होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / BARC रेटिंग्स के आंकड़ों को लेकर अब जारी हुई ये एडवाइजरी
BARC रेटिंग्स के आंकड़ों को लेकर अब जारी हुई ये एडवाइजरी
देश भर में 'टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (TRAI) के नए टैरिफ ऑर्डर...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
देश भर में 'टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (TRAI) के नए टैरिफ ऑर्डर लागू किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ‘इंडियन सोसायटी ऑफ एडवर्टाइजर्स’ (ISA) की एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने अपने सदस्यों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। चार फरवरी को जारी इस एडवाइजरी में कहा गया है कि मीडिया प्लानिंग और आकलन के लिए कम से कम छह हफ्तों तक 'ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल' (BARC) इंडिया के व्युअरशिप डाटा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। माना जा रहा है कि ट्राई के इस नए टैरिफ ऑर्डर का देशभर के डिस्ट्रीब्यूशन और ब्रॉडकास्ट परिदृश्य पर काफी असर पड़ेगा।
एडवाइजरी के अनुसार, ‘ISA’ का कहना है कि नए टैरिफ ऑर्डर लागू होने के बाद व्युअरशिप के आंकड़ों में काफी उलटफेर होगी। ऐसे में इनकी गणना करना काफी कठिन होगा। पत्र में कहा गया है कि नए टैरिफ ऑर्डर लागू होने के बाद डाटा को स्थिर होने में कम से कम छह हफ्ते लगेंगे।
इस एडवाइजरी में ‘ISA’ के चेयरमैन सुनील कटारिया का कहना है, ‘ट्राई ने नया टैरिफ ऑर्डर लागू किया है, इसके परिणामस्वरूप फिलहाल यह अनुमान लगाना बहुत मुश्किल है कि इसका क्या प्रभाव पड़ेगा। चूंकि ट्राई का नया टैरिफ ऑर्डर पूरे देश के लिए है, ऐसे में यह भी ध्यान रखना है कि विभिन्न क्षेत्रों में इसका अलग-अलग प्रभाव होगा।’
इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि नए टैरिफ नियमों से पहले और बाद में डाटा में सामान्य से काफी अंतर होगा और यह अप्रत्याशित भी होगा, ऐसे में कुछ अवधि के दौरान मूल्यांकन के काम को नजरअंदाज किया जाना चाहिए। चेयरमैन ने यह भी कहा है कि ‘ISA’ इसके लिए ‘BARC’ के साथ मिलकर काम करेगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्लानिंग और इस्तेमाल के लिए डाटा स्थायी और उपयोगी हो गए हैं।
गौरतलब है कि ट्राई ने नए नियमों के तहत कंज्यूमर को अपने पसंद के चैनल चुनने का अधिकार दिया है और जिन चैनलों को दर्शक देखना चाहेंगे, उन्हीं के लिए भुगतान करना होगा।
टैग्स टैरिफ ऑर्डर टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया बार्क इंडियन सोसायटी ऑफ एडवर्टाइजर्स