होम / इंटरनेशनल / भारत से करारी शिकस्त के बाद पाक एंकर का टीम पर हमला, बोलीं- शर्म की इंतहा हो गई
भारत से करारी शिकस्त के बाद पाक एंकर का टीम पर हमला, बोलीं- शर्म की इंतहा हो गई
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान टीम अपने ही देश में जबरदस्त आलोचना का सामना कर रही है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 19 hours ago
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान टीम अपने ही देश में जबरदस्त आलोचना का सामना कर रही है। रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया, जिसके बाद पूर्व क्रिकेटर, कमेंटेटर और फैंस सभी टीम पर भड़के हुए हैं।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। मुकाबला कोलंबो में खेला गया था।
इस हार के बाद पाकिस्तानी पत्रकार हुडा शाह ने टीम पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि यह “शर्म की इंतहा” है। उनका कहना था कि हारना अलग बात है, लेकिन टीम ने मुकाबला करने की भी कोशिश नहीं की।
हुडा शाह ने टीम की तैयारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मैच से पहले बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग प्रैक्टिस को लेकर काफी खबरें आई थीं, लेकिन मैदान पर उसका कोई असर नहीं दिखा। उन्होंने पूछा, “आखिर प्रैक्टिस किस चीज की की थी?”
उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि टीम 100 रन तक भी ठीक से नहीं पहुंच पाई और पूरे देश को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि भारत के खिलाफ खेलने का फैसला वापस न लिया होता तो शायद यह शर्मिंदिगी नहीं झेलना पड़ती।
#PAKvIND #WorldCup2026 pic.twitter.com/ZtfixKHEkE
— Huda Shah (@hudashahh) February 15, 2026
सिर्फ पत्रकार ही नहीं, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी की काबिलियत पर सवाल उठाए। अख्तर ने कहा कि जब बोर्ड का नेतृत्व मजबूत नहीं होगा तो टीम कैसे आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार खराब है, उन्हें स्टार बनाकर पेश किया जा रहा है जबकि वे मैच जिताने में नाकाम रहे हैं।
कोलंबो में मिली इस हार के बाद पाकिस्तान टीम ही नहीं, बल्कि टीम मैनेजमेंट और क्रिकेट बोर्ड भी सवालों के घेरे में आ गए हैं।
टैग्स