जानने के लिए स्पष्टीकरण मांगा है। हालांकि उन्होंने इसे आंतरिक और गोपनीय मामला बताया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब बांग्लादेशी पत्रकारों को दोबारा नई मीडिया मान्यता के लिए आवेदन करना होगा और हर आवेदन पर अलग-अलग तरीके से फैसला लिया जाएगा। एक वरिष्ठ बांग्लादेशी पत्रकार ने कहा कि उन्होंने 8 से 9 ICC वर्ल्ड कप कवर किए हैं लेकिन यह पहली बार है जब उनकी अर्जी खारिज हुई है। उन्होंने कहा कि वे BCB से स्थिति साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
ICC के आकलन में यह बात सामने आई थी कि भारत में बांग्लादेशी टीम को कोई सुरक्षा खतरा नहीं था। इसके बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टीम को भारत भेजने का फैसला नहीं किया।
इसके बाद ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया है। T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है।
टैग्स