होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार आदित्य द्विवेदी ने जॉइन किया ‘भारत एक्सप्रेस’, संभालेंगे यह जिम्मेदारी
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य द्विवेदी ने जॉइन किया ‘भारत एक्सप्रेस’, संभालेंगे यह जिम्मेदारी
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य द्विवेदी अब जाने-माने पत्रकार उपेंद्र राय के नेतृत्व में लॉन्च हो रहे न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ जुड़ गए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य द्विवेदी ने ‘दैनिक भास्कर’ में अपनी पारी को विराम दे दिया है और अब जाने-माने पत्रकार उपेंद्र राय के नेतृत्व में लॉन्च हो रहे न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ जुड़ गए हैं, जहां उन्होंने सीनियर स्पेशल कॉरेसपॉन्डेंट के तौर पर जॉइन किया है। वह यहां दिल्ली-एनसीआर देखेंगे और पॉलिटिकल बीट कवर करेंगे।
बता दें कि आदित्य द्विवेदी अभी तक ‘दैनिक भास्कर’ कानपुर में स्पेशल कॉरेसपॉन्डेंट के तौर पर जुड़े हुए थे। इससे पहले वह ‘न्यूज1इंडिया’ में कार्यरत थे, जहां उन्होंने लखनऊ में कुछ महीनों तक संपादकीय प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली थी।
मूल रूप से कानपुर के रहने वाले आदित्य द्विवेदी को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है और वह प्रिंट, टीवी व डिजिटल तीनों में काम कर चुके हैं। आदित्य ने वर्ष 2000 में कानपुर में ‘जनसत्ता’ के साथ अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी। करीब चार साल यहां काम करने के बाद वह वर्ष 2004 में बतौर कानपुर हेड ऑनलाइन चैनल ‘ABC’ के साथ जुड़ गए थे। करीब तीन साल बाद उन्होंने यहां से बाय बोलकर वर्ष 2007 में ‘सहारा अखबार’ जॉइन कर लिया। वर्ष 2010 में उन्होंने अखबार से टीवी का रुख किया और ‘सहारा टीवी’ में बतौर ब्यूरो चीफ अपनी जिम्मेदारी संभाली।
करीब सात साल तक ‘सहारा टीवी’ में अपनी भूमिका निभाने के बाद उन्होंने वेब पोर्टल ‘समाज’ के साथ नई शुरुआत की और बतौर हेड (हिंदी और अंग्रेजी) यहां जॉइन कर लिया। इसके बाद जनवरी 2020 में वे वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री के नेतृत्व में लॉन्च हुए न्यूज चैनल ‘R9’ से जुड़ गए थे, जहां से उन्होंने सितंबर, 2020 में इस्तीफा दे दिया था। ‘R9’ में स्पेशल करेसपॉन्डेंट के पद पर वह लखनऊ में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे और कई महत्वपूर्ण विभागों की बीट उनके पास थी। इसके बाद उन्होंने ‘न्यूज1इंडिया’, लखनऊ में बतौर संपादकीय प्रभारी अपनी पारी की शुरुआत की थी, जहां से इस्तीफा देकर अब वह ‘दैनिक भास्कर’ के साथ जुड़ गए थे।
समाचार4मीडिया की ओर से आदित्य द्विवेदी को उनकी नई पारी के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
टैग्स वरिष्ठ पत्रकार आदित्य द्विवेदी भारत एक्सप्रेस