होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / Amazon MX Player पर जल्द आएगी नई सीरीज ‘अब होगा हिसाब’
Amazon MX Player पर जल्द आएगी नई सीरीज ‘अब होगा हिसाब’
Amazon की फ्री वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस Amazon MX Player ने अपनी आने वाली नई वेब सीरीज ‘अब होगा हिसाब’ का ऐलान कर दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
एमेजॉन (Amazon) की फ्री वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस Amazon MX Player ने अपनी आने वाली नई वेब सीरीज ‘अब होगा हिसाब’ का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज पंजाब की पृष्ठभूमि में बनी है और इसमें महत्वाकांक्षा, भाईचारे और बेहतर जिंदगी की तलाश में होने वाले पलायन की कहानी दिखाई जाएगी। यह शो कुछ हद तक सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया जा रहा है।
सीरीज की कहानी दो भाइयों बॉबी और बंटी मनोचा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी एक बड़े और चौंकाने वाले हादसे के बाद पूरी तरह बदल जाती है। यह घटना उन्हें ताकत, लालच और जिंदा रहने की जंग से भरी एक खतरनाक दुनिया में धकेल देती है, जहां हर कदम पर जोखिम है और हर फैसले की कीमत चुकानी पड़ती है।
शो के अनाउंसमेंट प्रोमो में इसकी सख्त और गंभीर दुनिया की झलक मिलती है। प्रोमो बदले, दबदबे और पुराने गुनाहों के हिसाब की कहानी को मजबूती से सामने रखता है। इसमें संजय कपूर को गोल्डी सेखों के रोल में दिखाया गया है, जो एक निर्दयी और ताकतवर किरदार है और वक्त से पहले वार करने में भरोसा रखता है। शाहीर शेख बॉबी मनोचा की भूमिका में नजर आएंगे, जो हालात से टूट चुका है, जबकि मौनी रॉय कामना के किरदार में दिखाई देंगी, जो ताकत की असली कीमत समझने वाली एक चालाक और तेज दिमाग महिला है। प्रोमो में सुनाई देने वाली लाइन “गुनाहों का और कर्मों का… अब होगा हिसाब” पूरी सीरीज के मूड को तय करती है।
इस सीरीज को Arré Studio ने प्रोड्यूस किया है और इसका निर्देशन दिव्यांशु मल्होत्रा ने किया है। शो में संजय कपूर, शाहीर शेख और मौनी रॉय के अलावा अविनाश मिश्रा, निमृत कौर अहलूवालिया, हरमन सिंघा और अशीमा वरदान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सभी कलाकारों ने कहानी में भावनात्मक गहराई और तीव्रता जोड़ी है।
Amazon MX Player के डायरेक्टर और हेड ऑफ कंटेंट अमोग दुसाद ने कहा कि उनका फोकस ऐसी कहानियां दिखाने पर है जो जमीन से जुड़ी और सच्ची लगें। उनके मुताबिक, ‘अब होगा हिसाब’ दमदार अभिनय, गहरी भावनाओं और सच्चे अनुभवों से प्रेरित कहानी के साथ दर्शकों को बांधे रखने वाली सीरीज है, जिसे वे पूरे देश के दर्शकों तक मुफ्त में पहुंचाने को लेकर उत्साहित हैं।
वहीं, शाहीर शेख ने कहा कि यह शो भावनाओं और तीव्रता से भरा हुआ है और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि कहानी की सोच, सेट का माहौल और मजबूत लेखन इसे एक अलग पहचान देता है।
संजय कपूर का कहना है कि उन्हें इस शो की सच्चाई और मुश्किल हालात में इंसानी भावनाओं को दिखाने का तरीका बेहद पसंद आया। उनके मुताबिक, कहानी में एक अलग तरह की गंभीरता और सच्चापन है, जो इसे प्रभावशाली बनाता है। मौनी रॉय ने भी कहा कि शो की दुनिया, उसके किरदार और कहानी की बारीकियां इसे चुनौतीपूर्ण और रोमांचक बनाती हैं।
Arré Studio के CEO नमित शर्मा ने बताया कि ‘अब होगा हिसाब’ उनके दिल के बेहद करीब है और इसे Amazon MX Player की टीम के साथ मिलकर खास तौर पर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि मजबूत किरदारों और भावनात्मक बदले की कहानी ने कलाकारों को इस प्रोजेक्ट की ओर खींचा।
‘अब होगा हिसाब’ जल्द ही Amazon MX Player पर बिल्कुल मुफ्त स्ट्रीम होगी। दर्शक इसे MX Player ऐप, Amazon Shopping ऐप, Prime Video, Fire TV और Airtel Xstream पर देख सकेंगे।
टैग्स