होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / रेस्टोरेंट मालिक का पत्रकार पर टूटा कहर, साथियों संग मिलकर किया ये हाल
रेस्टोरेंट मालिक का पत्रकार पर टूटा कहर, साथियों संग मिलकर किया ये हाल
देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा एक चुनौती बनी हुई है। आए दिन कहीं न कहीं उन पर...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा एक चुनौती बनी हुई है। आए दिन कहीं न कहीं उन पर हमला किया जा रहा है। रांची विश्वविद्यालय और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में पत्रकारों पर पिछले दिनों हुए हमले के मामले अभी ठंडे भी नहीं हुए थे कि असम के गुवाहाटी में ‘न्यूज18’ के पत्रकार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
‘न्यूज18’ में छपी खबर के मुताबिक, गणेशपुरी स्थित रेस्टोरेंट ‘अल्बर ईट्स’ के मालिक और कर्मचारियों ने एंकर और रिपोर्टर चक्रपाणी पाराशर पर हमला किया। पत्रकार को सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।
बताया जाता है कि चक्रपाणी ने एक रिपोर्ट कवर की थी, जिसमें ‘अल्बर ईट्स’ का कर्मचारी दिनदहाड़े चाकू लेकर एक सिक्योरिटी गार्ड का पीछा कर रहा था। बदमाश इस रिपोर्ट से नाराज थे। रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों ने चक्रपाणी को इसका परिणाम भुगतने की धमकी दी थी और अब उन पर हमला बोल दिया।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि पत्रकार को बाहर फेंका गया और फिर पेट और घुटनों पर चाकू से वार के बाद बेरहमी से पीटा गया। बदमाशों ने रेस्टोरेंट के मेन गेट को भी बंद कर दिया और किचन में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर से वहां आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रेस्टोरेंट का मालिक सैय्यद अली, उसका भाई नीरज अहमद और उनके कर्मचारी नितिन शर्मा तथा भाबेश दास है। रेस्टोरेंट मालिक इससे पहले एक अधिकारी को धमकी देने के मामले में जेल जा चुका है। सैय्यद अली डेढ़ साल पहले उत्तर प्रदेश से असम गया था। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया फोरम असम (EMFA) ने भी इस घटना की निंदा करते हुए राज्य सरकार से जल्द से जल्द विशेष कानून बनाकर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा पाराशर पर हमले के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
टैग्स पत्रकार हमला चक्रपाणी पाराशर