होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मनचलों से परेशान एक RJ के इस फैसले से प्रशासन में मचा हड़कंप...
मनचलों से परेशान एक RJ के इस फैसले से प्रशासन में मचा हड़कंप...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। आए दिन महिलाओं को सड़कों पर मनचलों से दो चार होना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला यूपी के इलाहाबाद से सामने आया है, जहां छेड़खानी से तंग आकर चर्चित रेडियो जॉकी ने नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया और शुक्रवार को अपने शो में इसका ऐलान भी कर दिया, लेकिन
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आए दिन महिलाओं को सड़कों पर मनचलों से दो चार होना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला यूपी के इलाहाबाद से सामने आया है, जहां छेड़खानी से तंग आकर चर्चित रेडियो जॉकी ने नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया और शुक्रवार को अपने शो में इसका ऐलान भी कर दिया, लेकिन लोगों की अपील के बाद आरजे ने अपना फैसला बदल लिया, जिसकी जानकारी उसने अपने फेसबुक पेज पर दी है।
दरअसल, चर्चित आरजे निधि 93.5 रेड एफएम में काम करती हैं और तीन दिन पहले घर लौटते समय बाइक सवार तीन मनचलों ने रेडियो जॉकी निधि के साथ छेड़खानी कर उसे जबरन रोकने की कोशिश की थी। यह घटना हाईकोर्ट के नजदीक सिविल लाइंस और महिला पुलिस स्टेशन से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई। इन तीन लड़कों ने उसके साथ छेड़खानी की और उस पर भद्दे व अश्लील कमेंट्स किए। सुनसान सड़क पर खुद को घिरा देख आरजे इनकी हरकतों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ती रही, तो उन्होंने उसे जबरन रोकने की भी कोशिश की। इस पर उसने शोर मचाकर उन्हें डराने की कोशिश की और उनको पकड़ने की एक्टिंग की। उसके बाद लफंगे वहां से भाग निकले।
निधि ने किसी तरह से गुंडों से खुद को बचाया लेकिन इस घटना के बाद से वो काफी डर गयी और दहशत में लाइव शो के दौरान नौकरी छोड़ने का ऐलान कर दिया, क्योंकि वह बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।
रेडियो जॉकी ने शो के दौरान कहा, "मैं अब शो नहीं करना चाहती और शायद आज का यू- टर्न आखिरी यू-टर्न होगा इसके बाद आप मुझे नहीं सुन पाएंगे रेडियो पर, क्योंकि मेरा शो 5 से 9 होता है मुझे रात को घर वापस जाना होता है और जब मैं सेफ फील नहीं करती हूं, वो मुझे तोड़ रही है, अंदर से मैं नहीं करना चाहती।"
इस ऐलान के तुरंत बाद पूरे इलाहाबाद में हड़कंप मच गया। लाइव शो में ही डीएम ने खुद फोन कर उनसे बात की और कहा कि वह उनकी बहादुरी की प्रशंसा करते हैं लेकिन उन्हें नौकरी नहीं छोड़नी चाहिए। इसके बाद तमाम लोगों ने आरजे के शो में फोन कर उनसे नौकरी नहीं छोड़ने की अपील की। हालांकि अब आरजे मान गईं हैं।
आरजे ने महिला थाने में इस घटना की लिखित शिकायत भी की है, लेकिन घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी इस मामले में इलाहाबाद पुलिस के हाथ अभी मनचले नहीं लगे हैं। अफसरों का दावा है कि वो चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के सहारे आरोपियों की तलाश कर रही है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स