होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार की गिरफ्तारी पर आक्रोशित हुआ पूरा गांव, मीडियाकर्मियों के साथ किया प्रदर्शन
पत्रकार की गिरफ्तारी पर आक्रोशित हुआ पूरा गांव, मीडियाकर्मियों के साथ किया प्रदर्शन
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे अलीगढ़वा कस्बे से एक अखबार के लिए रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार ध्रुव कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद से यहां जनाक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को जिलाभर के पत्रकार व ग्रामीणवा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे अलीगढ़वा कस्बे से एक अखबार के लिए रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार ध्रुव कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद से यहां जनाक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को जिलाभर के पत्रकार व ग्रामीणवासी सड़क पर उतर आए और करीब एक घंटे तक रुधौली-ककरहवा राष्ट्रीय राजमार्ग-233 को कलेक्ट्रेट के सामने जाम कर दिया। एसएसबी के विरोध में जमकर नारे लगाए और पत्रकार की जल्द रिहाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसएसबी ने सरेराह पत्रकार को जबरन उठाकर चरस के साथ गिरफ्तारी दिखाई है।
अलीगढ़वा कस्बा निवासी ध्रुव कुमार यादव एक अखबार के पत्रकार हैं। रविवार शाम चार बजे वह अलीगढ़वा कस्बा के एक चाय की दुकान से चाय पीकर जैसे ही निकले एसएसबी जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पत्रकार को पकड़ता देख लोगों की भीड़ जुट गई, और गिरफ्तारी की वजह पूछने लगी। इस पर एसएसबी जवानों ने लाठी भांजते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया और पत्रकार को कैम्प पर लेकर चले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस समय पत्रकार को पकड़ा गया उस समय उनके पास कुछ भी नहीं था, वह खाली हाथ थे, लेकिन देर रात ध्रुव के खिलाफ एसएसबी ने कपिलवस्तु कोतवाली में 6 किलो 50 ग्राम चरस बरामदगी का केस दर्ज करने की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया। देर रात तक लोग एसएसबी पोस्ट और कपिलवस्तु थाने के पास जमे रहे और अलसुबह ही बाजार बंद कर व्यापारी सहित आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट पहुंच गए और प्रदर्शन किया।
इसके बाद, पत्रकारों ने डीएम की गैर मौजूदगी में प्रभारी डीएम अखिलेश तिवारी को ज्ञापन सौंप पत्रकार की रिहाई और मामले की न्यायिक जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। हालांकि पुलिस की ओर से न तो पत्रकार को छोड़ा गया और न ही कोई जांच-पड़ताल की गई, जिसके बाद बुधवार को जिलभर के पत्रकार सड़क पर उतर आए। करीब एक घंटे तक रुधौली-ककरहवा राष्ट्रीय राजमार्ग-233 को कलेक्ट्रेट के सामने जाम कर दिया और एसएसबी के विरोध में जमकर नारे लगाए।
इस दौरान जिला प्रशासन का रवैया संवेदनहीन रहा। जाम में फंसे लोग छटपटाते रहे मगर ज्ञापन लेने डीएम मौके पर नहीं आए। बाद में एडीएम पीके जैन और सीओ सदर मो. अकमल खां ने पहल करते हुए ज्ञापन लिया और जाम समाप्त कराया। पत्रकारों ने न्यायिक जांच की मांग करते हुए प्रशासन को 24 घंटे की मोहलत दी है। साथ ही चेताया है कि अगर जिला प्रशासन कड़े कदम नहीं उठाता तो वह फिर से कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स