होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / NBA ने MIB से की प्रोत्साहन पैकेज की मांग, जारी की बकाया राशि की लिस्ट
NBA ने MIB से की प्रोत्साहन पैकेज की मांग, जारी की बकाया राशि की लिस्ट
टेलिविजन प्रसारण कंपनियों के संगठन ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (एनबीए) ने केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को एक पत्र लिखा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
टेलिविजन प्रसारण कंपनियों के संगठन ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (एनबीए) ने केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में ‘एनबीए’ ने ‘विज्ञापन और दृश्य प्रचार निदेशालय’ (डीएवीपी) व राज्यों के स्वामित्व वाली अन्य इकाइयों से उनके विज्ञापन बिलों का भुगतान कराने के साथ ही न्यूज ब्रॉडकास्टर्स के लिए प्रोत्साहन पैकेज की मांग उठाई है।
‘एनबीए’ के प्रेजिडेंट और ‘इंडिया टीवी’ के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा की ओर से लिखे गए इस पत्र में कहा गया है, ‘जैसा कि आप जानते हैं कि कोरोनावायरस (कोविड-19) के कारण न्यूज ब्रॉडकास्टर्स तमाम आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इस वायरस का संक्रमण न फैले, इसके लिए न्यूज ब्रॉडकास्टर्स द्वारा तमाम एहतियाती कदम उठाए गए हैं। अपने स्टाफ की सुरक्षा के लिए इन संस्थानों में सोशल डिस्टैंसिंग का पालन किया जा रहा है, वहीं कई अन्य जरूरी कदम भी उठाए गए हैं। ऐसे में न्यूज ब्रॉडकास्टर्स के खर्च में काफी बढ़ोतरी हो गई है।’
उन्होंने लिखा है न्यूज ब्रॉडकास्टर्स का मुख्य स्रोत विज्ञापन है और कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के कारण आवागमन पर रोक के चलते ब्रॉडकास्टर्स बहुत ही आर्थिक दबाव में हैं। पत्र में रजत शर्मा ने इस बात का भी जिक्र किया कि विज्ञापन एजेंसियां भुगतान के लिए ज्यादा समय मांग रही है और उधार की अवधि 60 दिन से और अधिक बढ़ाए जाने का दबाव बना रही हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि बड़े चैनलों तक के विज्ञापन भी काफी कम हो गए हैं। विज्ञापन की बुकिंग कम हो गयी है। पहले की बुकिंग रद्द हो रही हैं। विज्ञान की वसूली में बकाया बढ़ रहा है। आने वाले समय में भी इस स्थिति से निपटना काफी चुनौतीपूर्ण दिखाई दे रहा है।
इस पत्र में रजत शर्मा ने कहा है, ‘इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए हमारा सुझाव है कि ब्रॉडकास्ट मीडिया के लिए सूचना प्रसारण मंत्रालय एक प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा करे। सरकारी विज्ञापनों (DAVP) के रेट में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाए। कोविड-19 महामारी के बारे में डीएवीपी के द्वारा निजी सैटेलाइट चैनल्स के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकारी मंत्रालयों के बजट में वृद्धि की जाए।’
पत्र में यह भी कहा गया है कि विज्ञापन की मद में एनबीए सदस्यों का विभिन्न मंत्रालयों पर लगभग 644987733 रुपए बकाया है। इसका भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। सूचना प्रसारण मंत्रालय पर ही एनबीए के सदस्यों का करीब 86225333 रुपए बकाया है।
पत्र में सूचना प्रसारण मंत्री से मांग की गई है कि वह विभिन्न मंत्रालयों पर बकाया इस राशि का भुगतान करने के लिए डीएवीपी को निर्देश दें, ताकि न्यूज ब्रॉडकास्टर्स को कुछ राहत मिल सके। गौरतलब है कि एनबीए भारत में चौबीसों घंटे समाचार का प्रसारण करने वालों का संगठन है। 27 प्रसारक इसके सदस्य हैं और वे 77 चैनल्स का प्रतिनिधित्व करते हैं।
पत्र के साथ एनबीए की ओर से विभिन्न मंत्रालयों पर बकाया राशि की लिस्ट भी भेजी गई है, जिसे आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स रजत शर्मा प्रकाश जावड़ेकर न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन