होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / BBC के रिपोर्टर पर भड़के केजरीवाल: ये जनता देख रही है कि बीबीसी वाले कितने ईमानदार हैं...
BBC के रिपोर्टर पर भड़के केजरीवाल: ये जनता देख रही है कि बीबीसी वाले कितने ईमानदार हैं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नोटबंदी के फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी संदर्भ में जब बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव ने उनका इंटरव्यू लिया तो वे कुछ मुद्दों को लेकर भड़क गए और उन्होंने ब
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नोटबंदी के फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी संदर्भ में जब बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव ने उनका इंटरव्यू लिया तो वे कुछ मुद्दों को लेकर भड़क गए और उन्होंने बीबीसी की पत्रकारिता पर भी सवाल उठा दिए। हालांकि यह विडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
शुक्रवार शाम बीबीसी हिंदी के साथ फेसबुक लाइव में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नोटबंदी से जुड़े मुद्दे पर अपनी बात रखी। फेसबुक लाइव पर किए गए इंटरव्यू की शुरुआत नोटबंदी से जुड़े कुछ व्यवहारिक सवालों के साथ हुई। इनके जवाब के तौर पर केजरीवाल ने कहा कि वे पीएम मोदी के इस फैसले के खिलाफ हैं। इससे देश की जनता को तमाम तरह की दिक्कतें हो रही हैं।
केजरीवाल ने नोटबंदी को देश का अब तक का 'सबसे बड़ा स्कैम' करार देते हुए कई राजनेताओं और उद्योगपतियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। सबूत के तौर पर केजरीवाल ने कुछ असत्यापित कागजात का हवाला दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के एक गलत फैसले के चलते देश के 55 निर्दोष लोगों की मौत हुई है।
लेकिन इस दौरान रिपोर्टर ने जैसे ही उनसे पूछा कि आप 55 मौतों को सीधे तौर पर नोटबंदी से कैसे जोड़ सकते हैं? इस पर केजरीवाल भड़क गए और उन्होंने कहा, ‘कुछ तुम्हारें साथी पत्रकारों के अंदर हिम्मत है और वे लाइनों में लगे लोगों से इस फैसले के बाद उन्हें हो रही परेशानियों के बारे में पूछ रहे हैं।’
रिपोर्टर ने कहा कि यह काम तो एक पत्रकार के तौर पर वे भी कर रहे हैं। साथ ही रिपोर्टर ने कहा, ‘लेकिन यह हमारी जिम्मेदारी है कि झूठ को झूठ और सच को सच दिखाएं। हम लोग सीधे तौर पर इन मौतों को नोटबंदी से नहीं जोड़ सकते।’ इस पर केजरीवाल और भड़क उठे।
इसके बाद केजरीवाल ने सीधे कैमरे की तरफ देखते हुए कहा, ‘ये जनता देख रही है कि बीबीसी वाले कितने ईमानदार हैं। नोटबंदी के बाद देश में 55 लोग मर गए हैं और बीबीसी कह रहा है कि हम नोटबंदी से इन्हें डायरेक्ट नहीं जोड़ सकते है। यह इनकी ईमानदार पत्रकारिता है।’
जब रिपोर्टर ने दखल देने की कोशिश की तो केजरीवाल और ज्यादा आग बबूला हो गए। उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि रिपोर्टर कह रहा है कि मौतों को नोटबंदी से नहीं जोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा, ‘मुझे शर्म आती है कि आप जैसे पत्रकार ये कहते हैं कि उसको लिंक नहीं किया जा सकता। लोग मर रहे हैं, बिजनेस ठप हो गया, लोगों के पास खाने के लिए घरों में कुछ नहीं है और आप कह रहे हैं कि अभी उसकी जांच नहीं हुई।’
तभी इंटरव्यू लेने वाले रिपोर्टर ने कहा कि ‘आप’ के एक सांसद बीबीसी के दफ्तर आए थे, जब उनसे पूछा गया कि क्या आप नोट निकालने के लिए लाइन में लगे थे तो उन्होंने कहा कि उनका ड्राइवर उनके पैसे निकालकर लाया था। केजरीवाल ने जवाब दिया, ‘हां तो? आप क्या साबित करना चाहते हैं? कि 55 लोग नहीं मरे।’
जब रिपोर्टर ने पूछा कि जो इस कदम की तारीफ कर रहे हैं उन्हें नजरअंदाज कैसे किया जा सकता है, तब केजरीवाल ने रिपोर्टर से ही सवाल किया यह कदम किस तरह से फायदेमंद है? उन्होंने कहा, ‘धनवान लोगों को इस कदम से कोई तकलीफ नहीं हो रही है। जनार्दन रेड्डी, खनन घोटाले में जिनका नाम आया था उनके परिवार में एक शादी थी। मीडिया के मुताबिक, उस शादी में 500 करोड़ रुपए खर्च किए गए। उन तक यह रकम कैसे पहुंची। इसका मतलब धनवानों के घर पर कैश पहुंचाया जा रहा है। वे लोग लाइनों में नहीं खड़े हैं।’
साथ ही केजरीवाल ने कहा कि लोगों को देशभक्ति के नाम पर मूर्ख बनाया जा रहा है। जब रिपोर्टर ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि ये आरोप केजरीवाल का है, तो केजरीवल एक बार फिर पत्रकार पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि आपको इस मुद्दे को ‘हल्का’ नहीं बनाना चाहिए। अगर आप इंटरव्यू करना चाहते हैं तो इसे ढंग से करें।’
यहां देखें विडियो:
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स