होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / एनयूजेआई स्थापना दिवस पर ‘जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन फोरम’ का गठन
एनयूजेआई स्थापना दिवस पर ‘जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन फोरम’ का गठन
दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में एनयूजे (इंडिया) के 54वें स्थापना दिवस पर पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए ‘जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन फोरम’ के गठन की घोषणा की गई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन की ओर से नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 7, जंतर मंतर रोड स्थित कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां वसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजा भी संपन्न कराई गई।
इस मौके पर आयोजित संगोष्ठी में मीडिया जगत की बदलती परिस्थितियों और पत्रकारों के सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में एनयूजे (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने ‘जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन फोरम’ के गठन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह फोरम जर्नलिस्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेगा।
रास बिहारी ने कहा कि बदलते मीडिया माहौल में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कानूनों का अभाव है, जिससे उनके खिलाफ घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में यह फोरम समस्याओं की पहचान कर समाधान की दिशा में काम करेगा। संगोष्ठी की अध्यक्षता दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने की। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पत्रकारों और पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर संगठन से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।
टैग्स