होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हॉट एयर बैलून फेस्टिवल में हादसा, मीडियाकर्मी सहित तीन चोटिल
हॉट एयर बैलून फेस्टिवल में हादसा, मीडियाकर्मी सहित तीन चोटिल
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। ताजनगरी आगरा में शुक्रवार यानी आज से शुरू हुए हॉट एयर बैलून फेस्टिवल में पहले ही दिन हादसा हो गया। दरअसल तेज हवा की वजह से लैंडिंग के दौरान बैलून का बास्केट पलट गया, जिसकी वजह से बैलून में सवार पर्यटकों को चोटें लगी है, जिसमें एक मीडियाकर्
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ताजनगरी आगरा में शुक्रवार यानी आज से शुरू हुए हॉट एयर बैलून फेस्टिवल में पहले ही दिन हादसा हो गया। दरअसल तेज हवा की वजह से लैंडिंग के दौरान बैलून का बास्केट पलट गया, जिसकी वजह से बैलून में सवार पर्यटकों को चोटें लगी है, जिसमें एक मीडियाकर्मी भी शामिल है।
हॉट एयर बैलून आगरा में शुक्रवार से शुरू हुई है। सुबह साढ़े छह बजे पीएसी ग्राउंड से बैलूनों की उड़ान शुरू हुई। दस बैलून ही उड़ सके कि तभी हवा की रफ्तार तेज हो गई। पांच अन्य बैलून की उड़ान हवा की वजह से कैंसिल कर दी गई। बैलून नंबर 14 उड़ने के बाद दो किलोमीटर दूर कुआं खेड़ा गांव तक पहुंचा। यहां हवा की रफ्तार और ज्यादा हो गई। लैंडिंग करते समय बैलून का बास्केट सड़क से टकरा गया, इसके बाद करीब तीन फीट नीचे खेत की ओर पलटने लगा। यह देखकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बैलून की ओर दौड़े।
इस बैलून में यूपी सरकार के संयुक्त पर्यटन निदेशक अविनाश चंद्र मिश्रा, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार और मीडियाकर्मी बृजेश सिंह सवार थे, जिनका कैमरा गिरने से टूट गया।
वहीं ग्रामीणों ने बास्केट से यात्रियों और पायलट को खींचकर बाहर निकाला।
मीडियाकर्मी बृजेश सिंह ने बताया कि पर्यटन अधिकारियों को भी चोट लगी है। लैंडिंग करते समय हवा तेज होने की वजह से बास्केट सड़क से टकराकर आगे बढ़ गया था। बास्केट पलटने के दौरान कुछ देर के लिए तो हर कोई बेहद डर गया था। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकला।
बता दें कि ताजनगरी में यह दूसरा बैलून फेस्टिवल हो रहा है। इसमें भारत, यूएसए, यूके, कनाडा, स्पेन, यूएई, नीदरलैंड, तुर्की, स्विट्जरलैंड, बेल्जियम, पोलैंड और मलेशिया जैसे अलग-अलग देशों के 15 बैलून शामिल होंगे। यूपी पर्यटन विभाग इसे स्काइवॉल्ट्ज कंपनी के सहयोग से आयोजित कर रही है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स