होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / डीडी न्यूज की नई उड़ान: सुधीर चौधरी के ‘डिकोड’ ने पार किए 30 करोड़ व्यूज
डीडी न्यूज की नई उड़ान: सुधीर चौधरी के ‘डिकोड’ ने पार किए 30 करोड़ व्यूज
पब्लिक सर्विस ब्रॉडकास्टिंग के प्रमुख प्राइम-टाइम शो ‘डिकोड विद सुधीर चौधरी’ ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर 300 मिलियन (30 करोड़) व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
पब्लिक सर्विस ब्रॉडकास्टिंग के प्रमुख प्राइम-टाइम शो ‘डिकोड विद सुधीर चौधरी’ ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर 300 मिलियन (30 करोड़) व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। यह आंकड़ा न सिर्फ शो की सफलता का प्रतीक है, बल्कि एक बेहद कम समय में हासिल की गई बड़ी उपलब्धि भी है।
इस मील के पत्थर की घोषणा खुद वरिष्ठ पत्रकार और शो के होस्ट सुधीर चौधरी ने की। उन्होंने दर्शकों का आभार जताते हुए इसे “सच और स्पष्टता की एक मुहिम” बताया।
15 मई 2025 को लॉन्च हुए इस शो को 'डीडी न्यूज' पर खबरों की प्रस्तुति की परंपरा को नए सिरे से परिभाषित करने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
डिकोड ने पहले ही महीने में मचाया धमाल
अपने पहले ही महीने में 'डिकोड' ने यूट्यूब पर 2.39 करोड़ व्यूज हासिल किए, जो 'डीडी न्यूज' की मासिक यूट्यूब व्युअरशिप का लगभग 49% था। साथ ही, शो को 14.8 करोड़ इंप्रेशंस मिले, जो चैनल की कुल डिजिटल पहुंच का 68% हिस्सा रहा। मई महीने में इस शो के कारण 'डीडी न्यूज' यूट्यूब चैनल को 4.53 लाख से ज्यादा नए सब्सक्राइबर मिले, जो किसी भी सरकारी प्रसारक के लिए रिकॉर्ड है।
सपाट जॉनर में गहराई से विश्लेषण करता है शो
‘डिकोड विद सुधीर चौधरी’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी सीधी, विश्लेषणात्मक शैली है जो राष्ट्रीय सुरक्षा, भू-राजनीति, नीति बहसों और सामाजिक मुद्दों जैसे जटिल विषयों को सरलता से आम दर्शकों के सामने रखती है। अप्रैल में 'डीडी न्यूज' से जुड़ने वाले सुधीर चौधरी अपने दशकों के अनुभव और विशिष्ट स्टोरीटेलिंग के लिए जाने जाते हैं और यही अंदाज दर्शकों के साथ गहराई से जुड़ता नजर आ रहा है।
सिर्फ शो नहीं, बल्कि एक डिजिटल रणनीति की सफलता
‘डिकोड’ की सफलता यह साबित करती है कि यह सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि डिजिटल युग में एक सरकारी प्रसारक के लिए रणनीतिक बदलाव का प्रतीक है। जिस तरह से यह कार्यक्रम तेजी से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुआ है, वह सार्वजनिक प्रसारण के भविष्य को लेकर एक नया भरोसा जगाता है।
'डीडी न्यूज' जैसे पारंपरिक मंच के लिए यह सफलता न सिर्फ दर्शकों की बदली हुई प्राथमिकताओं को समझने का प्रमाण है, बल्कि इस बात का भी कि सही कंटेंट, प्रस्तुति और दृष्टिकोण के साथ कोई भी मंच डिजिटल स्पेस में नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
टैग्स