होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / राष्ट्रपति की दौड़ में शामिल हुई ये महिला पत्रकार...
राष्ट्रपति की दौड़ में शामिल हुई ये महिला पत्रकार...
पत्रकारिता कितना मुश्किल काम है, बताने की जरूरत नहीं। खासकर महिला पत्रकारों को...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
इराक में पत्रकारिता कितना मुश्किल काम है, बताने की जरूरत नहीं। खासकर महिला पत्रकारों को तो हर कदम पर विरोध का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यदि कोई महिला पत्रकार देश के राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने का ऐलान करे तो तारीफ बनती है। सरवा अब्दुल वाहिद ने घोषणा की है कि वो इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेंगी। इराक में यह पहला मौका है जब किसी महिला ने इस पद के लिए दावेदारी पेश की है और यदि सरवा जीत हासिल कर लेती हैं, तो एक कट्टरपंथी मुल्क को अपनी पहली महिला राष्ट्रपति मिल जाएगी।
सरवा अब्दुल वाहिद ने 1993 में बगदाद यूनिवर्सिटी से अरबी भाषा में बैचलर डिग्री प्राप्त की थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत स्थानीय मीडिया संस्थान से की, इसके बाद उन्होंने कई मीडिया हाउस में काम किया। पत्रकारिता के साथ ही उन्होंने शिक्षक के तौर पर भी देश का भविष्य सुधारने के लिए काम किया। जैसा कि अक्सर होता है पत्रकारिता के जरिए उन्होंने राजनीति में हाथ आजमाया और फिर कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। काउंसिल ऑफ़ मिनिस्टरी में रिलेशन ऑफिस के सदस्य के रूप में उन्होंने 2014 तक महिला अधिकारों के लिए काम किया. इसके बाद वह संसदीय अरब महिला नेटवर्क की सदस्य बनीं।
सरवा अब्दुल वाहिद इराक में पत्रकारों पर होने वाले हमलों पर अपनी चिंता जाहिर करती रहती हैं। खासकर अर्बिल क्षेत्र में सेना द्वारा होने वाली कार्रवाई का उन्होंने कड़ा विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि ये इलाका पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक बन गया है। डेमोक्रेटिक पार्टी के हथियारबंद समूह पत्रकारों के साथ-साथ आम नागरिकों को धमकाते हैं। वाहिद राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने वालीं तीसरी उम्मीदवार हैं। आपको बता दें कि इराक में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को संसद सदस्यों के दो-तिहाई वोट हासिल करना जरूरी है।
टैग्स सरवा अब्दुल वाहिद राष्ट्रपति चुनाव