होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पद्म पुरस्कार की घोषणा: विज्ञापन जगत के दिग्गज स्व. पीयूष पांडे का नाम विजेताओं में शामिल
पद्म पुरस्कार की घोषणा: विज्ञापन जगत के दिग्गज स्व. पीयूष पांडे का नाम विजेताओं में शामिल
देश के मशहूर और दिग्गज विज्ञापन प्रोफेशनल स्वर्गीय पीयूष पांडे को इस साल पद्म भूषण सम्मान से मरणोपरांत नवाजा जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
देश के मशहूर और दिग्गज विज्ञापन प्रोफेशनल स्वर्गीय पीयूष पांडे को इस साल पद्म भूषण सम्मान (मरणोपरांत) के लिए चुना गया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित पद्म पुरस्कारों में उनके नाम का ऐलान किया गया। पीयूष पांडे को भारतीय विज्ञापन और ब्रैंड कम्युनिकेशन की दुनिया में उनके अतुलनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया जाएगा। उन्हें भारतीय विज्ञापन जगत की सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में गिना जाता है।
इस साल पद्म विभूषण सम्मान में भी पांच लोगों का नाम मरणोपरांत शामिल किया गया है। इनमें मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन शामिल हैं। इसके अलावा के टी थॉमस (पब्लिक अफेयर्स), प्रसिद्ध शास्त्रीय वायलिन वादक एन राजम (कला) और पी नारायणन (साहित्य और शिक्षा) को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
पद्म भूषण पाने वालों की सूची में पीयूष पांडे के अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, अमेरिका में कार्यरत डॉक्टर डॉ. नोरी दत्तात्रेयुडु, बैंकर उदय कोटक, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद वी के मल्होत्रा, अभिनेता ममूटी, गायिका अलका याग्निक और केरल के सामाजिक नेता व एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेशन का नाम भी शामिल किया गया है।
वहीं पद्म श्री सम्मान पाने वालों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, पूर्व पुरुष क्रिकेट टीम कप्तान रोहित शर्मा, यूजीसी के पूर्व चेयरमैन और जेएनयू के पूर्व कुलपति ममिदाला जगदीश कुमार, वरिष्ठ अभिनेता सतीश शाह (मरणोपरांत), महिला हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया और अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे नाम शामिल हैं।
इस साल के पद्म पुरस्कारों में कुल 19 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 6 पुरस्कार विदेशी नागरिकों, एनआरआई, पीआईओ या ओसीआई को जाएंगे। कुल 16 पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में उनका उत्कृष्ट काम, समर्पण और सेवा समाज को मजबूत बनाती है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
टैग्स