होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार को भारी पड़ गया महिला का इंटरव्यू, हुआ ये सलूक
पत्रकार को भारी पड़ गया महिला का इंटरव्यू, हुआ ये सलूक
बाद में मामला बढ़ने पर बार एसोसिएशन से जुडे पदाधिकारियों ने खेद जताकर किसी तरह स्थिति को संभाला
पंकज शर्मा 6 years ago
महिला पत्रकार को रिपोर्टिंग के दौरान उस समय काफी अप्रिय स्थिति का सामना करना पड़ा, जब विरोध-प्रदर्शन कर रहे कुछ वकीलों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। यह मामला पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का है, जहां पर महिला पत्रकार किसी पीड़िता का इंटरव्यू कर रही थी।
दरअसल, राज्य कर्मचारियों के सेवा संबंधी मामलों के लेकर हरियाणा प्रशासनिक न्यायाधिकरण की स्थापना के खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने करीब 13 दिनों से काम बंद कर रखा है। ऐसे में वादियों की कोर्ट में सुनवाई नहीं हो पा रही है। हड़ताल के कारण फरियादियों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। कोर्ट में जिनकी पेशी है, वे पेश भी नहीं पो पा रहे हैं, क्योंकि उन्हें हाई कोर्ट में प्रवेश ही नहीं करने दिया जा रहा है। दो दिन पूर्व ही यहां एक वकील और हाई कोर्ट के एक अधिकारी के बीच भी विवाद हो गया था।
महिला पत्रकार के साथ यह घटना भी उसी दौरान हुई, जब एक महिला अपने परिजनों को सुरक्षा देने की गुहार लगाने हाई कोर्ट पहुंची थी, लेकिन कुछ वकीलों ने उसे अंदर नहीं घुसने दिया। इस पर उसने आत्महत्या की धमकी दे दी, जिस पर पत्रकार ने एंट्री गेट के पास उस महिला का इंटरव्यू करने का प्रयास शुरू कर दिया। यह देखकर हंगामा कर रहे वकीलों ने महिला पत्रकार से भी दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। इस पर महिला पत्रकार ने पुलिस को बुला लिया। हालांकि बाद में मामला बढ़ने पर बार एसोसिएशन से जुडे पदाधिकारियों ने खेद जताकर किसी तरह स्थिति को संभाला।
टैग्स महिला पत्रकार पत्रकार से दुर्व्यवहार पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट