होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / भोपाल में शुरू हुआ NSS राज्य स्तरीय सम्मेलन, संवाद से समाधान पर जोर
भोपाल में शुरू हुआ NSS राज्य स्तरीय सम्मेलन, संवाद से समाधान पर जोर
भोपाल में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) सम्मेलन 2026 का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में युवाओं की सामाजिक भागीदारी, संवाद आधारित समाधान और स्वयंसेवकों की भूमिका पर चर्चा की गई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) सम्मेलन 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। युवाओं की ऊर्जा को अनुशासन और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय “संवाद से समाधान” रखा गया है। यह सम्मेलन क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल द्वारा डॉ. अशोक कुमार श्रोती (क्षेत्रीय निदेशक, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में अनुपम राजन ने NSS स्वयंसेवकों की कार्यप्रणाली और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के इतिहास में अब तक NSS स्वयंसेवकों के कारण कभी कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई, जो उनके संस्कार और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सम्मेलन के तकनीकी सत्र में मध्य प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों के कार्यक्रम समन्वयकों ने भाग लिया। उन्होंने पावरपॉइंट प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने-अपने विश्वविद्यालयों में संचालित सामाजिक गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी दी। इस दौरान गोद लिए गए गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कार्यों, आपदा प्रबंधन, मतदान जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण में स्वयंसेवकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
साथ ही आगामी सत्र के लिए संवाद आधारित सामुदायिक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। आयोजकों के अनुसार इस सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है। NSS के स्वयंसेवक प्रदेश में सेवा और अनुशासन की मजबूत पहचान बना रहे हैं।
टैग्स