होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानें, क्यों चर्चा का विषय बनी है NBT की वेबसाइट पर चल रही ये खबर?
जानें, क्यों चर्चा का विषय बनी है NBT की वेबसाइट पर चल रही ये खबर?
हिंदी पत्रकारिता दिवस को लेकर नवभारत टाइम्स ऑनलाइन की टीम ने अपनी वेबसाइट पर चलाई थी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम की खबर
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
ऑनलाइन जर्नलिज्म में कंटेंट को लेकर क्या उतनी ही सतर्कता बरती जाती है, जितनी कि सामान्य पत्रकारिता में? यह सवाल अक्सर पूछा जाता है। वक़्त-वक़्त पर होने वाली गलतियां या जल्दबाजी के चलते हुई चूक इस सवाल को और भी पुख्ता कर देती हैं। नवभारत टाइम्स डॉट कॉम पर भी फ़िलहाल एक ऐसी खबर चल रही है, जिससे इस सवाल को बल मिलता है।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नवभारत की टीम ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम की खबर को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित किया, लेकिन उसे संपादित करना भूल गई। संपादित से आशय केवल गलती सुधार से ही नहीं है, खबर के संबंध में जो निर्देश दिए गए थे, उन्हें भी हटाने की ज़हमत नहीं उठाई गई। संभव है कि खबर के ऑटो-अपलोड का कोई विकल्प मौजूद हो, लेकिन यदि ऐसा है भी तो क्या खबर भेजने वाली टीम को पता नहीं है कि यदि निर्देशों के साथ खबर भेजी जाएगा, तो वे वैसी ही पब्लिश हो जाएगी। मामला जो भी है, लापरवाही तो किसी न किसी की है ही।
‘मीडिया की विश्वसनीयता पर हुई चर्चा’ शीर्षक तले प्रकाशित समाचार में ऊपर ही निर्देश लिए हैं। जैसे कि फोटो के साथ मस्ट, किसी का नाम नहीं कटेगा। यह निर्देश डेस्क पर मौजूद संपादकीय सहयोगी या अपलोड करने वाले व्यक्ति को दिए जाते हैं और यह केवल उसी के लिए होते हैं। लेकिन नवभारत टाइम्स ने इन निर्देशों को अपने पाठकों के सामने भी परोस दिया। इसे भले ही मामूली चूक कहा जा सकता है, मगर चूक तो है और यह दर्शाती है कि ऑनलाइन जर्नलिज्म में ख़बरों को लेकर सतर्कता और गंभीरता बढ़ाये जाने की ज़रूरत है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की तरह यहां भी ‘ब्रेक’ बहुत मायने रखता है। पहले खबर ब्रेक करने वाला खुद को सबसे तेज बता सकता है, लेकिन इस तरह की सामान्य ख़बरों में ब्रेक करने की जल्दबाजी और दबाव भी शामिल नहीं होता, फिर बिना संपादन के उनका प्रकाशित होना क्या साबित करता है? क्या यही कि ऑनलाइन जर्नलिज्म में सामान्य पत्रकारिता की तरह कंटेंट को लेकर सतर्कता नहीं बरती जाती।
नवभारत टाइम्स डॉट काम की खबर आप यहां क्लिक कर भी देख सकते हैं-
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स नवभारत टाइम्स खबर में गलती नवभारत टाइम्स डॉट कॉम